राजनांदगांव

हमारा विधायक चुनो और मिलेगी जिले की सौगात-भूपेश
01-Apr-2022 12:44 PM
हमारा विधायक चुनो और मिलेगी जिले की सौगात-भूपेश

   खैरागढ़ उपचुनाव में कांग्रेस के दांव का जवाब देने भाजपा ढूंढ रही तोड़    

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 1 अप्रैल।
खैरागढ़ को जिला बनाने का ऐलान कर कांग्रेस ने एक बड़ा दांव खेला है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के महज 24 घंटे के भीतर कांग्रेस विधायक की ताजपोशी होते ही खैरागढ़ के बाशिंदों को जिले का सौगात देने का चुनावी वादा किया है। भाजपा कांग्रेस के इस बड़े दांव का तोड़ ढंूढ रही है। फिलहाल भाजपा चुनावी मुद्दों में शामिल खैरागढ़ को जिला बनाने के कांग्रेस के ऐलान से सकपका गई है।

मुख्यमंत्री बघेल ने खैरागढ़ उपचुनाव के मद्देनजर खैरागढ़ के विकास से जुड़े मुद्दों पर एक घोषणा पत्र जारी कर जिला बनाने का ऐलान करने के अलावा साल्हेवारा को तहसील, जालबांधा को उपतहसील और बाजार अतरिया में कॉलेज जैसे अहम मांगों को शामिल किया है। कुल 29 मांगों को घोषणा पत्र में जगह मिली है। मुख्यमंत्री के इस निर्णय को उपचुनाव में एक बड़ा सियासी दांव माना जा रहा है। भाजपा से जुड़े लोगों को इस बात की हैरानी है कि कांग्रेस ने जिला निर्माण की घोषणा कर एक तरह से जनभावनाओं को अपने पाले में करने के लिए ठोस निर्णय लिया है। जबकि यह मुद्दा विपक्षी दल होने के नाते भाजपा के लिए एक हथियार की तरह था।

प्रदेश प्रभारी पीएल पुनिया और प्रदेश के आला नेताओं की मौजूदगी में मुख्यमंत्री ने कहा कि नए जिले का नाम खैरागढ़-छुईखदान-गंडई होगा, यानी  केसीजी के नाम पर जल्द ही पार्टी के पक्ष में परिणाम आते ही जिला अस्तित्व में आएगा। राजनीतिक रूप से जिला की मांग काफी पुरानी है। मुख्यमंत्री ने घोषणा पत्र के जरिये भरोसा दिलाया है कि जिला निर्माण के साथ खैरागढ़ से लेकर दूरस्थ साल्हेवारा में विकास की रफ्तार बढ़ाई जाएगी। सरकार के पास फंड की कमी नहीं है।
खैरागढ़ उपचुनाव में कांग्रेस ने मुद्दों को लेकर अपनी स्थिति साफ कर दी है। जिला निर्माण की घोषणा से पार्टी के रणनीतिककारों को उम्मीद है कि जनभावनाओं से जुड़ा यह मुद्दा वोटों में तब्दील होगा। नए जिला निर्माण की घोषणा के साथ कांग्रेस ने इसे अहम सशस्त्र बना लिया है। अब प्रचार के दौरान लोगों के बीच कार्यकर्ताओं को सरकार की नीतियों और योजनाओं को पहुंचाने में भी आसानी होगी। कांग्रेस के लिए यह चुनाव साख का सवाल बन गया है। ऐन किसी भी तरह इस सीट पर कांग्रेस अपनी वापसी करने जोर लगा रही है। भाजपा भी सरकार के नाकामियों को लेकर धुंआधार प्रचार कर रही है, लेकिन जिले की सौगात मिलते ही खैरागढ़ की सियासत में बदलाव के आसार बढ़ गए हैं। उम्मीद की जा रही है कि कांग्रेस को इस सियासी फैसले का सीधा लाभ होगा। अब भाजपा जिला घोषणा का तोड़ ढंूढने के लिए मंथन कर रही है।

कांग्रेस की घोषणाओं से बदलेगी खैरागढ़ की तस्वीर
कांग्रेस की घोषणाओं पर अमल होने से खैरागढ़ विधानसभा की तस्वीर पूरी तरह से बदल जाएगी। घोषणा पत्र में कांग्रेस ने दिवंगत विधायक देवव्रत सिंह की प्रतिमा स्थापना को भी शामिल किया गया है। स्व. सिंह के निधन के बाद एक बड़ी मूर्ति की स्थापना को लेकर उनके करीबी और रिश्तेदार मांग कर रहे थे। इसी कारण बुनियादी संसाधनों को भी मजबूत करने का घोषणा पत्र में ऐलान किया गया है। जिसमें साल्हेवारा में एसबीआई बैंक, पैलीमेटा में सहकारी बैंक, खैरागढ़ और साल्हेवारा में स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम स्कूल, छुईखदान क्षेत्र में खुलने वाले कृषि महाविद्यालय का नाम अवंतीबाई लोधी करने, साल्हेवारा शासकीय महाविद्यालय का नाम रानी दुर्गावती करने, गंडई-छुईखदान में 50 बिस्तर अस्पताल निर्माण, इंदिरा कला संगीत विश्वविद्यालय को केंद्रीय विश्वविद्यालय का दर्जा दिलाने का प्रयास, ठाकुरटोला-मोहगांव में सहकारी साख समिति की स्थापना, बाजार अतरिया बस स्टैंड  का आधुनिकीकरण, छुईखदान-गंडई में फूड प्रोसेसिंग यूनिट की स्थापना, छिंदारी बांध में फिल्टर प्लांट, गंडई बस स्टैंड और बाजार को सुव्यवस्थित करने की घोषणा शामिल है।

घोषणा पत्र में छुईखदान में पान अनुसंधान केंद्र, साल्हेवारा में प्री.-पोस्ट मैट्रिक बालक व कन्या छात्रावास भवन निर्माण, खैरागढ़ महोत्सव पुन: प्रारंभ करने, नर्मदा व डोगेंश्वर महादेव को पर्यटन दर्जा, घासकुंआ झरना, मंडीपखोल गुफा व बैताल रानी घाटी को पर्यटन केंद्र का दर्जा देना शामिल किया गया है।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news