राजनांदगांव

जन्म शताब्दी समारोह को शक्ति केंद्र कार्य विस्तार योजना के रूप में मनाएगी भाजपा
15-Mar-2022 3:59 PM
जन्म शताब्दी समारोह को शक्ति केंद्र कार्य विस्तार योजना के रूप में मनाएगी भाजपा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 15 मार्च।
प्रदेश भाजपा के आह्वान पर पार्टी के वरिष्ठ आधार स्तंभ कुशाभाऊ ठाकरे जन्म शताब्दी समारोह के अवसर पर जिला भाजपा शक्ति केंद्र कार्य विस्तार योजना के रूप में आगामी माह 11 से 20 अप्रैल तक मनाएगी।
सोमवार को भाजपा कार्यालय में प्रदेश भाजपा के कोषाध्यक्ष गौरीशंकर अग्रवाल एवं प्रदेश प्रवक्ता तथा संगठन प्रभारी संजय श्रीवास्तव के नेतृत्व में जिला भाजपा की एक आवश्यक बैठक आहूत की गई। बैठक में प्रस्तावना संदेश जिला भाजपा अध्यक्ष मधुसूदन यादव ने दिया। मंडल अध्यक्ष अतुल रायजादा, तरूण लहरवानी एवं रोहित चंद्राकर ने अतिथियों का स्वागत किया। तत्पश्चात कार्यकर्ताओं को संबोधित करते प्रदेश भाजपा कोषाध्यक्ष गौरीशंकर अग्रवाल ने कहा कि देशभर में भाजपा छत्तीसगढ़ और मध्यप्रदेश को जो विशिष्ट स्थान मिला है, उसमें कुशाभाऊ ठाकरे का जीवन दर्शन, सिद्धांत और समर्पण का प्रमुख स्थान है। जिसके कारण भाजपा एक मजबूत संगठन बनकर उभरा है। उन्होंने बताया कि प्रदेश भाजपा की पिछली बैठक में भाजपा ने शक्ति केंद्र विस्तारक योजना कार्यक्रम की घोषणा की, जो बहुत ही महत्वकांक्षी योजना है। उन्होंने कहा कि इस योजना के तहत भाजपा के विस्तारक 11 अप्रैल से 20 अप्रैल तक सभी शक्ति केंद्र में जाएंगे और संगठन को मजबूत करने कार्ययोजना के तहत कार्य करेंगे। यह विस्तारक कौन होंगे, इस पर जानकारी देते श्री अग्रवाल ने बताया कि राष्ट्रीय एवं प्रदेश भाजपा पदाधिकारी, कार्यसमिति सदस्य, सांसद, विधायक, पूर्व सांसद, पूर्व विधायक, मोर्चा के राष्ट्रीय पदाधिकारी, पूर्व निगम आयोग के अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष, 2018 के भाजपा विधानसभा प्रत्याशी, 2019 के लोकसभा भाजपा प्रत्याशी, प्रदेश मोर्चा के पदाधिकारी, जिला भाजपा के पदाधिकारी, पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष, पूर्व पदाधिकारी, मोर्चा जिला अध्यक्ष, अध्यक्ष मंडल, प्रमुख पदाधिकारी एवं प्रमुख कार्यकर्ता इसमें शामिल होंगे।

प्रदेश प्रवक्ता संजय श्रीवास्तव ने कहा कि संगठन के कार्यों को कार्यकर्ता पूरे मनोयोग से करें एवं हाल में ही संपन्न हुए 4 राज्यों के चुनाव में मिली विजय के गर्व को महसूस करते आने वाले समय में छत्तीसगढ़ की निकम्मी सरकार को उखाड़ फेंकने में अपनी महत्वपूर्ण भागीदारी प्रत्येक कार्यकर्ता को निभाना है, इस हेतु उन्होंने मतदाताओं तक जाने और मतदाताओं तक अपनी बात रखने का आसान तरीका कार्यकर्ताओं को बताया।
बैठक में 20 मंडल के अध्यक्षों ने सरल पोर्टल में 25 बूथ समिति के लोगों का नाम सौंपा और बताया कि लगभग सभी जगह पर यह समितियां बन चुकी हैं।  बैठक में संतोष अग्रवाल, भरत वर्मा, संजीव शाह, रामजी भारती, खेदूराम साहू, विक्रांत सिंह, नीलू शर्मा, अनिल अग्रवाल, रमेश पटेल इत्यादि उपस्थित थे।  संचालन जिला महामंत्री दिनेश गांधी एवं आभार प्रदर्शन सचिन बघेल ने किया।
 

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news