कोण्डागांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कोण्डागांव, 16 फरवरी। विकासखंड कोण्डागांव अंतर्गत चलका गांव के बाजार में सोमवार को गोली चलने की घटना सामने आई है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टिमरुगांव के पूर्व उप सरपंच को दो युवकों ने बाइक से पहुंचकर गोली मार दी। जिसके बाद मौके से फ रार हो गए। इस दौरान चली गोली बाजार पहुंची एक महिला व पुरुष को भी लगी। महिला को कोण्डागांव के जिला अस्पताल व युवक को नारायणपुर अस्पताल में दाखिल किया गया है। उपरोक्त मामला बेनूर थाने में दर्ज की गई।
जानकारी अनुसार, विकासखंड कोण्डागांव अंतर्गत ग्राम पंचायत टेमरुगांव का पूर्व उप सरपंच शत्रुघन कोर्राम अपने गृह ग्राम से एक किलोमीटर दूर चलका बाजार गया था। शाम 4-5 बजे के बीच भरे बाजार में शत्रुघन कोर्राम को अज्ञात दो बाइक सवार युवकों ने गोली मार कर हत्या का दी।
वहीं बाजार में व्यापारियों ने बताया कि, अज्ञात हमलावरों ने आकर अचानक पूर्व उप सरपंच शत्रुघन पर लात-घूसों से हमला कर सीने में चार गोली दाग दी। जिससे शत्रुघन कोर्राम की मौके पर मौत हो गई। घटना के दौरान चली गोली बाजार पहुंचीं एक महिला सहित एक युवक को भी लगी है, जिसमें महिला को कोण्डागांव के जिला अस्पताल में दाखिल किया गया है, वहीं घायल युवक को नारायणपुर अस्पताल ले जाया गया है। बेनूर टीआई ने बताया कि बाजार में हुई हत्या मामले में अज्ञात 2 युवकों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। जांच जारी है।