राजनांदगांव

कलेक्टर ने बैंक में राशि आहरण की व्यवस्थाओं का लिया जायजा
06-Nov-2021 6:18 PM
कलेक्टर ने बैंक में राशि आहरण की व्यवस्थाओं का लिया जायजा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 6 नवंबर।
  कलेक्टर तारन प्रकाश सिन्हा ने गत् दिनों राजीव गांधी किसान न्याय योजना के तहत किसानों को प्राप्त राशि आहरण के लिए बैंकों की व्यवस्था का जायजा लेने ग्राम घुमका और खैरागढ़ पहुंचे। उन्होंने राजनांदगांव विकासखंड के ग्राम घुमका और खैरागढ़ विकासखंड मुख्यालय के जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।

कलेक्टर सिन्हा ने बैंक में किसानों से बातचीत कर वहां मिल रही सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने बैंक के अधिकारी से कहा कि किसानों को राशि आहरण में कोई समस्या नहीं होनी चाहिए। दीपावली से पहले किसानों को बोनस की राशि का वितरण करें। उन्होंने बैंकों को देर शाम तक राशि वितरण करने के निर्देश दिए। जिससे अधिक से अधिक किसानों को राशि का वितरण हो सके। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते बैंकों में पुलिस जवान तैनात करने कहा। इस दौरान उन्होंने बैंकों में राशि उपलब्धता की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि किसान एटीएम का उपयोग जरूर करें। एटीएम में राशि उपलब्धता की जानकारी चस्पा करें।

कलेक्टर सिन्हा ने बैंक में किसानों से राजीव गांधी किसान न्याय योजना के तहत मिलने वाली राशि की उपयोगिता के बारे में पूछा। घुमका निवासी किसान जीवन लाल वर्मा ने खुश होकर बताया कि दीपावली के पहले राजीव गांधी किसान न्याय योजना के तहत राशि मिलने से बहुत खुश है। तीसरे किस्त के रूप में 10 हजार रुपए की राशि मिली है। वे इस राशि से दीपावली की खरीदी और कृषि कार्य में उपयोग करेंगे। जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक घुमका के अधिकारी ने बताया कि कल 700 किसानों को लगभग 70 लाख रुपए की राशि का वितरण किया गया है। वहीं जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक खैरागढ़ में 635 लोगों को लगभग 83 लाख रुपए की राशि का वितरण किया गया। उन्होंने बताया कि अधिक से अधिक किसानों को राशि आहरण के लिए अतिरिक्त कॉउंटर की व्यवस्था की गई है।

इस अवसर पर एसडीएम राजनांदगांव अरूण कुमार वर्मा, एसडीएम खैरागढ़ लवकेश ध्रुव, जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक के सीईओ सुनील वर्मा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।'

कलेक्टर ने किसानों से की बात
कलेक्टर  सिन्हा ने राजीव गांधी किसान न्याय योजना के तहत किसानों को प्राप्त राशि आहरण के लिए बैंकों में व्यवस्था की जानकारी लेने किसानों से चर्चा की। उन्होंने राजनांदगांव और खैरागढ़ विकासखंड के जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक में किसानों से योजना के तहत मिलने वाली राशि एवं आहरण के व्यवस्था की जानकारी ली। खैरागढ़ के ग्राम मंडला के किसान लछीदास ने बताया कि उन्हें तीसरी किश्त में 16 हजार रूपए की राशि मिली है और वे बहुत ही खुश है। उन्होंने बताया कि राशि का उपयोग खेती-किसानी के कार्यों में करेंगे। शासन की यह योजना बहुत अच्छी है। यह लगातार जारी रहना चाहिए।

पेण्ड्रा की किसान विमला ने बताया कि उन्हें 10 हजार रूपए की राशि मिली है। वे इस पैसा का आहरण करके दीवाली पर बच्चों के लिए कपड़े एवं अन्य सामान खरीदेंगी। शेरगढ़ के किसान जागेश्वर साहू ने बताया कि उन्हें 5 हजार रुपए की राशि मिली है। घर के खर्चों में वे इस राशि का उपयोग करेंगे।
 

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news