राजनांदगांव

पेयजल संकट के विरोध में भाजपा पार्षदों का प्रदर्शन
24-Apr-2022 3:40 PM
पेयजल संकट के विरोध में भाजपा पार्षदों का प्रदर्शन

आयुक्त ने कहा-शहर में पानी की समस्या नहीं

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 24 अप्रैल।
कौरिनभाठा वार्ड में गहराते पेयजल संकट से खिन्न वार्ड के लोगों ने रविवार को तेज दोपहरी में सडक़ में धरना देते प्रदर्शन किया। भाजपा पार्षदों ने एकजुट होकर महापौर और निगम आयुक्त को पेयजल की समस्या के लिए सीधे जिम्मेदार ठहराया।

स्थानीय कमला कॉलेज चौक में 42 डिग्री सेल्सियस में भाजपा के दर्जनभर पार्षदों ने वार्ड के लोगों के साथ प्रदर्शन किया। इसी समस्या को लेकर दो दिन पूर्व भी वार्डवासियों ने धरना दिया था। इस बीच प्रदर्शनकारियों में शामिल वार्ड की महिलाओं ने निगम प्रशासन पर लापरवाह होने का आरोप लगाते कहा कि दो माह से पानी के लिए वार्ड में मारामारी की स्थिति बन गई है। पुराने नल कनेक्शन को बंद कर नए कनेक्शन से पानी की आपूर्ति पर्याप्त मात्रा में नहीं होने को भी वार्ड के लोगों ने पेयजल संकट की वजह बताई।

वार्ड की तुलसी धनकर का आरोप है कि निगम प्रशासन के गैर जिम्मेदाराना हरकत से पानी को लेकर हाहाकर मचा हुआ है। वहीं अन्य महिलाओं ने महापौर और निगम के अफसरों को भी अव्यवस्था पर खरी-खोटी सुनाई। इस संबंध में आयुक्त आशुतोष चर्तुवेदी ने  छत्तीसगढ’ से कहा कि शहर में पेयजल संकट नहीं है। रोजाना शहर को 320 एमएलटी पानी प्रदान किया जा रहा है। उधर चौक में धरना देने की खबर के बाद पुलिस और निगम के अफसर पहुंचे। अफसरों की मौजूदगी में भाजपा पार्षदों ने मुख्यमंत्री, नगरीय निकाय मंत्री और महापौर के खिलाफ खुलकर नारेबाजी की।

इस दौरान नेता प्रतिपक्ष किशुन यदु, पार्षद मधु बैद, गगन आईच, विजय राय, तरूण लहरवानी , भाजयुमो अध्यक्ष मोनू बहादूर सिंह, सीएसपी गौरव राय, कोतवाली निरीक्षक अलेक्जेंडर किरो और बसंतपुर थाना प्रभारी राजेश साहू समेत अन्य लोग उपस्थित थे।

सीएम समेत नगरीय निकाय और महापौर का पुतला फूंका
पानी संकट से नाराज प्रदर्शनकारियों ने मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, निकाय मंत्री शिव डहरिया और महापौर हेमा देशमुख का पुतला फूंका। भाजपा पार्षदों के साथ वार्ड के लोगों ने सरकार के विरोध में नारे लगाए। वार्ड में व्याप्त पानी की समस्या के लिए पार्षदों और महिलाओं ने महापौर को आड़े हाथ लिया।

 

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news