राजनांदगांव

कांग्रेस के प्रचारकों सूची में छन्नी का नाम नहीं
26-Mar-2022 1:25 PM
कांग्रेस के प्रचारकों सूची में छन्नी का नाम नहीं

नांदगांव के तीनों विधायकों को प्रचार की जिम्मेदारी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 26 मार्च।
खैरागढ़ उपचुनाव के लिए कांग्रेस की स्टॉर प्रचारक की सूची में राजनांदगांव जिले के तीन विधायकों इंद्रशाह मंडावी, दलेश्वर साहू और भुनेश्वर बघेल का नाम शामिल है। इससे परे खुज्जी विधायक छन्नी साहू का नाम सूची में गायब है। सूची में नाम नहीं होने को लेकर कांग्रेस के भीतर कई तरह की अटकलें चल रही है।

चर्चा है कि छन्नी साहू को मुख्यमंत्री एवं संगठन की नाराजगी के चलते सूची में जगह नहीं मिली है। विधानसभा के बजट सत्र में भी सदन में छन्नी साहू ने सरकार के मंत्रियों को घेरने के लिए सवाल पर सवाल दागे। राजनीतिक रूप से छन्नी साहू का सरकार से हाल ही के महीनों में तालमेल बिगड़ा हुआ है। पति को एक्ट्रोसिटी मामले में जेल भेजने के लिए पुलिस की कार्रवाई को लेकर छन्नी ने काफी हंगामा किया था।

उन्होंने इस घटना से आहत होकर सुरक्षा और वाहन प्रशासन को लौटा दिया, तब से वह दोपहिया वाहनों में ही दौरा कर रही है। इस बीच खैरागढ़ विधानसभा के लिए उनका नाम नहीं होना सरकार के नाराजगी से जोडक़र देखा जा रहा है। मुख्यमंत्री और संगठन के अन्य नेता विधायक की कार्यप्रणाली से खफा बताए जा रहे हैं। कांग्रेस की  गुटीय राजनीति में छन्नी साहू टीएस सिंहदेव समर्थक मानी जाती है। वह सिंहदेव के साथ उनके हर राजनीतिक लड़ाई में बराबरी के साथ खड़ी हुई है। यही कारण है कि उनका अपने ही कांग्रेस सरकार से मतभेद बना हुआ है। उधर मोहला-मानपुर विधायक  इंद्रशाह मंडावी, डोंगरगांव विधायक दलेश्वर साहू और डोंगरगढ़ विधायक भुनेश्वर बघेल को संगठन ने स्टॉर सूची में जगह दी है। तीनों विधायकों को सूचीबद्ध कर पार्टी नेतृत्व ने प्रत्याशी के पक्ष में प्रचार करने का जिम्मा दिया है।
 

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news