छत्तीसगढ़ » राजनांदगांव
17 हजार मतदाता चुनेंगे पार्षद, आदर्श आचार संहिता लागू
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 24 नवंबर। राज्य निर्वाचन आयोग ने राजनांदगांव जिले समेत प्रदेश के नगर निगमों और नगरीय निकायों के रिक्त वार्डों में उपचुनाव को लेकर तारीखों का ऐलान कर दिया है। राजनांदगांव जिले के दूसरे बड़े नगरीय निकाय खैरागढ़ नगर पालिका में भी चुनाव की तिथि तय कर दी गई है। इसी के साथ ही आदर्श आचार संहिता लागू हो गई है। राजनीतिक गतिविधियों पर अब राज्य निर्वाचन आयोग स्थानीय प्रशासन के जरिये नजर रखेगा।
राजनीतिक कार्यक्रमों से लेकर अन्य चुनावी संबंधी कार्यों के लिए आयोग की अनुमति बेहद जरूरी होगी। खैरागढ़ में निकाय चुनाव करीब दो साल के विलंब से होने जा रहा है। कोरोना महामारी के कारण राज्य निर्वाचन आयोग ने निकाय चुनाव कराने से इन्कार कर दिया था। इसी के साथ ही खैरागढ़ निकाय चुनाव का बिगुल बज गया है। खैरागढ़ में निकाय चुनाव कराने के ऐलान के साथ ही राजनीतिक दलों में सियासी उठापटक शुरू हो गई है। सत्तारूढ़ कांग्रेस और भाजपा के बीच ही सीधा मुकाबला होने का आसार है। हालांकि वहां तीसरी पार्टी की मौजूदगी का असर पडऩे की संभावना कम है। पिछले चुनाव में प्रत्यक्ष प्रणाली से अध्यक्ष और पार्षदों का चुनाव किया गया था। इस बार अप्रत्यक्ष प्रणाली होने के कारण अध्यक्ष का चुनाव पार्षद करेंगे। ऐसे में वार्डों में ही घमासान देखने को मिलेगा।
मिली जानकारी के मुताबिक खैरागढ़ के 20 वार्ड में कुल 17 हजार 94 मतदाता हैं। जिसमें 8 हजार 786 महिला और 8 हजार 308 पुरूष मतदाता हैं। इस संबंध में उप निर्वाचन अधिकारी वीरेन्द्र सिंह ने ‘छत्तीसगढ़’ को बताया कि प्रशासनिक तैयारी पूरी कर ली गई है। चुनाव आयोग के निर्देशानुसार संपन्न होंगे।
इधर 27 नवंबर से 3 दिसंबर तक नामांकन पत्र दाखिल किए जाएंगे। 4 दिसंबर को नामांकन पत्रों की जांच होगी। तत्पश्चात 6 दिसंबर को नाम वापसी के लिए भी आखिरी मौका होगा। इसके बाद 20 दिसंबर को मतदान होंगे। मतों की गिनती यानी 23 दिसंबर को नतीजे घोषित किए जाएंगे।
नांदगांव निगम के वार्ड नं. 17 में भी चुनाव
राजनांदगांव नगर निगम के वार्ड नं. 17 में भी पार्षद के खाली पड़े पद के लिए भी चुनाव आयोग ने मतदान की तिथि तय कर दी है। खैरागढ़ निकाय चुनाव के साथ ही वार्ड नं. 17 में चुनाव होंगे। करीब एक साल पूर्व श्रीमती शोभा सोनी के निधन से यह वार्ड रिक्त हो गया था। कोरोना के कारण यहां भी चुनाव नहीं हुए थे। भाजपा नेत्री शोभा सोनी ने कांग्रेस की रीना पटेल को अच्छे मतों से पराजित किया था। इस वार्ड में कुल 4952 मतदाता हैं। जिसमें जिसमें 2530 महिला और 2422 पुरूष मतदाता हैं। मिली जानकारी के मुताबिक समूचे जिले में खैरागढ़ नगर पालिका और राजनांदगांव नगर निगम के वार्ड नं. 17 को मिलाकर दो ही चुनाव होंगे।
शहरी सत्ता की जंग में भाजपा के पक्ष में माहौल-विक्रांत
खैरागढ़ निकाय चुनाव की रणभेरी बजने के बाद पहली प्रतिक्रिया में जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह ने कहा कि शहरी सत्ता की जंग में भाजपा के पक्ष में माहौल है। गुजरे 5 साल में कांग्रेस ने निकाय चुनाव में शासन करते कोई उल्लेखनीय कार्य नहीं किया। शहर की जनता को याद नहीं है कि तत्कालिन कांग्रेस अध्यक्ष ने विकास कार्य की दिशा में महत्वपूर्ण फैसला लिया हो। उन्होंने कहा कि पूर्व से व्यवस्थित संसाधनों को कांग्रेस के शासन में अव्यस्थित कर दिया गया। विकास के बजाय शहर का विनाश ही किया गया है।
भाजपा सरकार में भ्रष्टाचार के गढ़ खैरागढ़ में कांग्रेस की जीत तय-नवाज
कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष और जिला सहकारी बैंक अध्यक्ष नवाज खान ने दावा करते कहा कि भाजपा सरकार में खैरागढ़ एक भ्रष्टाचार का गढ़ रहा। जिसके चलते शहर का विकास थम गया था। पूर्व में हुए निकाय चुनाव में कांग्रेस जरूर सत्तासीन हुई, लेकिन उसका तीन साल का कार्यकाल राज्य में भाजपा के वजह से प्रभावित हुआ। श्री खान ने कहा कि खैरागढ़ के फतेह मैदान में घास लगाने के नाम पर 40 लाख रुपए फूंके गए। जिसकी जांच होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि खैरागढ़ की जनता बेहद समझदार और विकास पसंद सोंच रखती है। लिहाजा कांग्रेस सरकार के साथ मुख्यधारा में जुडक़र सर्वाधिक संख्या में पार्षदों का निर्वाचन करेगी। जिससे अध्यक्ष कांग्रेस का चुना जाना तय है। श्री खान ने कहा कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के कार्यकाल में खैरागढ़ को लगातार आर्थिक मदद दी जा रही है। भाजपा कांग्रेस के सामने चुनावी मुकाबले में टिकने की स्थिति में नहीं है।
अभिभावकों में जगी नई आशाएं
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 23 नवंबर। ग्रामीण क्षेत्रों और गरीब परिवार के बच्चों को कुछ कर दिखाने के जज्बे को उड़ान मिल रही है। शहर से लेकर सुदूर वनांचल क्षेत्र में रहने वाले बच्चे अब स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम स्कूल में पढ़ाई कर अपने हुनर को निखार रहे हैं।
अंग्रेजी माध्यम स्कूल में अपने बच्चों को पढ़ाने के लिए चिंतित रहने वाले अभिभावकों के बच्चों की अच्छी पढ़ाई के लिए नया अवसर मिला है। इससे उनके चेहरे पर खुशियां और मुस्कान आई है। गरीब वर्ग के परिवार और अंचल क्षेत्र में रहने वाले अभिभावक आर्थिक परिस्थिति के कारण अपने बच्चे को अंग्रेजी माध्यम स्कूल में दाखिला नहीं दिला सकते थे। उन अभिभावकों में नई आशाएं जगी है। अब उनके बच्चे अंग्रेजी माध्यम स्कूल में प्रवेश कर शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के प्रयासों से गरीब तथा ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले परिवारों के बच्चे अब उच्च शिक्षा में चयनित होने के लिए प्रारंभ से ही अंग्रेजी माध्यम विद्यालय में अपना कौशल विकास कर रहे हैं। जिससे आगामी समय में राष्ट्रीय स्तर की उच्च तकनीकी एवं प्रबंध की परीक्षाओं को पास कर प्रवेश कर सकते हैं।
