मनेन्द्रगढ़-चिरिमिरी-भरतपुर

जनता की बेहतरी के लिए काम किया जा रहा - सिंहदेव
16-Oct-2022 9:25 PM
जनता की बेहतरी के लिए काम किया जा रहा - सिंहदेव

स्वास्थ्य मंत्री ने किया सरकारी अस्पताल का निरीक्षण
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता,
मनेन्द्रगढ़, 16 अक्टूबर।
नवीन जिला मनेन्द्रगढ़ (एमसीबी) गठन के उपरांत पहली बार मनेंद्रगढ़ दौरे पर आए प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव ने शासकीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का गहन निरीक्षण किया। इस दौरान सविप्रा उपाध्यक्ष राज्यमंत्री दर्जा प्राप्त भरतपुर-सोनहत विधायक गुलाब कमरो, स्वास्थ्य अमला एवं बड़ी संख्या में कांग्रेस के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

छत्तीसगढ़ विधानसभा के उपाध्यक्ष मनोज सिंह मंडावी का रविवार की सुबह दिल का दौरा पडऩे से अचानक हुए निधन को देखते हुए स्वास्थ्य मंत्री सिंहदेव ने उनके मनेंद्रगढ़ प्रवास पर सभी प्रकार के स्वागत सत्कार कार्यक्रम को स्थगित कर दिया। बेहद सादगीपूर्ण तरीके से वे शासकीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण करने पहुंचे।

यहां उन्होंने मरीजों को मिलने वाली सभी प्रकार की स्वास्थ्य सुविधाओं का जायजा लिया। वार्डों में जाकर मरीजों से उनका हाल जाना और अस्पताल में मिलने वाली स्वास्थ्य सेवाओं के विषय में मरीजों से जानकारी ली।

स्वास्थ्य मंत्री के हॉस्पिटल विजिट के दौरान मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी एमसीबी डॉ. सुरेश तिवारी ने उन्हें अस्पताल में व्याप्त 3 प्रमुख समस्याओं बेड की कमी, स्त्री रोग विशेषज्ञ (गॉयनेकोलॉजिस्ट) और निश्चेतना विशेषज्ञ की कमी से अवगत कराया।

सीएमएचओ डॉ. तिवारी ने स्वास्थ्य मंत्री से कहा कि अस्पताल में 50 बिस्तर तत्काल बढ़ाए जाने की आवश्यकता है। उन्होंने कई बार बेड के अभाव में मरीजों को बरामदे में बेंच पर लिटाकर इलाज करने की विवशता होती है। वहीं उन्होंने कहा कि गायनेकोलॉजिस्ट नहीं होने की वजह से महिलाओं के इलाज में परेशानी आ रही है।

निश्चेतना विशेषज्ञ के नहीं होने से मरीजों के ऑपरेशन नहीं हो पा रहे हैं। समस्याओं को सुनने के उपरांत स्वास्थ्य मंत्री सिंहदेव ने कहा कि डॉक्टरों की व्यवस्था होने पर जिन विशेषज्ञ चिकित्सकों की कमी है वे यहां प्राथमिकता से उपलब्ध कराए जाएंगे। अस्पताल का विस्तार कर यहां बेड की कमी को भी दूर किए जाने का उन्होंने आश्वासन दिया।

पत्रकारों से बात करते हुए स्वास्थ्य मंत्री सिंहदेव ने कहा कि मुख्यमंत्री और वे स्वयं लोगों के बीच जा रहे हैं जिससे जनता की बेहतरी के लिए काम किया जा सके। हमारी मंशा सिर्फ काम करने की है।  

शपथ ग्रहण में शामिल हुए स्वास्थ्य मंत्री
छत्तीसगढ़ टीचर्स एसोसिएशन जिला एमसीबी एवं कोरिया के संयुक्त तत्वावधान में दोनों जिलों के पदाधिकारियों का शपथ ग्रहण समारोह रविवार को विमलश्री टॉकीज मनेंद्रगढ़ में किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव एवं विशिष्ट अतिथि भरतपुर-सोनहत विधायक गुलाब कमरो रहे। कार्यक्रम में विकासखंड मनेंद्रगढ़, भरतपुर, खडग़वां, बैकुंठपुर व सोनहत के प्रांत, जिला व ब्लाक इकाई के पदाधिकारियों ने शपथ ली।

विस उपाध्यक्ष के निधन पर जताया शोक
विधानसभा उपाध्यक्ष मनोज मंडावी के असामयिक निधन पर स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव एवं सविप्रा उपाध्यक्ष गुलाब कमरो ने गहरी शोक संवेदना व्यक्त की। स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि आदिवासी समाज की उन्नति और अपने क्षेत्र के विकास के लिए वे सदैव प्रयासरत रहे। प्रदेश के विकास में उनके योगदान को हमेशा याद रखा जाएगा। वहीं विधायक गुलाब कमरो ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news