राजनांदगांव

होली के बाद कांग्रेस-भाजपा प्रत्याशियों की घोषणा संभव
17-Mar-2022 11:44 AM
होली के बाद कांग्रेस-भाजपा प्रत्याशियों की घोषणा संभव

दावेदारों में जोर आजमाइश

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 17 मार्च।
होली पर्व के बाद भाजपा और कांग्रेस उम्मीदवारों के नामों की घोषणा करेंगे। भाजपा के पर्यवेक्षक शिवरतन शर्मा ने एक लंबी बैठक कर राजनांदगांव के पार्टी कार्यालय में दावेदारों का नब्ज टटोला। वहीं उन्होंने चुनाव लडऩे के इच्छुक उम्मीदवारों से कांग्रेस से मुकाबला करने की इच्छाशक्ति को भी परखा। इसी तरह कांग्रेस में भी काफी दावेदारों में जोरआजमाइश चल रही है।

भाजपा की तुलना में कांग्रेस में तीन दर्जन से ज्यादा उम्मीदवार चुनाव लडऩे की तैयारी में है। पार्टी से अधिकृत प्रत्याशी बनाए जाने के लिए पूरा जोर लगाकर अपना पक्ष दावेदार मजबूत कर रहे हैं। राजनीतिक रूप से कांग्रेस के लिए खैरागढ़ उपचुनाव साख का सवाल बन गया है। बीते चुनाव में कांग्रेस को यहां मात मिली थी। कांग्रेस प्रत्याशी गिरवर जंघेल की स्थिति बेहद कमजोर रही और वह तीसरे नंबर पर रहे।

मिली जानकारी के मुताबिक कांग्रेस प्रत्याशियों की घोषणा अप्रत्यक्ष रूप से मुख्यमंत्री की पसंद पर होना तय है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल पूरे चुनाव को लेकर भाजपा को कड़ी शिकस्त देने के लिए उच्च रणनीतिकारों के साथ बैठक कर रहे हैं। कांग्रेस भाजपा की उम्मीदवार के अनुसार ही नाम का ऐलान कर सकती है। माना जा रहा है कि जातिगत आधारित टिकट दिए जाने की सूरत में ही दोनों ही पार्टी के उम्मीदवार एक ही समुदाय से हो सकते हैं। खैरागढ़ में लोधी समाज दोनों पार्टी से टिकट की उम्मीद लगाए बैठा है। ऐसी सूरत में खैरागढ़ में फिर से लोधीवाद की सियासत को बल मिल सकता है। पिछले डेढ़ दशक में भाजपा और कांग्रेस के उम्मीदवार इसी समुदाय से रहे हैं। जिसमें दो बार भाजपा के कोमल जंघेल और एक बार कांग्रेस के गिरवर जंघेल को विधायकी का मौका मिला। दिवंगत नेता देवव्रत सिंह ने 2018 के विस चुनाव में जातिगत समीकरण को धराशाही कर जीत का परचम लहराया था।

चर्चा है कि कांग्रेस और भाजपा के चेहरे नए हो सकते हैं। राजपरिवार से पद्मादेवी सिंह भी चुनाव लडऩे की इच्छुक हैं, लेकिन उनके तलाकशुदा होने के मामले को देवव्रत की दूसरी पत्नी विभा सिंह और विरोधी तूल दे रहे हैं। तलाक के बाद देवव्रत की पत्नी का दर्जा उनसे छीन गया है। ऐसे में उनका राजपरिवार से टिकट मांगने का दावा कमजोर हो गया है। इस बीच कांग्रेस से उत्तम सिंह ठाकुर, यशोदा वर्मा, निलाम्बर वर्मा का नाम चर्चा में है। उत्तम सिंह ने पिछले कुछ बरसों से खैरागढ़ की सियासत में अपनी पकड़ मजबूत की है। उनकी राजनीतिक स्थिति हाल ही के वर्षों में सशक्त हुई है।

उधर यशोदा वर्मा ब्लॉक कांग्रेस कमेटी की अध्यक्ष भी है, इसलिए वह टिकट के लिए उम्मीद लगाए बैठी हैं। उनके पति निलाम्बर वर्मा भी दावेदार हैं। इस बीच भाजपा से विक्रांत सिंह, कोमल जंघेल और लुकेश्वरी जंघेल का नाम चर्चा में है। विक्रांत सिंह लगातार निर्वाचित पदाधिकारी के तौर पर भाजपा का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। कोमल जंघेल दो बार के विधायक हैं। बहरहाल होली पर्व के बाद 21 और 22 मार्च तक प्रत्याशियों के घोषणा होने की पूरी संभावना है।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news