कोण्डागांव

केशकाल घाटी में पेंच मरम्मत शुरू
16-Oct-2022 3:38 PM
केशकाल घाटी में पेंच मरम्मत शुरू

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता 
केशकाल, 16 अक्टूबर।
  रविवार सुबह राष्ट्रीय राजमार्ग 30 केशकाल घाटी में पेंच मरम्मत कार्य शुरू हो गया है। ज्ञात हो कि शनिवार की सुबह केशकाल एसडीएम शंकरलाल सिन्हा व एसडीओपी भूपत सिंह ने घाटी जाकर पेंच मरम्मत कार्यों का जायजा लिया था।

बस्तर की लाइफलाइन राष्ट्रीय राजमार्ग 30 में बेड़मा से खालेमुरवेंड तक की सडक़ लम्बे समय से जर्जर अवस्था में है। सडक़ पर इतने बड़े-बड़े गड्ढे पनप गए हैं कि आए दिन यहां सडक़ दुर्घटनाएं भी होती रहती हैं। खास तौर पर घाटी के सर्पीले मोड़ों में फंस कर वाहन खराब होने और पलटने के कारण जाम लगना तो आम बात हो गयी है।
 

ज्ञात हो कि पिछले दिनों केशकाल के पंचवटी में एडिशनल एसपी शोभराज अग्रवाल, एसडीएम शंकरलाल सिन्हा, संयुक्त कलेक्टर डी.डी मंडावी एवं एसडीओपी भूपत सिंह की मौजूदगी में राष्ट्रीय राजमार्ग विभाग के अधिकारियों व ठेकेदार के साथ बैठक रखी थी। इस दौरान गहन चर्चा के पश्चात एनएच के अधिकारियों के द्वारा 15 अक्टूबर से पेंच मरम्मत का कार्य शुरू करने का आश्वासन दिया गया था। 

शनिवार की सुबह केशकाल एसडीएम शंकरलाल सिन्हा व एसडीओपी भूपत सिंह ने घाटी जाकर पेंच मरम्मत कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि चूंकि डामरीकरण कर पेंच मरम्मत किया जाना है, ऐसे में ठेकेदार के द्वारा तैयारियां शुरू कर दी गई है। रविवार की सुबह से मरम्मत का कार्य भी शुरू कर दिया जाएगा। 

उन्होंने कहा कि संबंधित ठेकेदार व इंजीनियर को पेंच मरम्मत का कार्य गुणवत्तापूर्ण रूप से करवाना सुनिश्चित करने की समझाइश दी गई है। इसके लिए हम भी समय समय पर मौके पर जाकर निरीक्षण भी करेंगे।

 

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news