राजनांदगांव

8 साल के ऐलेक्स की हत्या की आशंका पर तीन डॉक्टरों की टीम ने किया पोस्टमार्टम
14-Dec-2021 12:51 PM
8 साल के ऐलेक्स की हत्या की आशंका पर तीन डॉक्टरों की टीम ने किया पोस्टमार्टम

   गोटाटोला के तालाब में मिला था शव, दो दिनों से था लापता  

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 14 दिसंबर।
मोहला के गोटाटोला के 8 वर्षीय ऐलेक्स मसीह के लापता होने के दो दिन बाद तालाब से शव मिलने से पूरे इलाके में जहां शोक का माहौल है। वहीं परिजनों और ग्रामीणों की हत्या आशंका जताने के बाद पुलिस ने तीन डॉक्टरों से पोस्टमार्टम कराया है। पोस्टमार्टम कराने के बाद बिसरा रिपोर्ट का पुलिस को इंतजार है।
सूत्रों का कहना है कि 8 साल का ऐलेक्स अपने माता-पिता का लाडला था। वहीं गांव में भी वह सबका चेहेता था। उसकी मौत की खबर से पूरा गांव सन्न हो गया है। 11 दिसंबर से ऐलेक्स मसीह एकाएक गायब हो गया। शुरूआत में मामले को अपहरण से जोडक़र देखा जा रहा था। इसी बीच परिजनों और ग्रामीणों ने लापता बालक को ढूंढने के लिए पूरा जोर लगाया। 13 दिसंबर को गांव के ही तालाब में नहाने गए कुछ लोगों ने एक शव को तैरते देखा। इसके बाद गांव के लोगों की मौजूदगी में शव को जब बाहर निकाला गया तो लोगों के पैरों तले  जमीन खिसक गई। 8 साल का मासूम ऐलेक्स के शव को पानी से बाहर निकालने के दौरान गम और शोक माहौल बन गया। इस बीच पुलिस मौके पर पहुंची। ग्रामीणों और परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए बारीकी से मामले की छानबीन करने की मांग की। अंबागढ़ चौकी एसडीओपी अर्जुन कुर्रे की अगुवाई में टीम ने अलग-अलग स्तर पर जांच शुरू की है। परिजनों  को संतुष्ट करने के इरादे से तीन चिकित्सकों ने पोस्टमार्टम किया है। सूत्रों का कहना है कि परिस्थितिजन्य हत्या की संभावना कम है। शरीर में चोट के निशान नहीं है। पुलिस परिजनों और ग्रामीणों  की भावनाओं के अनुरूप मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। इस संबंध में एसडीओपी श्री कुर्रे ने ‘छत्तीसगढ़’ से कहा कि लापता बालक का शव बरामद किया गया है। तीन चिकित्सकों की टीम ने पोस्टमार्टम किया है। अब रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।
इधर पुलिस जहर सेवन से हुई मौत की आशंका को भी जांच के दायरे में लेकर घटनाक्रम की वस्तुस्थिति का पतासाजी कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में जहर की स्थिति का भी पता चल जाएगा।

इकलौता चिराग था ऐलेक्स
गोटाटोला के मार्टिन मसीह के परिवार का ऐलेक्स मसीह इकलौता चिराग था। मार्टिन और उनकी धर्मपत्नी शिक्षक हैं। दोनों का गांव में बड़ा ही सम्मान है। सूत्रों का कहना है कि कई सालों बाद ऐलेक्स के रूप में दंपत्ति को औलाद का सुख मिला था। जिसके कारण वह सबका दुलारा था। शिक्षक दंपत्ति रोज की तरह अध्यापन के लिए स्कूल चले गए थे। घटना के दिन ऐलेक्स पास के गांव घावड़ेटोला में खेलते हुए चला गया। तालाब के नजदीक एक मैदान में वह कुछ बच्चों के साथ खेल रहा था। इसी बीच वह गहरे पानी में उतर गया। पुलिस ने आशंका जताई है कि तालाब के किनारे गहराई का ऐलेक्स को अंदाजा नहीं था। यही कारण है कि वह पानी में डूब गया। पुलिस पूरे मामले की तफ्तीश कर रही है। मसीह दंपत्ति अपने 8 साल के लाड़़ले को खोने के गम में डूबी हुई है। गांव में हर कोई बच्चे के चले जाने से गमगीन है।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news