राजनांदगांव

कल मतदान, कड़ी सुरक्षा में दल रवाना
11-Apr-2022 1:33 PM
कल मतदान, कड़ी सुरक्षा में दल रवाना

संवेदनशील बूथों में पैरामिलिट्री फोर्स तैनात

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 11 अप्रैल।
खैरागढ़ विधानसभा के उपचुनाव में कल 12 अप्रैल को मत डाले जाएंगे। समूचे विधानसभा में करीब 2 लाख 11 हजार मतदाता  राजनैतिक दलों की किस्मत पर मुहर लगाएंगे। बीते पखवाड़े में सियासी दलों में काफी घमासान मचा रहा। चुनाव प्रचार में राजनीतिक दलों ने एक-दूसरे की खूबियां और कमियां गिनाने में कोई कसर नहीं छोड़ी। आरोप-प्रत्यारोप में भाजपा-कांग्रेस के दिग्गज नेताओं की सियासी जुबानी जंग सर्वाधिक चर्चा में रही। इधर  सोमवार को कड़ी सुरक्षा के बीच मतदान दलों को खैरागढ़ विधानसभा के अलग-अलग केंद्रों के लिए रवाना किया गया है।

स्थानीय कमला कॉलेज मैदान में अधिग्रहित बसों से दलों को ईवीएम मशीन और मतपेटियों के साथ रवाना किया गया। कलेक्टर तारन प्रकाश सिन्हा की उपस्थिति में मतदान दलों की रवानगी सुनिश्चित की गई। कलेक्टर ने प्रत्यक्ष रूप से मतदान दलों से चर्चा भी की। खैरागढ़ के राजनीतिक इतिहास में यह तीसरा उपचुनाव है। अब तक हुए उपचुनाव में एक-एक बार कांग्रेस-भाजपा को जीत मिली है। 1995 में देवव्रत सिंह और 2007 में भाजपा के कोमल जंघेल विजयी हुए थे। दोनों पार्टियों को इस उपचुनाव में इतिहास बनाने की उम्मीद है। इस बीच खैरागढ़ विधानसभा में कुल 291 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। कल 12 अप्रैल के सुबह 7 से शाम 5 बजे तक मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।

मतदाताओं के बीच प्रशासन ने कई तरह के जागरूक कार्यक्रम भी चलाया है। खैरागढ़ विधानसभा में सुरक्षा बंदोबस्त के लिहाज से बकरकट्टा और साल्हेवारा क्षेत्र नक्सल प्रभावित है। चुनावी मोर्चे पर सुरक्षा की जिम्मेदारी पैरामिलिट्री, फोर्स सीआरपीएफ, आईटीबीपी और एसएसबी के कंधों पर है। वहीं जिला पुलिस बल और एसटीएफ भी चुनावी सुरक्षा का जिम्मा लिए हुए हैं।

गौरतलब है कि खैरागढ़ विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत कुल मतदाता 2 लाख 11 हजार 516 हैं। जिसमें पुरूष मतदाता 1 लाख 6 हजार 266 तथा महिला मतदाता 1 लाख 5 हजार 250 है। इनमें 80 वर्ष से अधिक 1 हजार 612 तथा नये मतदाता 3 हजार 752 है। दिव्यांग मतदाता 1 हजार 11 तथा 89 सर्विस वोटर शामिल है। खैरागढ़ विधानसभा में कुल 291 मतदान केन्द्र हैं। जिसमें 283 मतदान केन्द्र और 8 सहायक मतदान केन्द्र बनाया गया है। जिसमें 53 अतिसंवेदनशील, 11 संवेदनशील, 86 राजनैतिक संवेदनशील एवं 5 सहायक मतदान केन्द्र तथा 133 सामान्य मतदान केन्द्र एवं 3 सहायक मतदान केन्द्र बनाया गया है।

मतदान दलों का स्वास्थ्य जांच
स्थानीय कमला कॉलेज मैदान में ईवीएम मशीन लेकर रवाना होने वाले मतदान दलों की सेहत की भी  प्रशासन ने जांच की। चुनाव आयोग के निर्देश पर मतदान कर्मियों के स्वास्थ्य परीक्षण के लिए पुख्ता इंतजाम किए गए थे। स्वास्थ्य विभाग ने मतदान कर्मियों के ब्लड सुगर, बीपी, बुखार समेत अन्य रोगों की जांच की। भीषण गर्मी के बीच मतदान संपन्न कराने  की चुनौती मतदान कर्मियों के सामने खड़ी हुई है। लिहाजा बूथों में पेयजल, अति आवश्यक चिकित्सकीय सेवाओं और दवाईयों की व्यवस्था के निर्देश भी दिए गए हैं। छुईखदान, खैरागढ़ और गंडई के स्वास्थ्य केन्द्रों में आकस्मिक मेडिकल सुविधा के लिए तैयार किया गया है। पैरामेडिकल मोबाईल स्टॉफ भी आवश्यक दवाईयों के साथ विधानसभा क्षेत्र में तैनात रहेंगे।


खैरागढ़ जीतेगा, विकास विरोधी हारेंगे -नवाज
खैरागढ़ उपचुनाव में कांग्रेस की जीत का दावा करते जिला सहकारी बैंक अध्यक्ष नवाज खान ने कहा कि पार्टी की चुनाव में जीत तय है। उन्होंने कहा कि यह जीत खैरागढ़ की होगी और वहीं विकास विरोधी भाजपा की हार होगी। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ का नेतृत्व कर रहे मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के विकासपरख नीतियों के दम पर खैरागढ़ उपचुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी यशोदा वर्मा की जीत पूरी तय है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के सर्वहारा वर्ग के लिए किए गए विकास कार्य से प्रभावित होकर क्षेत्र की जनता कांग्रेस को जीत स्वरूप तोहफा देने आतुर है। उन्होंने कहा कि मजदूर, किसान और कर्मचारी राज्य में खुशहाल जीवन जी रहे हैं। जिला बनाने का निर्णय खैरागढ़ की जनता वर्षों से कर रही है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने उनकी बहुप्रतिक्षित मांग को पूरा कर विकास का नया अध्याय लिखने का इरादा जाहिर किया है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने हर वर्ग का मान-सम्मान किय है। भाजपा  विधवा-विलाप की तर्ज पर कांग्रेस के नीतियों का अनावश्यक विरोध कर रही है। खैरागढ़ में कांग्रेस की प्रचंड जीत तय है।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news