कोण्डागांव

कृषक पाठशाला लगाकर श्री विधि, किचन गार्डन और आधुनिक विधियों का दे रहीं ज्ञान
01-Aug-2021 6:28 PM
कृषक पाठशाला लगाकर श्री विधि, किचन गार्डन और आधुनिक विधियों का दे रहीं ज्ञान

ग्रामीणों को वैज्ञानिक विधि से खेती करना सिखा रहीं कृषि सखियां

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कोण्डागांव, 1 अगस्त। जिले में पहाड़ी-पठारीय जलवायु होने से यहां कृषि का विकास पूर्ण रूप से नहीं हो सका है। यहां के कृषक सिंचाई संसाधनों की अनुपलब्धता के कारण केवल वर्षा ऋतु में ही पारम्परिक विधियों से कृषि कार्य किया करते हैं। इससे लगातार जिले के कृषक उत्पादन में पिछड़ते जा रहे हैं, जिससे उनकी वार्षिक आय में वृद्धि न होने से लगातार कृषक कृषि से विमुख होकर अन्य क्षेत्रों एवं राज्यों में रोजगार की तलाश में प्रवसित हो रहे हैं।

कलेक्टर पुष्पेन्द्र कुमार मीणा के मार्गदर्शन में जिले के कोण्डागांव, माकड़ी, केशकाल विकासखण्डों में राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन बिहान समूह की महिलाओं को ग्रामों में जागरूकता प्रसार और वैज्ञानिक विधियों से कृषि को बढ़ावा देने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है।

इसके तहत ग्रामों की ही बिहान स्व-सहायता समूहों की महिलाओं को जिला मिशन समन्वयक विनय सिंह के मार्गदर्शन में सीएमएसए योजना (सामुदायिक संवहनीय कृषि प्रबंधन योजना) के अंतर्गत चयनित कर वैज्ञानिक विधि से कृषि कार्यों का प्रशिक्षण कृषि विभाग और उद्यानिकी विभाग द्वारा दिया गया। इस प्रशिक्षण में इन महिलाओं को खरीफ फसल के लिए वैज्ञानिक विधियों से फसल व बीज के चयन, नर्सरी विकास, नाडेप पिट के द्वारा जैविक खाद का निर्माण, बीज उपचार, अजोला पिट निर्माण, टूल बैंक निर्माण, जैविक कीटनाशकों का निर्माण के संबंध में जानकारी देकर कृषि सखी के रूप में गांवों में नियुक्त किया गया है। ये कृषि सखियां ग्राम में कृषि की आधुनिक वैज्ञानिक विधियों जैसे श्री विधि, लाईन रोपा के संबंध में कृषकों को शिक्षा देने हेतु ग्रामों में कृषक पाठशाला का आयोजन कर रही हैं। अब तक तीनों विकासखण्डों को मिलाकर कुल 160 ग्रामों में 160 कृषि सखियां कार्य कर रही हैं। इनके द्वारा जिले में 465 कृषक पाठशालाओं के माध्यम से 18417 किचन गार्डन एवं 5601 कृषकों को श्री विधि द्वारा रोपण की जानकारी प्रदान की गई है।

इनमें से कोण्डागांव विकासखण्ड की 40 कृषि सखियों द्वारा अब तक 68 कृषक पाठशालाओं का आयोजन किया गया है। जिसके माध्यम से कोण्डागांव विकासखण्ड में 5500 किचन गार्डन विकसित करने के साथ 2600 किसानों को श्री विधि द्वारा धान के रोपण की जानकारी दी गई है। इसी प्रकार केशकाल विकासखण्ड में 30 कृषि सखियों द्वारा 317 कृषक पाठशालाओं का आयोजन करते हुए 3317 किचन गार्डन निर्माण एवं 751 कृषकों को श्री विधि द्वारा रोपण तथा माकड़ी विकासखण्ड की 90 कृषि सखियों द्वारा 9600 किचन गार्डन का निर्माण करते हुए 2250 कृषकों को श्री विधि द्वारा रोपण की जानकारी प्रदान की गई है।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news