अंग्रेजी माध्यम से बच्चों को शिक्षा दिलाने का अभिभावकों सपना पूरा हुआ है। बच्चों के लिए तरक्की के रास्ते खुलेंगे। शासन के प्रयासों से अब ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले विद्यार्थियों के जीवन को दिशा मिली है। गौरतलब है कि राजनांदगांव जिले में 9 स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय संचालित की जा रही है। जिला मुख्यालय राजनांदगांव, खैरागढ़, गंडई, छुईखदान, डोंगरगढ़, डोंगरगांव सहित सुदूर वनांचल क्षेत्र मोहला, मानपुर और अंबागढ़ चौकी में स्कूल संचालित हो रहे हैं।
इन स्कूलों में 3 हजार 878 विद्यार्थी शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं। स्कूल में बेहतर शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए सभी व्यवस्था की जा रही है। स्कूल में बच्चों के प्रायोगिक कौशल विकास के लिए अलग-अलग विषयों के लैब तैयार किए गए हैं। बच्चों को उपयुक्त अच्छी पुस्तकें प्राप्त हो इसके लिए लायब्रेरी की व्यवस्था की गई है।
कलेक्टर तारन प्रकाश सिन्हा की पहल पर स्कूल की दीवारों पर खैरागढ़ संगीत विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों द्वारा आकर्षक ज्ञान-विज्ञान से संबंधित पेटिंग की गई है, ताकि बच्चों की पढ़ाई में रूचि बढ़े। बच्चों को तकनीकी ज्ञान से जोडऩे के लिए कम्प्यूटर लैब बनाया गया है।
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 23 नवंबर। शासकीय हाईस्कूल एवं मिडिल स्कूल पेंड्री में संयुक्त रूप से भारत के प्रथम प्रधानमंत्री पं. जवाहरलाल नेहरू का जन्मदिन बाल दिवस के रूप में मनाया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि शाला विकास समिति अध्यक्ष जितेन्द्र कौशिक थे।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि एवं संस्था प्राचार्य अमिता पांडेय ने सर्वप्रथम पं. नेहरू के तैलचित्र पर माल्यार्पण व पूजा-अर्चना कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। तत्पश्चात मुख्य अतिथि एवं अतिथियों का स्वागत किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि श्री कौशिक ने कहा कि पं. नेहरू ने भारत की आजादी में अपना महत्वपूर्ण योगदान दिया एवं स्वतंत्र भारत के प्रथम प्रधानमंत्री बने, उन्हें बच्चों से बहुत प्रेम था। बच्चे उन्हें चाचा नेहरू के नाम से बुलाते थे। नेहरू का जन्मदिन 14 नवंबर को पूरे भारत वर्ष में बाल दिवस के रूप में मनाया जाता है।
इस अवसर पर हाईस्कूल द्वारा विज्ञान प्रदर्शनी, हस्तलिखित पुस्तिका प्रतियोगिता एवं बाल मेला का आयोजन किया गया। बाल मेला में बच्चों द्वारा विभिन्न व्यंजनों का निर्माण कर स्टाल लगाकर बिक्री किया गया। जिसमें अतिथियों, पालकों, शाला स्टाफ एवं बच्चों द्वारा विभिन्न निर्मित व्यंजनों का रसास्वादन किया गया। इस अवसर पर शाला विकास समिति सदस्य इशाक खान, गणेश सुपले, प्राचार्य अमिता पांडेय, मिडिल स्कूल की प्रधान पाठिका श्रीरंगे, स्टाफ हेमकुमारी देवांगन, संदीप चौबे, प्रवीण साव, वेदप्रकाश सिंह, हेमंत निर्लकर, भवानी शंकर साहू, कामिनी मानिकपुरी, रेणुका साहू सहित हाईस्कूल एवं मिडिल स्कूल के छात्र-छात्राएं एवं पालकों की उपस्थिति रही। कार्यक्रम में आभार प्रदर्शन संस्था प्राचार्य अमिता पांडेय एवं संचालन प्रवीण साव द्वारा किया गया।
राजनांदगांव, 23 नवंबर। जिले में संचालित सभी शासकीय-अशासकीय महाविद्यालय, विश्वविद्यालय, इंजीनियरिंग, मेडिकल, आईटीआई, पॉलिटेक्निक, कृषि, उद्यानिकी, फार्मेसी आदि के संस्था प्रमुख छात्रवृत्ति प्रभारी और संस्था में अध्ययनरत् अनुसूचित जनजाति, अनुसूचित जाति और अन्य पिछड़ा वर्ग के पात्र विद्यार्थियों के लिए वर्ष 2021-22 पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति (महाविद्यालय स्तर) के आवेदन 30 नवंबर तक कर सकते हैं।
पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति (महाविद्यालय स्तर) के आवेदन स्वीकृति और वितरण के लिए वेबसाईट द्धह्लह्लश्च://श्चशह्यह्लद्वड्डह्लह्म्द्बष्-ह्यष्द्धशद्यड्डह्म्ह्यद्धद्बश्च.ष्द्द.ठ्ठद्बष्.द्बठ्ठ/ पर ऑनलाईन प्रारंभ कर दी गई है। विद्यार्थियों के पंजीयन एवं संस्थाओं को प्रस्ताव, स्वीकृति लॉक करने के लिए विभाग द्वारा तिथि 10 दिसंबर 2021 तक निर्धारित की गई है। आर्डर लॉक करने की तिथि 20 दिसंबर 2021 तक निर्धारित की गई है। निर्धारित तिथि के बाद शिक्षा सत्र 2021-22 की पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति के लिए आवेदन स्वीकृत नहीं की जाएगी। छात्रवृत्ति के संबंध में विस्तृत जानकारी के लिए सहायक आयुक्त आदिवासी विकास राजनांदगांव कार्यालय में संपर्क किया जा सकता है।
राजनांदगांव, 23 नवंबर। जिला कांग्रेेस कमेटी अनुसूचित जाति विभाग के अध्यक्ष पंकज बांधव व सिद्धार्थ डोंगरे ने जारी विज्ञप्ति में कहा कि आगामी 26 नवंबर को दोपहर 2 बजे कांग्रेस भवन जयस्तंभ चौक में संविधान दिवस मनाया जाना प्रस्तावित है। कार्यक्रम में देश के संविधान की आन-बान, शान की रक्षा करने शपथ भी ली जाएगी। साथ ही बाबा साहेब अम्बेडकर द्वारा रचित संविधान पर विचार संगोष्ठी का आयोजन प्रस्तावित है।
राजनांदगांव, 23 नवंबर। कलेक्टर तारन प्रकाश सिन्हा की अध्यक्षता में आयोजित प्राचार्य समीक्षा बैठक के दौरान जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा दिए गए निर्देश एवं विद्यालय और विद्यार्थी विकास सूचकांक को शिखर तक ले जाने के लिए 25 नवंबर सुबह 11 बजे से कन्या शिक्षा परिसर अंबागढ़ चौकी में पालक-बालक-सम्मेलन 2021 का आयोजन किया गया है।
इस सम्मेलन में विद्यालय की सभी छात्राएं, उनके पालकगण तथा विभागीय अधिकारियों को आमंत्रित किया गया है। जिनकी उपस्थिति में संस्था एवं विद्यार्थी की उपलब्धियों एवं समस्याओं पर विचार-विमर्श किया जाएगा।
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 23 नवंबर। जन-जागरण पदयात्रा के आठवें दिन उत्तर ब्लॉक के 05, 11, 12, 13 में जन-जागरण पदयात्रा निकाली गई।
