मनेन्द्रगढ़-चिरिमिरी-भरतपुर

एमसीबी में प्रथम राज्योत्सव का हुआ रंगारंग शुभारंभ
02-Nov-2022 3:20 PM
एमसीबी में प्रथम राज्योत्सव का हुआ रंगारंग शुभारंभ

सांस्कृतिक रंगों से सजी संध्या, मनमोहक प्रस्तुतियों ने बांधा समां

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
मनेन्द्रगढ़, 2 नवम्बर।
राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर जिला मुख्यालय मनेंद्रगढ़ के स्वामी आत्मानन्द अंग्रेजी माध्यम विद्यालय मैदान में नवीन जिले के प्रथम राज्योत्सव का एक दिवसीय गरिमामय आयोजन किया गया। अतिथि मनेंद्रगढ़ विधायक डॉ. विनय जायसवाल ने छत्तीसगढ़ महतारी के छायाचित्र में दीप प्रज्जवलित किया  इसके बाद राज्यगीत के साथ कार्यक्रम की शुरुआत हुई।

विधायक जायसवाल ने सभी को राज्य स्थापना दिवस की बधाई तथा शुभकामनाएं दी। उन्होंने मुख्यमंत्री भूपेश बघेल द्वारा जिले की जनता को नवीन जिले के रूप में दी गई सौगात के लिए धन्यवाद दिया। कलेक्टर पीएस धु्रव ने कार्यक्रम में उपस्थित जनों को राज्य स्थापना दिवस पर शुभकामनाएं देते हुए छत्तीसगढ़ राज्य के विषय में छत्तीसगढिय़ा भाषा में जानकारी दी। समारोह में नगर निगम चिरमिरी महापौर कंचन जायसवाल, जिला पंचायत अध्यक्ष रेणुका सिंह, मनेंद्रगढ़ नगरपालिका अध्यक्ष प्रभा पटेल एवं जनपद पंचायतों के अध्यक्ष-उपाध्यक्ष, एसपी टीआर कोशिमा, जिला प्रशासन के अधिकारी-कर्मचारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

सांस्कृतिक रंगों से सजी संध्या
मुख्य कार्यक्रम में स्थानीय कलाकारों के द्वारा शानदार प्रस्तुतियां दी गयीं जिसमें शिव तांडव स्त्रोतम, गणेश स्तुति, कत्थक, भरतनाट्यम ने दर्शकों का मन मोहा। आमाखेरवा मनेंद्रगढ़  नेत्रहीन विद्यालय के बच्चों ने भारत माता की जय देशभक्ति गीत की सुंदर प्रस्तुति के साथ पशु पक्षियों की आवाजें निकाल सभी को मंत्रमुग्ध किया। इसके साथ ही छत्तीसगढिय़ा कला जत्था दल के सुनील मानिकपुरी तथा सूफी गायक जिशान सिद्दकी की प्रस्तुतियों ने लोगों को आकर्षित किया।

पारंपरिक खेलों में विभिन्न आयु वर्ग के लोगों ने लगाया जोर
राज्योत्सव के मुख्य कार्यकम के पूर्व मैदान में लंगड़ी दौड़, गेंड़ी  दौड़, कबड्डी और रस्सा कस्सी जैसे विभिन्न पारम्परिक खेलों का आयोजन किया गया। खेलों में विभिन्न आयु वर्गों के प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। प्रतियोगिता का आयोजन महिला तथा पुरूष दोनों वर्गों में किया गया।
 

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news