बलौदा बाजार

गौठान मेला में पहले ही दिन महिला स्व सहायता समूह ने बेचे 22 हजार से अधिक के उत्पाद
09-Feb-2022 4:22 PM
गौठान मेला में पहले ही दिन महिला स्व सहायता समूह ने बेचे 22 हजार से अधिक के उत्पाद

हितग्राहियों को बांटे  विभिन्न उपकरण

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बलौदाबाजार, 9 फरवरी।
  जिले में गौठानो को स्वालंबन बनाने के लिए एक नई अभिनव पहल के तहत गौठान मेले का शुभांरभ से बलौदाबाजार विकासखंड के अंतर्गत ग्राम पुरैना खपरी एवं पलारी विकासखंड के अंतर्गत ग्राम टीला से किया गया। मेले में पहले ही दिन महिला स्व सहायता समूहों  ने 22 हजार रूपये से अधिक के उत्पाद बेचे है। इस मेले के दौरान विभिन्न विभागों द्वारा हितग्राहियों को उपकरण, पशुओं का टीकाकरण, गौठानों समिति के सदस्यों को प्रशिक्षण, आम जनता को कृषि संबंधित जानकारी से अवगत कराया गया।

इस मेले का शुभांरभ पलारी विकासखंड के ग्राम टीला में संसदीय सचिव विधायक शकुन्तला साहू एवं बलौदाबाजार विकासखंड के ग्राम पुरैना खपरी में जिला पंचायत अध्यक्ष राकेश वर्मा, कृषक कल्याण बोर्ड अध्यक्ष सुरेन्द्र शर्मा के द्वारा किया गया। इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य कुशल वर्मा, जनपद उपाध्यक्ष ईशान वैष्णव, जनपद सदस्य आर्यन शुक्ला सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधिगण, गौठान समिति के सदस्य, कृषक, चरवाहा एवं आम जन उपस्थित थे।

साथ ही जिला पंचायत सीईओ डॉ. फरिहा आलम सिद्धीकी, उप संचालक कृषि सत राम पैकरा सहित पंचायत, कृषि, मत्स्य, उद्यानिकी, पशुधन विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। पलारी विकासखंड के ग्राम टीला में संसदीय सचिव शकुन्तला साहू ने 12 ग्राम के महिला स्व सहायता समूहों को 2 नग उड़ावनी पंखा, 4 पावर स्प्रेयर, 9 दांतेदार हंसिया, 2 हार्टीकल्चर टूल कीट एवं अन्य 11 दांतेदार हंसिया हितग्राहियों को वितरित किए गए। इसी तरह पशुधन विभाग द्वारा पुरैना खपरी में कुल 119 पशुओं का टीकाकरण, 187 पशुओं का उपचार, 4 कृत्रिम गर्भाधान और 2 का बधियाकरण किया गया। इसी तरह कृषि विभाग द्वारा 10 कृषकों को ग्रीष्म काल हेतु मक्का बीज का वितरण किया गया।

गौठान मेले के बारे में जानकारी देते हुए जिला पंचायत सीईओ ने बताया कि  पुरैना खपरी में लगभग 13 हजार रूपये एवं पलारी में लगभग 9 हजार रूपये के उत्पाद बेचे गए। जिसमें महिला स्व सहायता समूह द्वारा बनाए गए साबुन, फिनायल, मसाले, अचार, पापड़, चिप्स, निरमा, मिक्चर एवं अन्य उत्पाद शामिल है। इसके साथ ही वर्मी खाद का भी स्टाल लगाकर विक्रय किया गया। जिसे बड़ी संख्या में आए हुए अतिथि, आम जनता  एवं कृषकों के द्वारा खरीदारी की गई। पुरैना खपरी में ग्राम भद्रापाली, ठेलकी, रवान, कंजी, लाहोद एवं रिसदा के गौठान समिति के सदस्य एवं गौठानों में कार्य करने वाले महिला स्व सहायता समूह के सदस्य सम्मिलित हुए। गौरतलब है कि जिले में  8 फरवरी से लेकर 28 फरवरी तक चिन्हाकित 31 गौठानो में मेला का आयोजन किया जा रहा है।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news