राजनांदगांव

समूह की महिलाएं कर रहीं उद्योगों की ओर रूख, गौठानों में मेला
03-Mar-2022 8:10 PM
समूह की महिलाएं कर रहीं उद्योगों की ओर रूख, गौठानों में मेला

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

राजनांदगांव, 3 मार्च। जिले के राजनांदगांव विकासखंड के ग्राम अंजोरा स्थित वृंदावन गौठान को प्रदेश में रूरल इंडस्ट्रियल पार्क के रूप में पहचाना जा रहा है। लगभग 40 एकड़ क्षेत्र में फैले गौठान में स्वसहायता समूह की महिलाएं औद्योगिक कार्य में संलग्न होकर उद्योगों की ओर रूख कर रही हंै। जिला प्रशासन द्वारा गौठान से लोगों को जोडऩे जिले के सभी गौठानों में गौठान मेला का आयोजन किया जा रहा है। इसी कड़ी में बुधवार को अंजोरा स्थित वृंदावन आदर्श गौठान में गौठान मेला का आयोजन किया गया। कलेक्टर तारन प्रकाश सिन्हा ग्राम अंजोरा स्थित वृंदावन गौठान रूरल इंडस्ट्रियल पार्क के गौठान मेला में शामिल हुए।

इस दौरान छत्तीसगढ़ युवा आयोग के अध्यक्ष जितेन्द्र मुदलियार ने गौठान मेला में लगाए स्टॉलों का अवलोकन किया। साथ ही गौठान में स्वसहायता समूह द्वारा संचालित वृंदावन रसोई में चाय पी और छत्तीसगढ़ी व्यंजनों का स्वाद चखा। कलेक्टर सिन्हा ने कहा कि गौठान में लोगों को जोडऩे के लिए गौठान मेला का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि वृंदावन गौठान रूरल इंडस्ट्रियल पार्क है। यहां लगभग 100 महिलाओं को गुलाल सहित अन्य सामग्री बनाने का प्रशिक्षण दिया गया है। अब ये महिलाएं उत्पाद तैयार कर रही है। इसके लिए श्री गणेशा गुलाल इंडस्ट्री से ओएमयू भी हुआ है। उन्होंने कहा कि रूरल इंडस्ट्रियल पार्क से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करना और रोजगार के अवसर विकसित करना है। साथ ही गौठान महिलाओं के आर्थिक स्वावलंबन का भी केन्द्र है। उन्होंने कहा कि गौठान में मवेशियों का ध्यान रखा जा रहा है। इसके साथ-साथ महिला स्वसहायता समूह के लिए आर्थिक सशक्तिकरण का माध्यम है। गौठान मेला का उद्देश्य जनसामान्य गौठान से जुड़े और यहां आकर विभिन्न गतिविधियों से अवगत हो। जिससे अन्य क्षेत्र की महिलाएं यहां की महिलाओं के कार्य को देखकर प्रेरित हो।

 इंडस्ट्रियल पार्क में गौठान मेला

गौठान मेला में राजनांदगांव विकासखंड के सभी स्वसहायता समूह की महिलाओं द्वारा अपने उत्पादों का स्टॉल लगाया गया था। मेला घूमने शहर तथा अन्य विकासखंड के नागरिक यहां पहुंचे। गौठान मेला में ग्रामीण मंडई की तर्ज पर झूला और विभिन्न सामग्री के विक्रय के लिए स्टॉल भी लगाए गए थे। समूह की महिलाओं द्वारा लोकगीत, लोकनृत्य जैसे सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए गए।

छत्तीसगढ़ी व्यंजनों के स्टॉल में नागरिकों ने विशेष रूचि दिखाई। इसके साथ ही कृषि विभाग, मत्स्य पालन, महिला एवं बाल विकास विभाग, उद्यानिकी विभाग, पशु पालन विभाग, छत्तीसगढ़ राज्य बीज एवं कृषि विकास निगम सहित विभिन्न विभागों द्वारा प्रदर्शनी लगाई गई थी। राजीव युवा मितान क्लब द्वारा गौठान स्थित खेल मैदान में फुटबाल मैच का आयोजन किया गया। मेला घूमने आए नागरिकों ने रोमांचक फुटबाल मैच का आनंद लिया।

महिलाएं हो रहीं आर्थिक रूप से स्वावलंबी

वृंदावन गौठान रूरल इंडस्ट्रियल पार्क में स्वसहायता समूह की महिलाएं विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से आर्थिक रूप से स्वावलंबी हो रही है। महिलाएं रोली, कुमकुम, गोपी गुरूचंदन, गुलाल का निर्माण कर रही है। इसके लिए गौठान में मशीनरी स्थापित किया गया है। इसके साथ ही स्वसहायता समूह की महिलाएं गौठान में मशरूम उत्पादन, वर्मी कम्पोस्ट, बाड़ी, मछली पालन, पौध रोपण जैसे कार्यों में जुडक़र रोजगार प्राप्त कर रही है। गौठान में केला, आम, कटहल, नीबू, पपीता, नारियल, जाम सहित अन्य पौधे लगाए गए है। जिसमें मुख्यमंत्री प्रोत्साहन योजनांतर्गत प्रति एकड़ 10 हजार रुपए की राशि प्राप्त होगी। गौठान मेला में जनपद सीईओ राजनांदगांव एसके ओझा, उप संचालक कृषि जीएस धु्रर्वे, उप संचालक पशुधन विकास डॉ. राजीव देवरस सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी, कर्मचारी एवं नागरिक उपस्थित थे।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news