राजनांदगांव

पुरंदेश्वरी की टिप्पणी से कांग्रेस नेत्रियां खफा
04-Sep-2021 12:47 PM
पुरंदेश्वरी की टिप्पणी से कांग्रेस नेत्रियां खफा

भाजपा प्रभारी को दी मर्यादा में रहने की नसीहत

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 4 सितंबर।
बस्तर के चिंतन शिविर में भाजपा की प्रदेश प्रभारी डी. पुरंदेश्वरी के विवादित बयान पर सख्त आपत्ति जाहिर करते राजनंादगांव की कांग्रेस नेत्रियों ने उन पर महिला होने के नाते मर्यादा में रहने की नसीहत दी। वहीं उनके बयान को भाजपा की संकीर्ण मानसिकता का असली चेहरा करार दिया।

‘छत्तीसगढ़’ ने पुरंदेश्वरी के भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा थूकने मात्र से कांग्रेस मंत्रिमंडल के बह जाने के संबंध में जिले की कांग्रेसी नेत्रियों से प्रतिक्रिया जानी। खुज्जी विधायक छन्नी साहू ने बयान की कड़ी शब्दों में निंदा करते कहा कि भाजपा हमेशा गंदे शब्दों का इस्तेमाल करने में विश्वास करती है। उसकी करनी और कथनी जग जाहिर है। महिला नेत्री होने के बावजूद पुरंदेश्वरी ने ऐसा बयान देकर छत्तीसगढ़ की जनता का अपमान किया है।
 
महापौर हेमा देशमुख ने कहा कि थूंकना, चाटना जैसे हल्के शब्द सिर्फ भाजपाइयों को शोभा देते हैं। इन शब्दों से भाजपा की संकीर्ण मानसिकता का पता चलता है। उन्होंने कहा कि भाजपा नेत्री पुरंदेश्वरी द्वारा दिया गया घटिया बयान इस बात को स्पष्ट करता है कि प्रदेश में 15 बरसों तक सत्ता का सुख भोगने वाले भाजपाई सत्ता से बेदखल होने के महज ढाई साल में ही जल बिन मछली की तरह तड़प रहे हैं। इसी बौखलाहट में भाजपाई भूपेश सरकार को बदनाम करने और सस्ती लोकप्रियता हासिल कर चर्चा में बने रहने के लिए अनर्गल बयानबाजी कर रहे हैं।

कांग्रेस की वरिष्ठ नेत्री शारदा तिवारी ने कहा कि एक महिला के लिए भाषा सौंदर्य की तरह है। राजनीति में कभी भी हल्के शब्दों का इस्तेमाल नहीं किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि समाजसेवा और राजनीति के क्षेत्र में प्रतिनिधित्व करने वालों पर जनता की नजर रहती है। पुरंदेश्वरी के मुख्यमंत्री और कांग्रेस के खिलाफ  बयान की पार्टी कड़ी निंदा करती है।

पूर्व जिला पंचायत सदस्य और कांग्रेस नेत्री कांति बंजारे ने कहा कि बयान का पूरा सार भाजपा की छोटी मानसिकता को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि कांग्रेसियों ने ही भाजपा को 15 सीट पर लाकर समेट दिया। ऐसा लगता है कि इस हार से अब तक भाजपा उबर नहीं पाई है और भड़ास निकालने के लिए निम्न स्तर का बयान दे रही है।

महिला कांग्रेस प्रवक्ता हिमानी वासनिक ने कहा कि बोलचाल की भाषा में मर्यादा का होना बेहद जरूरी है। लोकतंत्र में सत्ता-विपक्ष के बीच स्वस्थ राजनीतिक बयानबाजी को ही महत्व मिलना चाहिए। उन्होंने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार और राज्य की विपक्षी भाजपा मर्यादा भूलकर अनर्गल बयानबाजी कर रही है। पुरंदेश्वरी का बयान एक महिला होने के नाते बेहद ही हल्का रहा। ऐसे बयान की पार्टी सख्त निंदा करती है।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news