राजनांदगांव

एक बूथ 20 यूथ पर जोर, सरकार की नाकामियों को लेकर युवा मोर्चा करेगा प्रदर्शन
28-Feb-2022 2:21 PM
एक बूथ 20 यूथ पर जोर, सरकार की नाकामियों को लेकर युवा मोर्चा करेगा प्रदर्शन

जिला भाजयुमो की बैठक में बनी रणनीति

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 28 फरवरी।
जिला भाजयुमो की दूसरी कार्यसमिति की बैठक में युवाओं को साथ लेकर मंडल-बूथ स्तर पर स्थानीय मुद्दों को लेकर प्रदर्शन की रणनीति बनाई गई। शनिवार को जिला भाजपा कार्यालय में बैठक संपन्न हुई। जिसमें जिला कार्यकारिणी समेत सभी मंडलों के अध्यक्ष, पदाधिकारी व कार्यकर्ता शामिल हुए। बैठक लेने पहुंचे प्रदेश भाजयुमो महामंत्री व दुर्ग संभाग युवा मोर्चा के प्रभारी टकेश्वर जैन ने भाजयुमो को नया लक्ष्य दिया। बैठक में राजनांदगांव प्रभारी मनीष पारख एवं प्रदेश युवा मोर्चा के पदाधिकारी भी मौजूद थे।

बैठक को संबोधित करते संभाग प्रभारी श्री जैन ने एक बूथ 20 यूथ तैयार करने, मंडल स्तर पर स्थानीय मुद्दों को लेकर विरोध प्रदर्शन, बूथ स्तर पर शक्ति केंद्रों में प्रभारी सहप्रभारी नियुक्त करने की बात कही। उन्होंने युवा मोर्चा पदाधिकारियों से स्थानीय मुद्दों को पूछकर उन मुद्दों पर विरोध प्रदर्शन की रणनीति बनाने कहा। उन्होंने कहा कि प्रदेश में मौजूदा कांग्रेसनीत सरकार की नीतियां जनहित में कम और स्वयं के प्रचार-प्रसार और दिखावे की ज्यादा है।

जिला भाजयुमो प्रभारी मनीष पारख ने कहा कि जमीनी स्तर पर कांग्रेस सरकार का विरोध है। यूथ को साथ लेकर सरकार की नाकामियों का पर्दाफाश किया जाएगा। उन्होंने स्थानीय मुद्दों पर जोर देने की भी बात कही। उन्होंने प्रदेश नेतृत्व द्वारा मिले निर्देशों का पालन करते बेहतर समन्वय स्थापित कर सरकार के खिलाफ प्रदर्शनों पर जोर दिया।

बैठक में जिला भाजयुमो अध्यक्ष मोनू बहादुर सिंह ने पदाधिकारियों, मंडल अध्यक्ष व कार्यकर्ताओं से आने वाले दिनों में पूरी ताकत लगा देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि हमारे वरिष्ठ नेता, युवा मोर्चा के प्रभारियों ने हमारा जो मार्गदर्शन किया है, उस पर अमल करते हमें लोगों के बीच जाकर कांग्रेस सरकार की नाकामियों को सामने लाना है। उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में हमें कई चुनौतियों का सामना करना है और हम डटकर लड़ेंगे।
कार्यक्रम को भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष खूबचंद पारख, जिला भाजपा अध्यक्ष मधुसूधन यादव  ने संबोधित किया। बैठक में नेता प्रतिपक्ष किशुन यदु, भाजपा उत्तर व दक्षिण मंडल अध्यक्ष अतुल रायजादा, तरुण लहरवानी, मणिभास्कर गुप्ता, भावेश बैद, नेहा शर्मा, नरेंद्र हंसा, गोलू सूर्यवंशी, अनुराग चौरसिया, समीर श्रीवास्तव सहित जिला युवा मोर्चा के पदधिकारी, सभी 20 मंडल के अध्यक्ष सहित महामंत्री व युवा मोर्चा के कार्यकर्ता उपस्थित थे। मंच संचालन युवा मोर्चा जिला महामंत्री डिकेश साहू, आकाश चोपड़ा, नीरज यादव ने किया।
 

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news