राजनांदगांव

कॉप ऑफ द मंथ में सम्मानित हुए अफसर-जवान
06-Mar-2022 6:58 PM
कॉप ऑफ द मंथ में सम्मानित हुए अफसर-जवान

उत्कृष्ट सेवाओं के लिए एसपी के हाथों सम्मानित

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

राजनांदगांव, 6 मार्च। बेहतर पुलिसिंग के लिए जवानों को मुस्तैद रहने के लिए प्रोत्साहन के मद्देनजर कॉप ऑफ द मंथ के तहत एसपी संतोष सिंह ने अफसरों और जवानों को उत्कृष्ट सेवाओं के लिए सम्मानित किया।

ज्ञात हो कि कॉप ऑफ द मंथ दरअसल जवानों को ड्यूटी और कर्तव्यनिष्ठा का बोध कराने का एक मुहिम है। एसपी सिंह ने पदभार ग्रहण करने के बाद इस अभियान की शुरूआत की है। जिसके चलते अलग-अलग आपराधिक प्रकरण और पुलिसिंग के लिए जवानों को बेहतर कार्य के लिए हर माह सम्मानित किया जा रहा है।

एसपी सिंह ने बताया कि बेहतर काम करने वाले जवानों को सम्मानित करने का उद्देश्य यह है कि इस पुरस्कार में चयनित अधिकारियों को नगद ईनाम, उनके अलावा सेवा अभिलेख में दर्ज होगा। उनका फोटो, उनके उत्कृष्ट कार्य का संक्षिप्त विवरण, नाम, पद, पदस्थापना प्रमाण पत्र में अंकित होंगे। इससे उत्कृष्ट कार्य करने में प्रेरणा मिलेगी और जवानों में प्रतिस्पर्धा की भावना भी होगी। जिससे वे अच्छे कार्य करने के लिए अग्रसर रहेंगे।

इधर, एसपी ने गांजा माफिया को पकडऩे वाले टीम को भी सम्मानित किया। पुखराज वर्मा नामक कुख्यात गांजा तस्कर से 371 किलो गांजा जब्त किया। इस कार्रवाई में उप निरीक्षक भोला सिंह ने टीम के साथ आरोपी के घर छापामार कार्रवाई कर उसे धरदबोचा।

एसपी ने उप निरीक्षक सिंह को सम्मानित किया। वहीं विभिन्न अपराधों में तकनीकी साक्ष्य विश्लेषण कर आरोपियों की पतासाजी करने एवं मीडिया तथा सोशल मीडिया में पुलिस की सफलता को उपलब्ध कराने पर सहायक उप निरीक्षक द्वारिका प्रसाद लाउत्रे को भी सम्मानित किया।

संजू मोबाइल शॉप में चोरी करने वाले आरोपी की हरियाणा से गिरफ्तारी और जब्त माल की रिकवरी करने में सराहनीय भूमिका पर सुरगी चौकी प्रभारी चेतन चंद्राकर को भी कॉप ऑफ द मंथ के लिए चयन कर सम्मानित किया। इसके अलावा मोहला के गुम इंसान अपहृता की बरामदगी एवं फरार आरोपी को गिरफ्तार करने में सराहनीय कार्य करने प्रधान आरक्षक गौतम सिंह भुआर्य और डोंगरगांव थाना में चोरी के 11 बाईक जब्त करने पर प्रधान आरक्षक मोहन चंदेल एवं नक्सल कैम्प निर्माण तथा नए कैम्पों में आवासीय व्यवस्था बनाने में सराहनीय कार्य के लिए आरक्षक विष्णु भेडिय़ा को सम्मानित किया गया।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news