मनेन्द्रगढ़-चिरिमिरी-भरतपुर

श्री राम जन्मोत्सव पर निकलेगी शोभायात्रा
16-Apr-2024 10:00 PM
श्री राम जन्मोत्सव पर निकलेगी शोभायात्रा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

मनेन्द्रगढ़, 16 अप्रैल। श्री रामनवमी पर्व पर स्थानीय श्री राम मंदिर में विगत वर्षों की भांति इस वर्ष भी श्री राम जन्मोत्सव कार्यक्रम की व्यापक तैयारियां की गई हैं। मंदिर को रंग-बिरंगे झालरों से दुल्हन की तरह सजाया गया है। रात्रि में मंदिर की शोभा देखते ही बनती है।

निर्धारित कार्यक्रमानुसार 17 अप्रैल बुधवार की प्रात: साढ़े 8 बजे श्री रामाभिषेक एवं श्रृंगार का कार्यक्रम संपन्न होगा। इसके बाद प्रात: साढ़े 10 से दोपहर 12 बजे तक भजन कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इस बीच प्रात: 11 बजे से छप्पन भोग एवं दोपहर 12 बजे प्रभु श्री राम का बाल स्वरूप श्री राम जन्मोत्सव मनाया जाएगा। प्रभु के अभिषेक एवं आरती पश्चात प्रसाद वितरण किया जाएगा। वहीं सायं साढ़े 4 बजे श्री राम मंदिर से भगवान श्री राम की नगर में भव्य शोभा यात्रा निकाली जाएगी। नगर के विभिन्न मार्गों से गुजरने के उपरांत शोभा यात्रा वापस श्री राम मंदिर पहुंचेगी।

सायंकाल 7 बजे प्रभु की आरती होगी जिसमें श्री राम जानकी महिला सेवा समिति के द्वारा विशेष सहयोग प्रदान किया जाएगा। सायं साढ़े 6 बजे से श्री राम सेवा समिति के विशेष सहयोग से श्रद्धालुओं को भंडारा प्रसाद का वितरण किया जाएगा। श्री राम मंदिर गांधी पार्क ट्रस्ट ने समस्त श्रद्धालुओं से सपरिवार धार्मिक अनुष्ठान में शामिल होकर पुण्यलाभ अर्जित करने का अनुरोध किया है।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news