राजनांदगांव

गौठानों में अधिक गतिविधियां संचालित करने निर्देश
03-Mar-2022 4:20 PM
गौठानों में अधिक गतिविधियां संचालित करने निर्देश

अमलीडीह गौठान में राजस्व शिविर आयोजित

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 3 मार्च।
कलेक्टर तारन प्रकाश सिन्हा शासन की महात्वाकांक्षी योजना नरवा, गरूवा, घुरवा और बाड़ी के अंतर्गत निर्मित गौठान के क्रियान्वयन तथा स्वसहायता समूह की आर्थिक गतिविधियों के माध्यम से आय बढ़ाने की दिशा में लगातार गौठानों का निरीक्षण कर रहे हैं। उन्होंने बुधवार को डोंगरगांव विकासखंड के ग्राम अमलीडीह और सालिक झिटिया गौठान का निरीक्षण किया। उन्होंने गौठान में वर्मी कम्पोस्ट निर्माण एवं विक्रय की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि वर्मी कम्पोस्ट निर्माण कार्य लगातार चलना चाहिए। ग्राम अमलीडीह के गौठान में आर्थिक गतिविधियों की जानकारी ली।

स्वसहायता समूह की महिलाओं ने बताया कि वर्मी कम्पोस्ट शेड में वर्मी उत्पादन के साथ मशरूम उत्पादन भी किया जा रहा है। वर्मी कम्पोस्ट शेड में ही नई तकनीक से मशरूम उत्पादन किया जा रहा है। अब तक 1 क्ंिवटल मशरूम का विक्रय कर चुके हैं। जनपद सीईओ ने बताया कि मुर्गी पालन, बकरी पालन, डेयरी पालन के लिए शेड तैयार किए जा रहे है। वहीं मछली पालन के लिए डबरी का निर्माण किया जा रहा है। कलेक्टर सिन्हा ने कहा कि समूह के लिए आर्थिक गतिविधियां जल्द ही प्रारंभ करें। गौठान में छाया के लिए पौधे लगाने के निर्देश दिए। साथ ही मवेशियों के रहने के स्थान पर छाया की व्यवस्था करें। उन्होंने कहा कि ग्राम सालिकझिटिया गौठान में आसपास के क्षेत्र पथरिला स्थान होने पर पत्थर का उपयोग रंगोली बनाने में किया जा सकता है। स्वसहायता समूह की महिलाओं के लिए यह गतिविधियां प्रारंभ करने कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए। इसके साथ ही बकरी पालन कार्य भी प्रारंभ करने कहा।

कलेक्टर ने किया  स्टाल का निरीक्षण
ग्राम अमलीडीह गौठान में विकासखंड स्तरीय गौठान मेला का आयोजन किया गया।  कलेक्टर सिन्हा ने गौठान मेला में स्व सहायता समूह तथा विभिन्न विभाग द्वारा लगाए गए स्टाल का निरीक्षण कर उनके गतिविधियों की जानकारी ली। स्टाल में महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारियों से कहा कि आंगनबाड़ी केन्द्रों में जिन सामग्रियों की आवश्यकता होती है, वे सभी स्वसहायता समूह द्वारा क्रय किया जाए। आंगनबाड़ी केन्द्रों में उपयोग किए जाने वाली सभी वस्तुओं की सूची तैयार करें।
जिसके अनुसार स्वसहायता समूह द्वारा सामग्री तैयार कर विक्रय किया जाएगा।

राजस्व प्रकरणों की ली जानकारी
कलेक्टर सिन्हा ने गौठान मेला में ग्रामीणों द्वारा राजस्व विभाग के कार्यों की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने राजस्व शिविर में किसानों को ऋण पुस्तिका और किसान पुस्तिका का वितरण किया। उन्होंने पटवारी से नामांतरण, सीमांकन, बंटवारा, फौती संबंधी प्रकरणों को तत्काल निराकरण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पटवारी विभिन्न गांवों में राजस्व प्रकरणों के निराकरण के लिए चौपाल लगाए। पटवारी अपने हल्का कार्यालय में उपस्थित रहे। कार्यालय के बाहर उपस्थिति की तिथि और समय चस्पा करें। जिससे नागरिकों को जानकारी मिल सके। निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत सीईओ लोकेश चंद्राकर, एसडीएम हितेष पिस्दा, जनपद सीईओ श्री चंद्रवंशी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
 

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news