राजनांदगांव

कार्यवाहक अध्यक्ष के हवाले छुईखदान-गंडई नगर पंचायत
23-Apr-2022 12:06 PM
कार्यवाहक अध्यक्ष के हवाले छुईखदान-गंडई नगर पंचायत

  अविश्वास प्रस्ताव से हटाए गए भाजपा अध्यक्षों की कुर्सी पर कांग्रेस की ताजपोशी  

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 23 अप्रैल।
छुईखदान और गंडई नगर पंचायत अध्यक्ष पद पर राज्य सरकार ने कार्यवाहक अध्यक्षों की नियुक्ति कर दी है। दोनों ही नगर पंचायत में भाजपा का कब्जा था। छुईखदान में डॉ. दिपाली जैन और गंडई में श्यामपाल ताम्रकार को उनके ही पार्टी के पार्षदों ने सत्ता से बेदखल कर दिया। भाजपा पार्षदों ने कांग्रेस की मदद से दोनों ही नगर पंचायत में अविश्वास प्रस्ताव लाकर अध्यक्षों की कुर्सी छीन ली। इधर राज्य सरकार ने नए अध्यक्षों के निर्वाचन के बजाय वैकल्पिक व्यवस्था के तहत कार्यवाहक अध्यक्षों की ताजपोशी कर दी है।

छुईखदान में नगर पंचायत वार्ड क्र. 10 की पार्तिका महोबिया और गंडई में वार्ड पार्षद चेतन देवांगन को बतौर अध्यक्ष नियुक्त किया है। पार्तिका महोबिया कांग्रेस नेता संजय महोबिया की पत्नी है। खैरागढ़ उपचुनाव के मद्देनजर  विशेष सम्मेलन पर रोक लगी थी। उम्मीद लगी थी कि आचार संहिता हटते ही दोनों नगर पंचायत में विशेष सम्मेलन के जरिये नए अध्यक्ष चुने जाएंगे, लेकिन सरकार ने फिलहाल दोनों नगर पंचायत में कार्यवाहक अध्यक्षों से काम चलाने का निर्णय लिया है।

उल्लेखनीय है कि छुईखदान और गंडई नगर पंचायत में ही भाजपा का शहरी सरकार की कुर्सी पर कब्जा था। दोनों जगह अध्यक्षों के रवैये के खिलाफ पार्टी के पार्षदों में असंतोष पनपा और कांग्रेस पार्षदों के जरिये अविश्वास प्रस्ताव लाकर अध्यक्षों को बाहर का रास्ता दिखाया गया। राजनीतिक रूप से भाजपा के लिए यह बड़ा नुकसान  माना गया। भाजपा नेताओं की पार्षदों ने एक नहीं सुनी। जिसके चलते दिपाली जैन और श्यामपाल ताम्रकार को अपनी कुर्सी गंवानी पड़ी। दोनों पर कथित रूप से मनमानी करने और परिवार के लोगों की नगर पंचायत में दखल अंदाजी करने के आरोप थे। फिलहाल कार्यवाहक अध्यक्ष अब नगर पंचायतों में कार्यभार सम्हालेंगे।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news