शहर कांग्रेस कमेटी के महामंत्री अमित चंद्रवंशी ने बताया कि 22 नवंबर को वार्ड क्र. 05 चिखली शीतला माता मंदिर प्रांगण से जन-जागरण पदयात्रा को वरिष्ठ विधायक, पूर्व मंत्री सत्यनारायण शर्मा द्वारा कांग्रेस का झंडा दिखाकर रवाना किया गया। इस दौरान पूर्व मंत्री श्री शर्मा ने वार्डवासी मुकेश साहू, हितेन्द्र यादव से पेट्रोल, डीजल, गैस व आवश्यक सामानों में बढ़ती महंगाई के संबंध में चर्चा की। वहीं प्रदेश की भूपेश सरकार की लोकहितकारी योजनाओं के बारे में जानकारी ली। तत्पश्चात जन-जागरण पदयात्रा चिखली वार्ड का भ्रमण करते स्टेशनपारा वार्ड क्रमांक 11, 12 व 13 गौरीनगर वार्ड का भ्रमण कर पदयात्रा का समापन हुआ। पदयात्रा में कांग्रेसियों ने मोदी सरकार के खिलाफ नारे लगाए।
पदयात्रा में मन्ना यादव, श्रीकिशन खंडेलवाल, हेमा देशमुख, सुदेश देशमुख, रूपेश दुबे, नरेश शुक्ला, महेन्द्र शर्मा, झम्मन देवांगन, आसिफ अली, सूर्यकांत जैन, फिरोज अंसारी, सिद्धार्थ डोंगरे, विनय झा, समद खान, शरद पटेल, दुलारी साहू, महेश साहू, ऋषि शास्त्री, गणेश पवार, मामराज अग्रवाल, प्रभात गुप्ता, शरद खंडेलवाल, विकास गजभिये समेत अन्य कांग्रेसी शामिल थे।
राजनांदगांव, 23 नवंबर। शिवनाथ नदी में प्रतिवर्षानुसार तीन दिवसीय मेले के अंतिम दिवस आयोजित सम्मान समारोह में श्री शिवनाथ क्षेत्रीय विकास समिति द्वारा वर्ष 2021 की सर्वश्रेष्ठ साहित्यिक कृति शिवनाथ एक सांस्कृतिक यात्रा के लिए स्व. डॉ. गणेश खरे की पत्नी डॉ. श्रीदेवी खरे को शिवनाथ रत्न पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
समारोह में डॉ. श्रीमती खरे के सपरिवार आगमन पर मेला स्थल के सांस्कृतिक मंच पर उनका स्वागत समिति के पदाधिारियों ने किया। इस दौरान समिति अध्यक्ष डॉ. डीसी जैन ने कहा कि पूर्व प्राचार्य डॉ. खरे बहुमुखी प्रतिभा के धनी थे। उन पर माता सरस्वती का वरदहस्त था। शिक्षा के क्षेत्र में उनका बहुमूल्य योगदान अविस्मरणीय रहेगा। उन्होंने साहित्य की विविध विधाओं पर अनेक ग्रंथों की रचना की। उन्होंने कहा कि साहित्य के क्षेत्र में सर्वश्रेष्ठ रचनाकार को समिति द्वारा चयन किए गए लेखक को प्रतिवर्ष स्व. ममता जैन सुपुत्री डॉ. सी. जैन स्मृति में शिवनाथ रत्न पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। इस दौरान समिति के अमलेन्दु हाजरा व डॉ. श्रीदेवी खरे ने अपने विचार रखे।
इस अवसर पर कोमल सिंह, डॉ. ओमकार श्रीवास्तव, केके द्विवेदी, कचरू प्रसाद शर्मा, दुरपद निषाद, रामकुमार देवांगन, राजकुमार शर्मा, मनीष अग्रवाल, किशोर देवांगन, विजय हरिहारनो, गुरूमुख वाधवा, अकील कुरैशी, डॉ. पे्रमशंकर रेड्डी, नाथूराम सिन्हा, राजेश शर्मा , रमेश कुमार निगम समेत अन्य लोग शामिल थे। उक्त जानकारी अमलेन्दु हाजरा ने दी।
राजनांदगांव, 23 नवंबर। वैष्णव समाज ने डोंगरगांव करियाटोला निवासी रामबाई वैष्णव के निधन पर गत् दिनों श्रद्धांजलि अर्पित की। शोकसभा में लाल किरण किशोर वैष्णव, त्रिवेणी दास वैष्णव, कृष्ण कुमार वैष्णव, प्रद्युुम्र वैष्णव, हरगोविंद दास वैष्णव, श्रीकांत वैष्णव, सरपंच कमल वैष्णव, दद्दु वैष्णव, रोहिणी वैष्णव, रोशनदास वैैष्णव, गिरधारी वैष्णव, संजय वैैष्णव, लल्ला, जितेन्द्र किशोर वैष्णव, लक्की देवशीष वैष्णव, संतोष वैष्णव, प्रताप वैष्णव, प्रकाश वैष्णव, ईश्वर वैष्णव सहित बड़ी संख्या में वैष्णवजन एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 23 नवंबर। कलेक्टर तारन प्रकाश सिन्हा के निर्देश पर राजस्व एवं खाद्य विभाग द्वारा 21 नवम्बर को रात्रि 9.20 बजे अंतरराज्यीय जांच अंबागढ़ चौकी कल्लूबंजारी में एक ट्रक धान पकड़ा गया। ट्रक महाराष्ट्र के ग्राम कुडखेड़ा से सोमनी की एक राइस मिल जा रहा था, जिसे जांच चौकी में रोककर जानकारी मांगी गई। ट्रक में 770 बोरा धान पाया गया। ट्रक ड्राईवर द्वारा किसी प्रकार का दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किया गया। मौके में पंचनामा तैयार कर अग्रिम कार्रवाई के लिए जिला कार्यालय प्रेषित किया गया।
सीएम ने कलेक्टर-एसपी की मौजूदगी में खाते में लौटाई राशि
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 23 नवंबर। रकम दोगुना के लालच में चिटफंड कंपनियों के जाल में फंसे निवेशकों के लिए मंगलवार का दिन खुशियां लेकर आया। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने राजधानी रायपुर में राजनांदगांव कलेक्टर तारन प्रकाश सिन्हा और एसपी डी. श्रवण की मौजूदगी में करीब ढ़ाई करोड़ रुपए निवेशकों के खाते में जमा कराया। मुख्यमंत्री बघेल ने हाल ही में चिटफंड कंपनियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करने का निर्देश दिया था। वहीं निवेशकों के डूबे रकम को वापस दिलाने के लिए भी अभियान छेडऩे का निर्देश दिया था। इसी कड़ी में राजनंादगांव जिले के निवेशकों को 2 करोड़ 46 लाख रुपए की राशि लौटाई गई है। यह राशि चिटफंड कंपनियों के संपत्तियों को कुर्क कर नीलामी से वसूल की गई है।
राजनंादगांव जिले में अब तक 9 करोड़ 78 लाख रुपए की राशि निवेशकों को वापस किया गया है। जिले में 16 हजार 796 निवेशकों को इसका फायदा हुआ है। इस बीच जालसाजों को लेकर प्रशासन ने एक अलग अभियान छेड़ रखा है। माना जा रहा है कि जिले में 3 लाख से अधिक लोगों ने तकरीबन पौने 5 सौ कंपनियों में अपनी पूंजी निवेश की थी। जिसमें अधिकांश कंपनियां लोगों को चूना लगाकर रफूचक्कर हो गई।
मिली जानकारी के मुताबिक राज्य सरकार ने 2 अगस्त से निवेशकों के आवेदन रकम वापसी के लिए जमा कराए थे। राजनांदगांव में तकरीबन 46 हजार, छुरिया में 50 हजार, डोंगरगढ़ में 35 हजार और खैरागढ़-डोंगरगांव में 30-30 हजार निवेशकों ने रकम वापसी के लिए आवेदन दिया था। प्रशासन लगातार चिटफंड कंपनियों के डायरेक्टरों की सरगर्मी से पुलिस के जरिये तलाश कर रहा है। पुलिस भी डायरेक्टरों को उनके छुपे हुए ठिकानों से बाहर निकालने के लिए अभियान चला रही है।
सुबह 8 बजे के बाद हुए सूर्य दर्शन
