राजनांदगांव

14 सूत्रीय मांगों को ले संगठनों ने एक मंच पर सरकार के खिलाफ बोला हल्ला
04-Sep-2021 7:06 PM
14 सूत्रीय मांगों को ले संगठनों ने एक मंच  पर सरकार के खिलाफ बोला हल्ला

  वायदे पूरे नहीं करने पर बेमुद्दत हड़ताल  

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबागढ़ चौकी, 4 सितंबर।
महंगाई भत्ता सहित अन्य 14 सूत्रीय मांगों को लेकर ब्लॉक में सक्रिय 23 कर्मचारी व अधिकारी संगठन शुक्रवार को बरसते पानी में भी छग की कांग्रेस सरकार के खिलाफ हुंकार भरते रहे। एक मंच पर एक साथ जुटे कर्मचारियों व अधिकारियों ने अपनी मांगों को छग सरकार तक पहुंचाने के लिए दिनभर धरना प्रदर्शन करते कांग्रेस सरकार से वायदा निभाओ और घोषणाएं पूरी करने की मांग उठती रही। नगर में शुक्रवार दोपहर हुई दो घंटे की बारिश के बाद भी आंदोलनकारी प्रदर्शन स्थल में भीगते सरकार के खिलाफ आवाज उठाने के लिए डटे रहे।

वनांचल में सक्रिय 23 कर्मचारी-अधिकारी संगठन ने शुक्रवार को छग कर्मचारी-अधिकारी फेडरेशन की अगुवाई में ब्लॉक मुख्यालय में छग शासन के खिलाफ एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारी 28 फीसदी महंगाई भत्ता सहित अन्य 14 सूत्रीय मांगों को पूर्ण करने के लिए सुबह 10 से शाम 5 बजे तक छग सरकार के खिलाफ धरना प्रदर्शन किया।

 इस आंदोलन में छग प्रदेश शिक्षक फेडरेशन, छग राजपत्रित संघ, छग शिक्षक संघ, छग प्रदेश शिक्षक संघ, तृतीय वर्ग शासकीय कर्मचारी संघ, छग सहायक शिक्षक फेडरेशन संघ, पटवारी संघ, स्वास्थ्य कर्मचारी संघ, ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी संघ, अजाक्स, सहायक पशु चिकित्सा अधिकारी संघ, राजस्व निरीक्षक संघ, अपाक्स संघ, लघुवेतन कर्मचारी संघ, नगरीय निकाय कर्मचारी संघ इत्यादि प्रमुख संघ शामिल हुए। प्रदर्शन में कर्मचारी संघ के प्रमुख पदाधिकारियों ने सरकार से  14 सूत्रीय मांगों को पूर्ण करने तथा कांग्रेस सरकार से चुनाव के पूर्व किए गए वायदों व घोषणाओं को पूरी करने की मांग जोरशोर से उठाया। 

छग कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन के स्थानीय प्रमुख ब्लॉक संयोजक प्राचार्य आरबी सिंह ने बताया कि आंदोलन में क्षेत्र के सक्रिय सभी कर्मचारी,अधिकारी संगठन के एक हजार से अधिक लोग शामिल हुए।  आंदोलन में सीईओ बीपी चुरेन्द्र, तहसीलदार एचएन खुंटे, एसडीओ एचके शेंडे, ओपी माहला, पवन साहू, महेश राजपूत, लखन सोरी, यूके देवांगन, किशन गुप्ता, कलीम खान, मुकेश शुक्ला, विकास मानिकपुरी, देव यादव, राजकुमार महानदिया, एम. मानिकपुरी, मुरारी श्रीवास्तव, हेमलाल वर्मा, अवधेश शुक्ला, सूरज रावटे, जीएस यादव, मुकेश गिरी, महेश यादव, जसवंत साहू, सुरेन्द्र तिवारी, राजेन्द्र उईके, दिलीप यादव, कविता शांडिल्य आदि प्रमुख पदाधिकारियों ने सभा को संबोधित करते सरकार को आडे हाथ लेते 14 सूत्रीय मांगों को पूर्ण करने की बात रखी।
 

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news