बालोद

सीएम ने प्रदेश की महिलाओं को दी बड़ी सौगात- अनिला
09-Mar-2022 2:35 PM
सीएम ने प्रदेश की महिलाओं को दी बड़ी सौगात- अनिला

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दल्लीराजहरा, 9 मार्च। 
अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर प्रदेश के मुख्यमंत्री ने प्रदेश की महिलाओं को बड़ी सौगात दी है। उन्होंने कौशल्या मातृत्व योजना का शुभारंभ किया एवं सुरक्षित मातृत्व के लिए 5 हजार हितग्राहियों को 5-5 हजार रुपए के चेक प्रदान किये। इसके लिए प्रदेश की महिला बाल विकास एवं समाज कल्याण मंत्री एवं क्षेत्रीय विधायक अनिला भेंडिया ने मुख्यमंत्री के प्रति आभार जताया।

मंत्री अनिला भेंडिया ने बताया कि अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर प्रदेश के मुख्यमंत्री ने छत्तीसगढ़ प्रदेश की महिलाओं का सम्मान करते हुए कौशल्या मातृत्व योजना का शुभारंभ किया। इस योजना के तहत द्वितीय पुत्री के जन्म पर महिला हितग्राहियों को एक मुश्त 5 हजार रुपए की सहायता राशि दिए जाने का प्रावधान है।

वहीं उन्होंने बताया कि आंगनबाड़ी सेवाओं में उत्कृष्ट कार्य करने वाली आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं, छत्तीसगढ़ महिला कोष योजना से लाभ लेकर महिलाओं को आर्थिक रुप से स्वावलंबी बनाने वाले स्व - सहायता समूहों को सम्मानित किया। इसी प्रकार उन्होंने सखी वन स्टांप सेंटर और नवा बिहान योजना के तहत महिला संरक्षण की दिशा मे उत्कृष्ट कार्य करनें वाली अधिकारियों को सम्मानित किया।

मंत्री अनिला भेंडिय़ा ने बताया कि  महिलाएं गौठानों में गोबर से वर्मी कंम्पोस्ट सहित विभिन्न सामाग्रियां तैयार कर लाभ अर्जित कर रही है, छत्तीसगढ़ प्रदेश की महिलाएं अब आत्मनिर्भर बन रही है जो बहुंत ही हर्ष की बात है।
प्रदेश के मुख्यमंत्री द्वारा छत्तीसगढ़ की महिलाओं को भी आर्थिक रुप से सुदृढ़ बनाने के लिए अनेकों योजनाएं लागू की गई है, ताकि वे किसी पर आस्रित न हो और वे स्वयं आत्मनिर्भर बन कर अपनी आर्थिक स्थित को मजबूत कर सकें।
 

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news