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 23 नवंबर। मौसम में उलटफेर के बीच मंगलवार को राजनंादगांव शहर घंटों कोहरे में डूबा रहा। सीजन का पहला घना कोहरा देखकर लोग उत्साहित रहे। सुबह 8 बजे के बाद ही कोहरे के आड़ में छुपे सूर्य का लोग दर्शन कर पाए।
सोमवार को हुई बारिश के चलते कोहरे ने शहर को अपने आगोश में ले लिया। कोहरा इतना घना था कि पास की चीजें दिखाई नहीं दे रही थी। हालांकि कोहरा शहर के दूसरे हिस्सों से जल्द ही उड़ गया, लेकिन बाहरी इलाकों में कोहरे की मौजूदगी काफी देर तक रही। बारिश के बाद मंगलवार को मौसम खुल गया। उम्मीद की जा रही है कि ठंड भी अब अपने तेवर के साथ वापस लौटेगा। नवंबर के पहले सप्ताह में हल्की ठंड ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई थी। बदली की मौसम से ठंड गायब हो गया। लोगों को दिन के साथ-साथ रात में भी गर्मी का अहसास होने लगा। रात और दिन के तापमान में बढ़ोत्तरी होने के असर से नवंबर के महीने में भी लोगों के पसीने छूटने लगे हैं। उधर कोहरे को ठंड पडऩे के सूचक के तौर पर भी देखा जा रहा है। नवंबर का पूरा महीना बिना ठंड के ही गुजर रहा है। दिसंबर में कड़ाके की सर्दी पडऩे की उम्मीद लोगों में जगी है। मौसम के उतार-चढ़ाव से फिलहाल ठंड का असर नदारद है। घने कोहरे में आज घिरे लोगों को काफी अच्छा अनुभव भी हुआ है।
सुरगी गांव में सामाजिक-गैर सामाजिक दर्शन के लिए जुटे
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 23 नवंबर। सुरगी गांव में जैतखंभ में सांपों का बसेरा देखकर कौतूहलवश लोग जहां दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं। वहीं ग्रामीणों ने चमत्कार मानते हुए पूजा-अर्चना भी शुरू कर दी है। पिछले दो दिनों से जैतखंभ में सांप का एक जोड़ा लोगों को नजर आया है। जोड़े की परछाई को देखकर भी लोग धार्मिक भाव लिए पूजा-पाठ करने में जुटे हुए हैं। सुरगी में यह खबर तेजी से फैल गई।
आसपास गांव के लोग भी दैवीय शक्ति मानकर देखने के लिए पहुंच रहे हैं, जिसके चलते वहां काफी भीड़ मौजूद हो गई है। एक शिक्षक जशवंत चतुर्वेदी ने बताया कि सोमवार दोपहर के बाद एकाएक जैतखंभ में सांप लोटते हुए नजर आए। कई बार जोड़े को खंभे के ऊपर और नीचे आते भी लोगों ने प्रत्यक्ष तौर पर देखा। सांप का जोड़ा लगातार जैतखंभ पर ही डेरा जमाए हुए हैं। इस दृश्य को देखकर अलग-अलग तरह के धार्मिक प्रतिक्रियाएं सामने आ रही है। कुछ लोगों का कहना है कि बाबा अपनी अलौकिक शक्ति को जाहिर कर रहे हैं, ताकि लोग पथभ्रष्ट न होकर मानुषिक सिद्धांतों के तहत आगे बढ़े। एक शिक्षक का कहना है कि यह एक संदेश है कि बुराईयों का रास्ता छोडकऱ लोग धर्म-कर्म के प्रति समर्पित रहे। इस बीच सांप का जोड़ा अब भी जैतखंभ में थोड़े-थोड़े समय में लोगों को नजर आ रहा है, जिसे लोग ईश्वर के अप्रत्यक्ष मौजूदगी का प्रमाण मान रहे हैं।
सहकारी बैंक में बढ़े 16 हजार नए किसान
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 23 नवंबर। समर्थन मूल्य पर अगले माह एक दिसंबर से धान की खरीदी की प्रशासनिक तैयारी अंतिम दौर में है। जिला सहकारी बैंक के जरिये नांदगांव और कवर्धा के 240 सोसायटियों में तकरीबन 25 अरब रुपए की धान की खरीदी की जाएगी। प्रति एकड़ किसान अधिकतम 15 क्विंटल धान बेचने के लिए पात्र होंगे। राज्य सरकार किसानों से 2500 रुपए क्विंटल धान खरीदेगी।
पिछले साल धान बेचने के लिए एक लाख 96 हजार 88 किसानों ने पंजीयन कराया था। इस साल पंजीयन की संख्या 2 लाख 12 हजार 40 हो गई है। यानी धान बेचने के लिए 15 हजार 952 नए किसानों ने पंजीयन कराया है। मिली जानकारी के मुताबिक पिछले साल 2 लाख 56 हजार 819 हेक्टेयर से उपजे फसल की सरकार ने खरीदी की थी। मौजूदा साल में अब दो लाख 65 हजार 217 हेक्टेयर की उपज की खरीदी की जाएगी। यानी 14 हजार 700 हेक्टेयर में बढ़ोत्तरी हुई है।
मिली जानकारी के मुताबिक दोनों जिले में तकरीबन एक करोड़ क्विंटल धान की खरीदी की जाएगी। पिछले कुछ बरसों से साल-दर-साल किसानों की संख्या और फसल बेचने में इजाफा हुआ है। मिली जानकारी के मुताबिक जिला सहकारी बैंक 24 अरब 86 करोड़ 40 लाख 93 हजार की लागत से धान की खरीदी करेगा। राजनांदगांव जिले में अकेले 145 सोसायटियों में खरीदी की जाएगी। कवर्धा जिले में 95 सोसायटियों में खरीदी की तैयारी की गई है। धान खरीदी के लिए सोसायटियों को तैयार कर लिया गया है। पिछले कुछ दिनों से सोसायटी संचालक आंदोलनरत थे। अब हड़ताल समाप्त हो गया है। ऐसे में धान खरीदी को लेकर अड़चने अब दूर कर ली गई है।
धान खरीदी के प्रति किसानों का बढ़ा सरकार पर भरोसा-नवाज
जिला सहकारी बैंक अध्यक्ष नवाज खान ने किसानों की संख्या और हेक्टेयर में बढ़ोत्तरी को किसानों का सरकार के प्रति बढ़ते भरोसे का प्रतीक करार देते कहा कि राज्य सरकार की बेहतर धान खरीदी की नीति से किसान बेहद प्रभावित हैं। राज्य सरकार ने केंद्र सरकार द्वारा समर्थन मूल्य नहीं बढ़ाए जाने के बावजूद अपनी इच्छाशक्ति से 2500 रुपए क्विंटल पर खरीदी की। राजीव गांधी न्याय योजना इसी नीति का एक हिस्सा है। श्री खान ने कहा कि राजनांदगांव और कवर्धा के किसान धान खरीदी नीति को एक तरह से समर्थन दे रहे हैं। नतीजतन नए किसानों की संख्या और उपज का दायरा भी बढ़ा है। उन्होंने कहा कि किसानों को आर्थिक संबलता देने के लिए मुख्यमंत्री संकल्पित हैं। इस साल अच्छे फसल होने से किसानों को लाभ मिलेगा।
24 को मंत्री टेकाम की मौजूदगी व खुज्जी विधायक छन्नी के नेतृत्व में समारोह का आयोजन
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 23 नवंबर। प्रदेश के शिक्षा मंत्री प्रेमसाय सिंह टेकाम अंबागढ़ चौकी ब्लॉक के छछानपहरी में बुधवार 24 नवंबर को 12 सौ शिक्षकों का सम्मान करेंगे। समारोह में रिटायर्ड शिक्षकों का भी सम्मान किया जाएगा। खुज्जी विधायक छन्नी साहू के नेतृत्व में छछानपहरी में एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया है। मिली जानकारी के मुताबिक शिक्षा मंत्री दोपहर एक बजे कार्यक्रम में शामिल होने के लिए पहुंचेंगे। वह करीबन दो घंटे आयोजन में शरीक होते हुए शिक्षकों का सम्मान करेंगे।
