महासमुन्द

पहले दिन 130 किसानों ने कटाया टोकन
31-Oct-2022 4:07 PM
पहले दिन 130 किसानों ने कटाया टोकन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 31 अक्टूबर।
धान खरीदी के लिए टोकन बांटने का काम कल रविवार से शुरू हो गया है। कल पहले ही दिन 130 किसानों ने समितियों में पहुंचकर टोकन कटाया है। इन किसानों से आज सोमवार को 6 हजार क्विंटल धान खरीदा जाएगा। मौसम की मार और खेतों में नमी के कारण इस बार धान की कटाई में हो रही दिक्कतों की वजह से 1 नवंबर से होने वाले समर्थन मूल्य पर धान खरीदी के लिए टोकन कटाने किसान उपार्जन केंद्रों तक ज्यादा तादात में नहीं पहुंच रहे हैं। अब तक महज 5 प्रतिशत ही कटाई हो पाई है। खेतों से कटे हुए धान का बीड़ा अभी खलिहानों तक लाया भी नहीं जा सका है। इस कारण खरीदी की रफ्तार 15 नवंबर के बाद ही पकडऩे की संभावना है।

विभागीय जानकारी के मुताबिक इस साल जिले में 2 लाख 40 हजार हेक्टेयर रकबे में किसानों ने धान की फसल लगाई है। इसमें से 40 प्रतिशत धान अर्ली वेरायटी का है। अंदाजा यह लगाया जा रहा था कि 1 नवंबर से खरीदी शुरू होते ही अर्ली वेरायटी के धान की बंपर आवक उपार्जन केंद्रों में पहले दिन से ही नजर आएगी। लेकिन 20 अक्टूबर तक हुई बारिश के कारण खेतों की नमी कम नहीं हो पाई। इसकी वजह से धान की कटाई देरी से शुरू हुई है।

यही वजह है कि उपार्जन केंद्रों में किसान टोकन के लिए भी कम ही संख्या में पहुंच रहे हैं। जानकारी के मुताबिक अब तक महज 130 किसानों ने टोकन कटाया है, जिनसे लगभग 6 हजार क्विंटल धान की खरीदी होगी। खरीदी शुरू होने से पूर्व जिले के 152 उपार्जन केंद्रों में लाइट, पानी, छाया सहित तमाम जरूरी व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा चुका है ताकि धान बेचने आए किसानों को किसी भी तरह का  दिक्कत न हो।

जानकारी के मुताबिक धान खरीदी के लिए इस बार भी नए.पुराने दोनों तरह के बारदानों का इस्तेमाल किया जाएगा। जिसकी व्यवस्था पूरी की जा रही है। जिले में लगभग 14 हजार गठान यानी 70 लाख बारदानों की जरूरत इस वर्ष पड़ेगी जिसके एवज में अब तक 11500 गठान यानी 57.50 लाख बारदानें प्राप्त हो चुके हैं। बाकी बारदानों की व्यवस्था भी जल्द पूरी हो जाने की बात जिला विपणन अधिकारी ने कही है।

पिछले विपणन वर्ष में जिले के 1 लाख 50 हजार किसानों से 77 लाख क्विंटल धान की खरीदी की गई थी। वहीं इस वर्ष खरीदी का लक्ष्य 9 लाख क्विंटल बढक़र 86 लाख क्विंटल कर दिया गया है। जबकि जिले में पंजीकृत किसानों की संख्या में अब तक 7 हजार 186 का ही इजाफा हुआ है। ऐसे में इस बार प्रशासन के लिए चुनौतियां भी गत वर्ष की तुलना में बढ़ेंगी।

हालांकि इस बार घर बैठे मोबाइल से टोकन कटाने की सुविधा धान बेचने के पहले किसानों को है लेकिन हर साल टोकन कटाने के लिए भारी मशक्कत करनी पड़ती थी। लंबी कतार लगाने के अलावा किसानों को नाराजगी का सामना भी करना पड़ता था। लेकिन इस साल सरकार ने किसान टोकन तुंहर हाथ एप जारी कर किसानों की राह आसान कर दी है।  इस एप के जरिए अब किसान घर बैठे ऑनलाइन टोकन कटा सकेंगे। इस संबंध में जिला विपणन अधिकारी ने बताया कि 29 अक्टूबर से किसान टोकन तुंहर हाथ एप लांच किया गया। किसान अपने उपार्जन केंद्र के प्रतिदिन के टार्गेट के अनुसार एप में जरूरी जानकारी भरकर टोकन प्राप्त कर सकते हैं।
उन्होंने कहा कि 1 नवंबर से समर्थन मूल्य पर प्रारंभ होने वाली खरीदी को लेकर केंद्रों में सभी प्रारंभिक व्यवस्थाएं मुकम्मल कर ली गई हैं।
 

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news