राजनांदगांव

नांदगांव को हॉकी सेंटर चयन के लिए सांसद ने केंद्रीय खेल मंत्री का जताया आभार
06-Mar-2022 6:50 PM
नांदगांव को हॉकी सेंटर चयन के लिए सांसद ने केंद्रीय खेल मंत्री का जताया आभार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

राजनांदगांव, 6 मार्च। युवा एवं खेल मंत्रालय भारत सरकार द्वारा खेलो इंडिया योजना के तहत खेलो इंडिया के लघु सेंटर की स्वीकृति के लिए सांसद संतोष पांडेय ने खेल एवं युवा कल्याण मंत्री अनुराग ठाकुर का आभार व्यक्त किया है।

उन्होंने प्रसन्नता व्यक्त करते कहा कि राजनांदगांव जिले के हॉकी प्रेमियों के लिए यह बड़ी उपलब्धि है। पूरे देश में राजनांदगांव की पहचान हॉकी की नर्सरी के रूप में होती है। यहां के हॉकी खिलाडिय़ों ने राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाई है। जिले से हॉकी खिलाडिय़ों ने राष्ट्रीय टीम में शामिल होकर देश एवं राज्य का गौरव बढ़ाया है।

उन्होंने बताया कि साई के अधिकारियों के साथ बैठक कर राजनांदगांव जिले के साई हॉस्टल में अलग-अलग खेलों का प्रस्ताव भेजा था। उनके द्वारा भेजे गए प्रस्ताव की स्वीकृति के लिए उन्होंने भारत सरकार के खेल मंत्री अनुराग ठाकुर से मुलाकात कर स्वीकृति हेतु अनुरोध किया था, उसी के परिणाम स्वरुप राजनांदगांव में हॉकी के लघु सेंटर की स्वीकृति प्राप्त हुई। उनके सहित दिल्ली स्थित साई के अधिकारियों के. राजेश्वर राव शामिल थे, के प्रयासों से युवा एवं खेल मंत्रालय भारत सरकार द्वारा राजनांदगांव जिले के लिए हॉकी ट्रेनिंग सेंटर का चयन होना एक बड़ी उपलब्धि है।

सांसद श्री पांडेय ने बताया कि राजनांदगांव में हॉकी खेल के सेंटर सहित खेलो इंडिया के कई प्रस्ताव मेरे द्वारा भारतीय खेल प्राधिकरण एवं सांई एवं भारत सरकार के खेल मंत्री अनुराग ठाकुर को स्वीकृति हेतु भेजे गए हैं।

श्री पांडेय ने बताया कि इस योजना के तहत स्वीकृत सेंटर को चार वर्ष सुविधा दी जाएगी। रिजल्ट के अनुसार इसे बढ़ाया जाएगा। इस योजना के तहत प्रथम वर्ष 10 लाख रूपए जिनमें से 5 लाख मैदान के मेंटेनेंस, 2 लाख रुपए खेल सामग्री एवं 3 लाख रुपए कोच को सेलरी के लिए खर्च किए जाएंगे। इसके अतिरिक्त विचाराधीन प्रस्ताव में सिंथेटिक एथलेटिक्स ट्रेक, दिग्विजय कॉलेज में मल्टी परपस इंडोर हॉल,  नवागांव में मल्टी परपस इंडोर हॉल, इंटरनेशनल हॉकी स्टेडियम में सांई का पृथक से हॉकी बालक-बालिकाओं के लिए 100 बेडेड हॉस्टल, कबड्डी खेल के साई हॉस्टल में प्रशिक्षक पदस्थ करते कबड्डी खेल को पुन: प्रारंभ करने के लिए, बास्केटबाल के बालक-बालिकाओं के लिए खेलो इंडिया की बास्केटबाल एकेडमी प्रारंभ करने का प्रस्ताव, हॉकी खेल के स्माल सेंटर की स्थापना का प्रस्ताव एवं बास्केटबाल के लिए नेशनल सेंटर ऑफ एक्सीलेंस का प्रस्ताव शामिल है।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news