मिली जानकारी के मुताबिक अंबागढ़ चौकी ब्लॉक के शालाओं को स्मार्ट शाला बनाने में शिक्षकों की अहम भूमिका रही है। कोरोनाकाल में स्मार्ट शाला के जरिये विद्यार्थियों ने तालीम ली है। इसी के चलते विधायक श्रीमती साहू ने शिक्षकों का मान बढ़ाने के लिए समारोह का आयोजन किया है। शिक्षकों ने जनसहयोग के जरिये विद्यार्थियों की कोरोना संकट के दौरान शैक्षणिक गतिविधियों को बनाए रखा।
आयोजन के संबंध में विधायक प्रतिनिधि चंदू साहू ने ‘छत्तीसगढ़’ को बताया कि शिक्षकों की भूमिका काबिले तारीफ रही है। अंबागढ़ चौकी ब्लॉक में वैश्विक महामारी कोरोना के दौरान विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षा प्रदान की गई। इसके लिए शिक्षकों ने कड़ी मेहनत की। इस बीच समारोह को लेकर तैयारी की जा रही है।
विधायक मंडावी ने किया सम्मान
राजनांदगांव, 23 नवंबर। प्रदेश की प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थानों के रूप में पहचान रखने वाले प्रयास आवासीय विद्यालय जो कि स्व. राजीव गांधी बाल भविष्य योजना अंतर्गत संचालित है। इस विद्यालय में हर वर्ष मोहला के बच्चों का सर्वाधिक चयन होता रहा है। इस वर्ष भी मोहला के सर्वाधिक बच्चों ने प्रदेश स्तर पर अपना परचम लहराया।
बीईओ राजेंद्र कुमार देवांगन ने बताया कि प्रयास आवासीय विद्यालय के लिए पूरे प्रदेश में 1155 सीट सभी वर्ग के बच्चों के लिए उपलब्ध है । जिसके लिए ट्राइबल विभाग द्वारा प्रतियोगी परीक्षा के माध्यम से कक्षा 9वीं में बच्चों का चयन किया जाता है। इस वर्ष मोहला से 106 बच्चों का रिकॉर्ड चयन हुआ है, जो कि पूरे प्रदेश में सबसे अव्वल है।
समाजसेवी संजय जैन ने बताया कि मोहला में शिक्षकों और जनप्रतिनिधियों की एक सक्रिय टीम ने कुछ वर्ष पहले शिखर कार्यक्रम की शुरूआत की थी। जिसके अंतर्गत बच्चों को नि:शुल्क में प्रतियोगी परीक्षाओं की कोचिंग अवकाश के दिनों में दी जाती है। इस कोचिंग में बच्चों को भविष्य की विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं के टिप्स दिए जाते हैं। उसी का परिणाम है कि इस वर्ष मोहला ने 1155 सीट में से 106 सीट लिया है। मोहला की इस बड़ी उपलब्धि को प्रोत्साहित करने के लिए विधायक इंद्रशाह मंडावी ने सभी चयनित बच्चों और उनके पालकों का सम्मान किया। उन्होंने नि:शुल्क कोचिंग देने वाले 72 शिक्षकों का भी सम्मान किया।
इस अवसर पर विधायक मंडावी ने शिक्षा को जीवन का सबसे बड़ा हथियार बताते चयनित बच्चों को निडर होकर पढ़ाई करने अपने अधिकार के लिए लडऩे तथा एक अच्छा नागरिक बनने की सीख दी। कार्यक्रम में सुरुचि कपूर द्वारा बच्चों को योग ध्यान के माध्यम से एकाग्रता बढ़ाने के बारे में बताया गया।
समारोह में विधायक इंद्रशाह मंडावी, समाजसेवी संजय जैन, जनपद अध्यक्ष लगनूराम चंद्रवंशी, उपाध्यक्ष गमिता लोनहारे, जनपद सदस्य नोहरू कुमेटी, सरपंच सरस्वती ठाकुर, उपसरपंच अब्दुल खालिक, मीना मांझी, रामदेव मंडावी, अनुविभागीय अधिकारी मोहला ललितादित्य नीलम, कुलदीप ठाकुर, परियोजना अधिकारी योगेश भगत, प्राचार्य अर्जुनराम देवांगन, बीईओ राजेंद्र कुमार देवांगन, बीआरसी खोमलाल वर्मा, सभी संकुल शैक्षिक समन्वयक तथा अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। मोहला टीम की उपलब्धि के लिए डीईओ हेतराम सोम, नोडल अधिकारी सतीश ब्यौहरे, दुर्गेश त्रिवेदी, परसराम झाड़े ने बधाई प्रेषित की है।
साप्ताहिक बाजार व व्यापारिक प्रतिष्ठान रहे बंद
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबागढ़ चौकी, 23 नवंबर। औंधी क्षेत्र के हजारों किसान 13 सूत्रीय मांगों को लेकर सोमवार को धरना प्रदर्शन किया। किसानों ने अपनी मांगों का ज्ञापन तहसीलदार को सौंपा। कार्यक्रम में मानपुर ब्लॉक भर से हजारों किसान सोमवार की सुबह 10 बजे बस स्टैंड में इक_े हुए और धरना प्रदर्शन किया। पहले लगातार एक घंटे तक सरकार विरोधी नारेबाजी की। इसके बाद कलेक्टर के नाम तहसीलदार को ज्ञापन सौंपा।
किसानों ने बताया कि प्रदेश सरकार किसानों के साथ छलावा कर रही है। सरकार ने पिछले साल से धान के लिए बारदाने की व्यवस्था नहीं कर पा रही। इस बार धान खरीदी में भी लेटलतीफी हो रही। जिसके चलते अब किसान अपने धान की उपज को औने-पौने दामों में बिचौलियों के पास बिक्री कर रही है। इसका लाभ बिचौलियों के माध्यम से सरकार तक पहुंच रही है। इसके अलावा धान खरीदी केंद्र खोले जाने समेत कई मांगों को लेकर किसानों ने अपनी मांगों का ज्ञापन सौंपा। सोमवार को दिनभर धरनास्थल पर सैकड़ों किसान एकत्रित हुए। धरने व चक्काजाम के चलते औंधी सप्ताहिक बाजार सहित सभी दुकानें बंद रही। किसानों के धरना प्रदर्शन का क्षेत्रीय व्यापारियों का भी भरपूर समर्थन रहा।
धरना स्थल पर जमी रही फोर्स
किसानों के धरना प्रदर्शन को लेकर पुलिस ने चाक-चौबंद व्यवस्था की थी। सुबह से ही पुलिस ने औंधी बस स्टैंड में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किया था। पुलिसकर्मियों के अलावा आईटीबीपी के जवान भी मौके पर तैनात थे।
यह थी मांगें
धान खरीदी हेतु तत्काल बारदाना उपलब्ध कराया जाए, पिछले वर्ष धान खरीदी में किसान द्वारा दिए गए बारदाना की राशि तत्काल जमा करें, तेन्दूपत्ता संग्रहण की वीगत 3 वर्ष की बोनस राशि प्रदान किया जाए, मंडी में पंजीकृत व्यापारियों द्वारा धान की खरीदी समर्थन मूल्य में होना सुनिश्चित हो, ग्राम सरखेडा पेन्दोडी, नवागाव एवं अन्य ऐसे गांव जो धान खरीदी केन्द्र से 10 किलोमीटर से ज्यादा दूर है वहां धान खरीदी के लिए उपकेन्द्र खोला जाए, औंधी क्षेत्र में इंग्लिश मीडियम स्कूल की स्थापना आगामी सत्र से किया जाए। स्वास्थ्य केंद्र औधी को सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र बनाते कम से कम 3 डॉक्टरों की पद स्थापना की जाए। एकल शिक्षकीय शालाओं एवं जिस शालाओ के शिक्षक संकुल समन्वयक और हास्टल अधीक्षक बनाए जाएं, उन्हें एकल शिक्षकीय मानते शिक्षकों की पूर्ति की जाए, धान खरीदी प्रति क्विंटल 3000 की दर से किया जाए, एड्स मेटा सारेकेगुडा और ताड़मेटला के न्यायिक जांच के रिपोर्ट से सिद्ध हो चुका है कि मारे गए लोग निर्दोष आदिवासी थे, उनके लिए उचित मुआवजा व तात्कालिक दोषी आरोपियों पर एफ आईआर दर्ज कर तत्काल कार्रवाई करने, पेशा कानून के साथ-साथ अनुसूचित क्षेत्रों में मेसा का पालन सुनिश्चित करने, पांचवीं अनुसूची क्षेत्र में तृतीय एवं चतुर्थ श्रेणी के कर्मचारी भर्ती में शत-प्रतिशत आरक्षण लागू करने तथा प्रदेश में खनिज उत्खनन के लिए जमीन अधिग्रहण की जगह लीज में लेकर मालिक को शेयर होल्डर बनाया जाए व गौण खनिज का पूरा अधिकार ग्रामसभा को दिया जाए।
