राजनांदगांव

प्रत्येक युवा के लिए इतिहास का ज्ञान आवश्यक-कलेक्टर
26-Feb-2022 4:04 PM
प्रत्येक युवा के लिए इतिहास का ज्ञान आवश्यक-कलेक्टर

युवाओं को नहीं भूलना चाहिए आजादी कितनी कठिनाइयों से मिली

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 26 फरवरी ।
शासकीय दिग्विजय महाविद्यालय में इतिहास विभाग द्वारा गत् दिनों कलेक्टर तारन प्रकाश सिन्हा के व्याख्यान का आयोजन किया गया। कलेक्टर सिन्हा ने प्राचीन आधुनिक भारत पर अनेक दुर्लभ उदाहरणों को प्रस्तुत करते बताया कि इतिहास के विद्यार्थी को समग्र दृष्टि से अध्ययन करना चाहिए। यदि वह सभी पक्षों द्वारा इतिहास का अध्ययन करता है तो उसे भारत की सर्वसमावेशी, विविधता पूर्ण संस्कृति का ज्ञान होता है। भारत धर्म, जाति, भाषा, संस्कृति नस्ल आदि विविधताओं से भरा हुआ देश है, इसकी एकता को खंडित नहीं किया जा सकता है। भारत अलग-अलग पंखुडियों से बना एक पुष्प है।

कलेक्टर सिन्हा ने आजादी को अमृत महोत्सव के अवसर पर विद्यार्थियों से आजादी के नायको सुभाषचंद्र बोस, महात्मा गांधी, भीमराव अम्बेडकर को याद करते कहा कि युवाओं को यह नहीं भूलना चाहिए कि आजादी कितनी कठिनाइयों से प्राप्त हुई है।
कार्यक्रम का संचालन करते इतिहास विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. शैलेन्द्र सिंह ने कहा कि जिलाधीश ने इतिहास के जिन तमाम पक्षों की सरलतापूर्वक व्याख्यान की है। उन्होंने कहा कि वर्तमान पीढ़ी को आजादी का मूल्य समझना होगा, हमने काफी संघर्षों के बाद आजादी पाई है। वर्तमान समय में हमें इतिहास का महत्व समझना होगा और अपनी पुरानी गौरवशाली संस्कृति को प्राप्त करना होगा।  आशीष दास द्वारा ऐतिहासिक दस्तावेजों की प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। जिसमें गांधीजी के पत्रों के साथ-साथ, गांधीजी के विभिन्न लेखो हरिजन समाचार पत्र की कापी तथा 1857 की क्रांति के समय के बटन को भी प्रदर्शनी के समय दिखाया गया।

अंत में इतिहास विभाग की तरफ से कलेक्टर को स्मृति चिन्ह भेंट स्वरूप प्रदान किया गया।
कार्यक्रम में प्रो. हीरेन्द्र बहादुर ठाकुर ने धन्यवाद ज्ञापन दिया। इस  अवसर पर प्रो. एचएस अलरेजा, प्रो. विकास कांडे, प्रो. संजय सप्तर्षि, प्रो. हेमंत नंदागौरी, शरद तिवारी, प्रो. हेमलता साहू, प्रो. मोहित साहू सहित इतिहास विभाग के विद्यार्थी, एनसीसी, एनएसएस तथा महाविद्यालय के विद्यार्थी बड़ी संख्या में उपस्थित थे।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news