राजनांदगांव

खैरागढ़ उपचुनाव : रविन्द्र चौबे और कवासी लखमा सम्हालेंगे चुनावी कमान
23-Mar-2022 1:29 PM
खैरागढ़ उपचुनाव : रविन्द्र चौबे और कवासी लखमा सम्हालेंगे चुनावी कमान

अटल और पदम भी यशोदा की नैया पार के लिए लगाएंगे जोर

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 23 मार्च।
खैरागढ़ उपचुनाव के लिए कांग्रेस ने राज्य सरकार के दो मंत्री रविन्द्र चौबे और कवासी लखमा के साथ पर्यटन मंडल के अध्यक्ष अटल श्रीवास्तव व राजनांदगांव जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष पदम कोठारी को चुनाव संचालन की जिम्मेदारी दी है। प्रदेश आलाकमान ने सभी को उपचुनाव की गतिविधियों के सुचारू संचालन के लिए तत्काल खैरागढ़  पहुंचने का निर्देश दिया है।

मंत्री रविन्द्र चौबे और कवासी लखमा ज्यादातर चुनावी रणनीति से जुड़े फैसले करेंगे। वहीं जमीनी स्तर पर हालात को दुरूस्त करने के लिए अटल श्रीवास्तव और पदम कोठारी पर भार होगा। राजनीतिक रूप से कांग्रेस के लिए यह चुनाव प्रतिष्ठा का सवाल बन गया है। माना जा रहा है कि राज्य में डेढ़ साल बाद होने वाले विस चुनाव से पूर्व यह उपचुनाव सेमीफाइनल बन गया है। सकारात्मक  परिणाम आने से कांग्रेस की स्थिति जहां मजबूत होगी, वहीं भाजपा के लिए परेशानी बढ़ सकती है।

भाजपा ने भी अपने दमदार लोधी समाज के बड़े चेहरे कोमल जंघेल को यशोदा वर्मा के खिलाफ खड़ा किया है। रविन्द्र चौबे को जिम्मा दिए जाने के पीछे खैरागढ़ विधानसभा की भौगोलिक वजह है।

खैरागढ़ का एक बड़ा हिस्सा श्री चौबे के विधानसभा साजा के क्षेत्र से लगा हुआ है। यह इलाका लोधी समुदाय क्षेत्र का माना जाता है। सरकार के निगाह में चौबे एक चुनावी जानकार हैं। उनके राजनीतिक अनुभव के कारण पार्टी ने सीधे उन्हें खैरागढ़ की जिम्मेदारी सौंपी है। उधर कवासी लखमा की भूमिका भी अहम होगी। इसके अलावा अटल श्रीवास्तव और पदम कोठारी भी संयुक्त रूप से पार्टी प्रत्याशी की जीत के लिए जोर लगाएंगे।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news