सी-60 फोर्स की मारक क्षमता के सामने नक्सल संगठन हिला
प्रदीप मेश्राम
राजनांदगांव, 23 नवंबर (‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता)। महाराष्ट्र के गढ़चिरौली पुलिस की नक्सल ऑपरेशन में दक्ष सी-60 फोर्स नक्सलियों पर कहर ढा रही है। फोर्स की मारक क्षमता हाल ही के महीनों में नक्सलियों के लिए जानलेवा साबित हो रही है। 13 नवंबर को एकमुश्त दो दर्जन नक्सलियों को मारने के बाद से गढ़चिरौली के पुलिस अफसरों की सटीक रणनीति ने दूसरे राज्यों के लिए एक उदाहरण पेश किया है। 13 नवंबर को गढ़चिरौली के जवानों ने सीसी मेंबर दीपक तिलतुमड़े और उसके साथ मौजूद साथियों में 26 नक्सलियों को मार गिराया। दीपक तिलतुमड़े का मारा जाना गढ़चिरौली पुलिस के लिए अब तक की सबसे बड़ी कामयाबी है। फोर्स ने गुजरे सवा साल में नक्सलियों के एक बड़े कैडर का सफाया कर दिया है।
गढ़चिरौली पुलिस अधीक्षक अंकित गोयल ने हर तीसरे-चौथे महीने में नक्सलियों को निशाना बनाया है। पिछले 14 माह के कार्यकाल में फोर्स ने 54 नक्सलियों को ढेर कर दिया। फोर्स ने एक खास रणनीति के तहत नक्सलियों पर राजनांदगांव-गढ़चिरौली सीमा पर ही ज्यादा वार किया है। फोर्स की जमीनी तैयारी बड़ी संख्या में मारे नक्सलियों से साफ जाहिर भी हो रही है। करीब तीन माह पहले भी नांदगांव की सरहद से सटे कुरखेड़ा डिवीजन में फोर्स ने 13 नक्सलियों को बचने का मौका नहीं दिया। फोर्स के लगातार प्रहार से नक्सलियों की सांगठनिक ताकत कमजोर पड़ गई है। इस बीच फोर्स नक्सलियों को संभलने का मौका भी दे रही है। यानी नक्सली यदि समर्पण करने के लिए कदम बढ़ा रहे तो फोर्स उनका स्वागत भी कर रही है। यही कारण है कि 9 नक्सलियों ने हथियार छोडकऱ नक्सलपंथ पर तौबा कर लिया। पुलिस ने नक्सलियों को एकदम से घेरने के साथ ही जंगल से 17 कुख्यात नक्सलियों को भी गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेज दिया।
सूत्रों का कहना है कि नक्सलियोंं पर फोर्स लगातार धावा बोलकर जंगल में उनकी गतिविधियों का विस्तार नहीं होने दे रही है। पुलिस के हाथों साथियों के मारे जाने से संगठन के भीतर कैडरों में जान बचाने को लेकर आपाधापी का माहौल भी बन रहा है। दीपक तिलतुमड़े के साथ मौजूद नक्सलियों में कुछ नक्सली घायल हालत में छुपे हुए फिर रहे हैं। गढ़चिरौली में नक्सलियों का जंगल में रहा दबदबा खात्मे की ओर बढ़ रहा है।
एसपी अंकित गोयल ने ‘छत्तीसगढ़’ से चर्चा में कहा कि नक्सलियों को मुख्यधारा में लाना पुलिस की पहली प्राथमिकता में है, लेकिन पुलिस पर हमला करने और आम लोगों में खौफ का माहौल बनाने का जवाब देने के लिए भी पुलिस तैयार है। इस बीच गढ़चिरौली पुलिस के लिए गुजरा सवा साल नक्सल मोर्चे में कामयाबी के शिखर पर पहुंच गया है। सी-60 फोर्स को महाराष्ट्र के पुलिस अफसरों ने इस तरह तैयार किया है कि मुठभेड़ में नक्सलियों पर वार सटीक अंदाज में किया जाए। बहरहाल नक्सल संगठन के लिए गढ़चिरौली में हुए बड़ी जनहानि से उबरना एक कठिन चुनौती बन गई है। वहीं पुलिस भी जवाबी हमले की संभावना के आधार पर हाईअलर्ट में है।
मोहला में शिक्षा के क्षेत्र में किए गए नवाचार राजधानी में प्रदर्शित
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 22 नवंबर। शिक्षा में किए गए विभिन्न नवाचारों एवं भविष्य की योजनाओं के लिए रायपुर में राष्ट्रीय स्तर के शिक्षाविद एवं शिक्षकों का समागम हुआ। 14 और 15 नवंबर को राष्ट्रीय स्तर पर राजधानी रायपुर में आयोजित राष्ट्रीय शिक्षा समागम में मोहला के डिजिटल क्लास हेतु स्थापित स्मार्ट क्लास नवाचार का प्रस्तुतीकरण हुआ। जवाहरलाल नेहरू राष्ट्रीय शिक्षा समागम रायपुर का उद्घाटन मुख्यमंत्री भूपेश बघेल व शिक्षा मंत्री प्रेमसाय सिंह टेकाम द्वारा किया गया।
ज्ञात हो कि स्मार्ट क्लास बनाने के लिए कोरोना काल मे सक्रिय जनप्रतिनिधियों, शिक्षकों तथा पालकों के सहयोग से मोहला के 280 स्कूलों में स्मार्ट टीवी लगाए गए थे। इस नवाचार को राष्ट्रीय शिक्षा समागम में स्टाल लगाकर सार्वजनिक रूप से अन्य जिले एवं अन्य प्रदेश के शिक्षाविदों के समक्ष प्रदर्शित किया गया। मंच पर बीईओ मोहला राजेंद्र कुमार देवांगन ने सभी के सहयोग से स्मार्ट क्लास स्थापना, इससे होने वाले लाभ तथा अल्प बजट पर किए गए मोहला के शिक्षकों के नवाचार का बेहतर ढंग से प्रेजेंटेशन दिया। स्मार्ट टीवी के माध्यम से अध्यापन के लाभ को दर्शाने शिक्षक सईद कुरैशी, राजकुमार यादव एवं योगेंद्र देवांगन द्वारा स्टाल पर स्मार्ट टीवी और पोस्टर बैनर के माध्यम से नवाचार को दर्शाया गया।
बीईओ देवांगन ने बताया कि राजधानी रायपुर में दो दिवसीय राष्ट्रीय शिक्षा समागम में मोहला के शिक्षकों द्वारा डिजिटल पढ़ाई के लिए किए गए प्रयासों को प्रदर्शित किया गया। अन्य प्रदेश से आए नवाचारी शिक्षकों ने इस योजना की तारीफ की। बीईओ देवांगन ने अपने प्रेजेंटेशन में बताया कि इस योजना को अल्प बजट में डिजिटल पढ़ाई के लिए देश के अन्य हिस्सों में भी लागू किया जा सकता है। इस नवाचार को सफलतापूर्वक क्रियान्वित करने में विभागीय अधिकारी एवं मोहला के मूल निवासी एपीसी सतीश ब्यौहरे, सभी सीएसी व शिक्षकों ने कड़ी मेहनत की है। मोहला के नवाचार का राष्ट्रीय स्तर पर प्रदर्शित करने संसदीय सचिव इंद्रशाह मंडावी, समाजसेवी संजय जैन, डीईओ एचआर सोम, डीएमसी भूपेश साहू, एपीसी सतीश ब्यौहरे, मीडिया सहायक पीआर झाड़े एवं दुर्गेश त्रिवेदी, संकुल समन्वयकों, प्राचार्यों तथा शिक्षकों ने मोहला के प्रतिभागी टीम को बधाई दी है।
राजनांदगांव, 22 नवंबर। जिले के सभी ईपीएस-95 पेंशनरों के लिए 24 नवंबर को लेबर कालोनी स्थित दशहरा मैदान सामुदायिक भवन में पेंशन जीवन प्रमाण पत्र/बायो मैट्रिक शिविर का आयोजन किया गया है। सुबह 11 से शाम 5 बजे तक चलने वाले शिविर का शुभारंभ आरपीएफसी-1 के अभिषेक कार व आरपीएफसी-2 के सुरेन्द वी. आजाद के हाथों किया जाएगा।
ईएफएस-95 राष्ट्रीय संघर्ष समिति के जिलाध्यक्ष आरके वर्मा ने बताया कि जिले के सभी पेंशनरों से अपील की गई है कि कार्यक्रम में उपस्थित होकर शिविर का लाभ उठा सकते हैं। उन्होंने सभी ईपीएस-95 के पेंशनरों को अपने साथ पीपीओ नंबर, आधार कार्ड, बैंक पासबुक और मोबाइल अवश्य लेते आने की अपील की है।
उन्होंने बताया कि उक्त शिविर ईपीएफओ/क्षेत्रीय भविष्य निधि आयुक्त पेंशन कार्यालय रायपुर द्वारा आयोजित है। कार्यक्रम संबंधित विशेष जानकारी हेतु प्रभारी एल्डरमेन एजाजुर रहमान व मोहम्मद फारूख से संपर्क किया जा सकता है। उक्त जानकारी संघ के जिलाध्यक्ष आरके वर्मा ने दी।
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 22 नवंबर। शासकीय शिवनाथ विज्ञान महाविद्यालय राजनांदगांव में गत् 20 नवंबर को प्राचार्य डॉ. आईआर सोनवानी के मार्गदर्शन में स्वीप प्रभारी डॉ. नागरत्ना गनवीर द्वारा फोटोयुक्त वोटर कार्ड बनाने प्रोजेक्टर के माध्यम से ऑनलाइन प्रशिक्षण का आयोजन किया गया।
इस अवसर पर प्राचार्य डॉ. आईआर सोनवानी ने कहा कि मजबूत लोकतंत्र का आधार मतदाता होता है। मतदाता को जागरूक होना चाहिए। मतदाता को जाति, धर्म, लिंग और किसी भी प्रकार के भेदभाव और प्रलोभन से बचना चाहिए।
उन्होंने कहा कि भारत में युवा अधिक है। आपके कंधों पर यह जिम्मेदारी है कि आप पूरी तरह जागरूक रहकर लोकतंत्र को मजबूती प्रदान करें और अपने वोट के मूल्य के महत्व को अच्छी तरह समझें और लोगो को समझाएं।
स्वीप नोडल अधिकारी डॉ. नागरत्ना गनवीर ने कहा कि प्रत्येक 18 वर्ष के युवा का फोटोयुक्त वोटर कार्ड होना चाहिए। यह कार्ड प्रत्येक व्यक्ति के नागरिक व राजनीतिक अधिकारों के उपयोग के लिए आवश्यक है। उन्होंने कहा कि भारत जैसे लोकतांत्रिक देश में अगर युवा अपनी जिम्मेदारी को समझे तो सौ प्रतिशत मतदान हो सकता है। इसी सोच को साकार करने महाविद्यालय में वोटर कार्ड बनाने का प्रशिक्षण दिया जा रहा है और जिनका वोटर कार्ड नहीं बना है, उन सभी विद्यार्थियों को प्रोजेक्टर के माध्यम से प्रशिक्षण देकर ऑनलाइन फार्म भरवाया जा रहा है। कम्प्यूटर आपरेटर सडानंद ने प्रोजेक्टर के माध्यम से यह प्रशिक्षण दिया तथा लोमन बीए प्रथम वर्ष के छात्र ने विशेष सहयोग दिया।
कार्यक्रम पर करीब 175 विद्यार्थियों ने ऑनलाइन फार्म भरे तथा फार्म नं. 06 भी भरा। इस अवसर पर डॉ. एसआर कन्नौजे, डॉ. पी. पटेल, डॉ. ए. भगत, प्रो. कपिल, सडानंद एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित होकर लाभान्वित हुए।
जिला अस्पताल और मेडिकल कॉलेज में स्त्री रोग चिकित्सक की मांग, सौंपा ज्ञापन
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 22 नवंबर। जिलेभर के मितानिनों ने सोमवार को कलेक्टर जनदर्शन में ज्ञापन सौंपते जिला चिकित्सालय एवं मेडिकल कॉलेज में स्त्री रोग चिकित्सक की व्यवस्था करने की मांग रखी।
मितानिनों ने मांग करते कहा कि जब से मेडिकल कॉलेज जिला चिकित्सालय से अलग होकर पेंड्री चला गया है, तबसे हम गर्भवती महिलाओं को प्रसव के लिए जिला चिकित्सालय लाते हैं तो हमें रिफर कर दिया जाता है कि डॉ. खुंटे अकेले हैं, इसलिए मेडिकल कॉलेज ले जाओ। मेडिकल कॉलेज ले जाने पर वहां जवाब मिलता है कि डॉक्टर नहीं है, तुम लेट आए हो कहा जाता है। साथ ही भर्ती करने से भी इंकार किया जाता है। वहीं निजी अस्पताल ले जाने की सलाह दी जाती है।
मितानिनों ने बताया कि निजी अस्पतालों में कई जगह आयुष्मान कार्ड नहीं चलता। जिसके चलते हितग्राहियों को मनचाही राशि प्राईवेट अस्पताल वाले ले लेते हैं। हर अस्पताल में प्रसव का अलग-अलग राशि लिया जाता है। 2-3 दिन इस अस्पताल से उस अस्पताल चक्कर लगाने के बाद मरीज यदि प्राईवेट अस्पताल में प्रसव हो जाती है तो हमें 2-3 दिन उनका सहयोग के बाद भी प्रोत्साहन राशि से वंचित होना पड़ता है। साथ ही कई गरीब परिवार पर आर्थिक बोझ पड़ रहा है।
उन्होंने बताया कि आम जनता का सरकारी अस्पताल से विश्वास कम होने लगा है। इसके लिए भी घरवालों का गुस्से का सामना मितानिनों को ही करना पड़ता है। मितानिनों ने कलेक्टर से मांग करते कहा कि दोनों अस्पतालों में 24 घंटे सिजेरियन प्रसव हो सके इसके लिए स्त्री रोग चिकित्सक एवं अन्य सहयोगी स्टॉफ की व्यवस्था किया जाए।
दो माह के प्रोत्साहन राशि की मांग
मितानिनों ने कोरोनाकाल में मितानिन एवं एमटी को मिलने वाली प्रोत्साहन राशि दिलाने की मांग की। मितानिनों ने कहा कि कोरोनाकाल में प्रति बुधवार एवं गुरुवार परिवार भ्रमण कर कोरोना संभावित मरीज के लक्षण का पता करने पर प्रतिमाह मितानिन को एक हजार एवं एमटी को 500 रुपए प्रतिमाह अतिरिक्त प्रोत्साहन राशि दिए जाने की घोषणा किया गया था, जो हमें अगस्त और सितंबर माह का राशि नहीं मिला है। मितानिनों ने कहा कि तीन माह का राशि नहीं दिया जाएगा एवं पिछले तीन माह में जो राशि प्राप्त हो चुका है उसे भी काटा जाएगा। उन्होंने कहा कि हमें प्राप्त प्रोत्साहन राशि काटा जाना, फिर बाकी के बचे माह का प्रोत्साहन राशि नहीं दिया जाना हम मितानिनों एवं एमटी के साथ धोखा है।
कांग्रेसियों ने महंगाई से उपजे हालात के लिए केंद्र को ठहराया दोषी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 22 नवंबर। पूर्व मंत्री सत्यनारायण शर्मा ने सोमवार को कांग्रेस के प्रांतव्यापी महंगाई को लेकर जनजागरण अभियान की शुरूआत से पूर्व मीडिया से मुखातिब होते कहा कि मोदी सरकार देश पर प्रायोजित संकट विशेषकर महंगाई को लादने का प्रयास कर रही है, जिसके चलते देश कई तरह के समस्याओं से घिर गया है।
सोमवार को प्रेस क्लब भवन में पूर्व मंत्री श्री शर्मा ने प्रेसवार्ता में कहा कि मोदी सरकार की मुनाफाखोरी वाली नीति के कारण देश की जनता महंगाई से परेशान व बदहाल है। नरेन्द्र मोदी के सत्ता में आने के बाद से रोजमर्रा के समानों की कीमत दोगुनी हो गई है। महंगाई देश की जनता पर मोदी सरकार प्रायोजित आपदा है। इससे साबित हो रहा है कि मोदी और उनकी सरकार की प्राथमिकता में गांव, गरीब, किसान, मजदूर, आम आदमी है ही नहीं। मोदी सरकार ने आम आदमी को राहत देने कभी कोई योजना नहीं बनाया। मोदी सरकार ने चंद उद्योगपतियों को फायदा पहुंचाने योजना बनाया, उसका क्रियान्वयन किया।
श्री शर्मा ने कहा कि देश में बिकने वाली दलें और खाद्य तेल का 70 प्रतिशत हिस्सेदारी सिर्फ एक ही उद्योग घराने अडानी का है। देश में उत्पादित कोयले का अधिकांश एकाधिकार प्रत्यक्ष-अप्रत्यक्ष तौर पर अडानी का है। महंगाई बढऩे के जो 5 महत्वपूर्ण कारण है, जो सीधे-सीधे मोदी सरकार के आर्थिक कुप्रबंधन से बने हैं। उन्होंने कहा कि नोटबंदी, जीएसटी, आर्थिक कुप्रबंधन, निजीकरण और विदेश नीति की असफलता को गिनाया।
श्री शर्मा ने बताया कि आवश्यक वस्तुओं की कीमतों में भी वृद्धि हुई है। उन्होंने कहा कि 2013 में यूपीए के समय पेट्रोल 71.41 रुएए, एक्सा. डयूटी 9.48 रुपए, कच्चा तेल 141 डालर प्रति बैरल और डीजल 51 रुपए, एक्साइज ड्यूटी 3.56 रुपए व कच्चा तेल 141 डॉलर प्रति बैरल था, लेकिन 2021 में भाजपा के समय पेट्रोल की कीमत 102 रुपए, एक्सा. ड्यूटी 27.90 व कच्चा तेल 82 डालर प्रति बैरल तथा डीजल 94 रुपए, एक्सा. ड्यूटी 21.80 रुपए एवं कच्चा तेल 82 डालर प्रति बैरल है। इसके अलावा यूपीए के समय कामर्शियल सिलेंडर 1327 व घरेलू गैस सिलेंडर 410 रुपए थी, लेकिन मोदी सरकार के समय कामर्शियल सिलेंडर 2000 व घरेलू गैस सिलेंडर के दाम एक हजार रुपए है। उन्होंने कहा कि 2013 कांग्रेस सरकार के समय सरसो तेल 75 रु., सोयाबीन तेल 70 रु., सूरजमुखी तेल 80 रु., मूंगफली तेल 90 रु., प्याज 10 रु., शक्कर 28 रुपए किलो, चना दाल 51.52 रुपए, उड़द दाल 60.51 रुपए, मूंग दाल 55 रु., अरहर दाल 70 रुपए तथा प्लेटफार्म टिकट 5 रुपए थी। वहीं 2021 में भाजपा सरकार के समय सरसो तेल 185 रुपए, सोयाबीन तेल 160, सूरजमुखी तेल 194, मूंगफली तेल 200, प्याज 40 से 80 रुपए किलो, शक्कर 45 रुपए, चना दाल 90 रु. उड़द दाल 105.2 रुपए, मूंग दाल 101 रु., अरहर दाल 120 रु. एवं प्लेटफार्म टिकट 50 रुपए तक पहुंच गई है। पूर्व मंत्री श्री शर्मा ने कहा कि इसके अलावा इन 7 साल में नहाने का साबुन, कपड़ा धोने का साबुन, कपड़ो, जूतों, सोना, चांदी, मकान बनाने वाली वस्तुओं, उर्वरकों, रेल टिकट, दवाईयों के दाम, स्टील के दामों में भी वृद्धि हुई।
प्रेसवार्ता में अरूण सिसोदिया, महापौर हेमा देशमुख, जितेन्द्र मुदलियार, श्रीकिशन खंडेलवाल, कुलबीर छाबड़ा, कमलजीत सिंह पिंटू, आसिफ अली, अमित चंद्रवंशी, दुलारीबाई साहू, फिरोज अंसारी, सूर्यकांत जैन, महेश साहू समेत अन्य लोग शामिल थे।
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 22 नवंबर। छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड द्वारा मुख्यमंत्री विद्युत अधोसंरचना विकास योजना के अंतर्गत राजनांदगांव जिले के ग्रामीण अंचल में समुचित वोल्टेज पर निर्बाध व गुणावत्तापूर्ण बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के उद्देश्य से विद्यमान उपकेन्द्रों में स्थापित पॉवर ट्रांसफार्मरों की क्षमता वृद्धि का कार्य सर्वोच्च प्राथमिकता से किया जा रहा है।
इसी कड़ी में उदयपुर में विद्यमान 33/11 केव्ही उपकेन्द्र में 3.15 एमव्हीए का अतिरिक्त पॉवर ट्रांसफार्मर को ऊर्जीकृत किया गया। इस प्रकार छुईखदान उपसंभाग के अंतर्गत उदयपुर उपकेन्द्र की क्षमता 5 एमव्हीए से बढक़र 8.15 एव्हीए हो गया है। विद्युत कंपनी के उच्चाधिकारियों के विशेष प्रयासों से विद्युत विकास के लिए स्वीकृत इस कार्य से उदयपुर उपकेन्द्र के परिधि में आने वाले अनेक गांव के किसानों तथा उपभोक्ताओं को इसका लाभ मिलेगा।
खैरागढ़ संभाग के कार्यपालन अभियंता छगन शर्मा ने बताया कि उदयपुर उपकेन्द्र में स्थापित 3.15 एमव्हीए का अतिक्ति पॉवर ट्रांसफार्मर के ऊर्जीकरण से ग्राम उदयपुर, खपरी दरबार, आमाघाटकद, खैरी, खौरीखुर्द, कोटरा, बोराई, कुटेलिकला, साल्हेकला, ओडिय़ा, पदमावतीपुर, कलार खपरी, दल्लापुर, रगड़ा, सोनपुरी एवं सुरदबरी आदि 16 ग्रामों के लगभग 4000 उपभोक्ताओं को उच्चगुणवत्ता की विद्युत सेवा का लाभ मिलेगा। इस कार्य को सफलतापूर्वक किए जाने पर राजनांदगांव क्षेत्र के मुख्य अभियंता टीके मेश्राम एवं अधीक्षण अभियंता सलिल कुमार खरे ने कार्यपालन अभियंता छगन शर्मा, एनके गुरूपंचायन, एडी टंडन, सहायक अभियंता मुकेश साहू, नुरेन्द्र कुमार साहू, मदलसा विश्वकर्मा, ममता कर्मकार, कनिष्ठ अभियंता दुष्यंत कुमार पोया और उनकी टीम को बधाई दी है।
राजनांदगांव, 22 नवंबर। पेट्रोल-डीजल, गैस व आवश्यक घरेलू सामानों के बढ़े दामों को लेकर कांग्रेस द्वारा लगातार केन्द्र की मोदी सरकार के खिलाफ आंदोलन चलाकर बढ़े दामों को कम करने की मांग कर रही है। 20 नवंबर को दक्षिण ब्लॉक के वार्ड क्रमांक 23, 45 व 44 के वार्डों में भ्रमण किया तथा 21 नवंबर को उत्तर ब्लॉक के लखोली वार्ड कमांक 31, 32, 33, 35, 36 में जन-जागरण पदयात्रा निकाली गई।
शहर कांग्रेस कमेटी के महामंत्री अमित चंद्रवंशी ने बताया कि 20 नवंबर को वार्ड क्र. 45 गांधी नगर से जन-जागरण पदयात्रा की शुरूआत हुई। जिसमें महेश नगर, खान नर्सिंग होम होते हुए कौरिनभाठा जैतस्तंभ चौक से होते सृष्टि कालोनी, जीवनदीप कालोनी, हरिओम कालोनी, गायत्री नगर, अनुपम नगर होते हुए पार्षद कार्यालय में यात्रा का समापन हुआ। 21 नवंबर को लखोली उत्तर ब्लॉक के प्रभारी महेन्द्र यादव के मागदर्शन में लखोली नाका चौक से पदयात्रा का शुभारंभ हुआ। जिसके पश्चात सेठी नगर, होकर जनता कालोनी, लखोली स्कूल से होते हुए अटल आवास से होकर संजय नगर महात्मा गांधी की प्रतिमा से होकर दुर्गा मंच के पास समापन हुआ।