कोण्डागांव

संवेदनशील क्षेत्रों में निर्माणाधीन सडक़ों का कलेक्टर ने किया निरीक्षण
03-Nov-2022 10:08 PM
संवेदनशील क्षेत्रों में निर्माणाधीन सडक़ों का कलेक्टर ने किया निरीक्षण

'छत्तीसगढ़' संवाददाता
कोण्डागांव, 3 नवंबर। कलेक्टर दीपक सोनी द्वारा अति संवेदनशील क्षेत्रों में निर्माणाधीन सडक़ों का निरीक्षण किया गया। इस दौरान उन्होंने निर्माणाधीन गोलावंड से हंगवा, बेतबेड़ा से तातरी, गोलावंड से दहिकोंगा मार्गो का निरीक्षण किया।

उन्होंने सर्वप्रथम गोलावण्ड से हंगवा में 2019-20 से निर्माणाधीन 8 किलोमीटर की सडक़ का मुआयना किया। जिसमें अनुविभागीय अधिकारी पीडब्ल्यूडी आरएन उसेंडी ने बताया कि, यह रोड 2008 में स्वीकृत हुई थी।  इसके पश्चात नक्सलियों द्वारा रोड निर्माण का कार्य बाधित कर गाडिय़ों को जला दिया गया था। जिसके पश्चात यहां कैंप की स्थापना के पश्चात 2019-20 में नवीन स्वीकृति के बाद कार्य प्रारंभ हो सका। विगत वर्षों में कोरोना महामारी के कारण पुन: कार्य बाधित हो गया था। परंतु वर्तमान में इसमें रोड व 9 पुलिया निर्माण कार्य पूर्ण कर लिया गया है और एक बड़े पुल का निर्माण किया जाना है। वर्तमान में हंगवा बस्ती के पूर्व पुलिया का कार्य किया जाना है।

जिस हेतु एनआईटी रायपुर से डिजाइन की जांच उपरांत केंद्रीय मंत्रालय के समक्ष स्वीकृति हेतु भेजा गया है। स्वीकृति के उपरांत तुरन्त कार्य पूर्ण कर लिया जाएगा। इससे हंगवा से तोतर, आमगांव, बयानार जाने के लिए ग्रामीणों को मार्ग प्राप्त हो जाएगा जिससे यहां आर्थिक गतिविधियों को बल मिलेगा और यहां के युवाओं को विकास की नई राह मिलेगी। पश्चात उन्होंने तोतर से हंगवा जोडऩे वाली 5 किलोमीटर मार्ग व गोलावंड से दहिकोंगा मार्ग का भी अवलोकन किया।

जहां हंगवा- तोतर मार्ग पर भंवरडीह नदी पर पुल निर्माण के कार्यों की जानकारी ली। जिसमें विभागीय अधिकारियों ने बताया कि, पुल के सर्वे का कार्य पूर्ण कर लिया गया है। यह पुल बनते ही यहां के लोगों को तोतर से आमगांव, पलना और बयानार जाने की सुविधा प्राप्त होगी।

 गोलावण्ड से दहिकोंगा मार्ग को देखते हुए, कलेक्टर ने इस मार्ग को दिसंबर तक पूर्ण करते हुए इनमें सडक़ सुरक्षा के साइन बोर्ड लगवाने के निर्देश दिए।

इस अवसर पर उप अभियन्ता अशोक कुमार कुंजाम, हरीश नेताम सहित अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे। शासकीय माध्यमिक शाला तातरी पहुंच कलेक्टर ने बच्चों से चर्चा  के दौरान कलेक्टर सोनी शासकीय माध्यमिक शाला तातरी का आकस्मिक निरीक्षण किया। जहां उन्होंने स्कूली बच्चों से मुलाकात कर उनसे चर्चा करते हुए स्कूल में पढ़ाई के संबंध में जानकारी ली। व बच्चों को प्रोत्साहित करते हुए उन्हें उपहार स्वरूप चॉकलेट प्रदान किए। उन्होंने स्कूली शिक्षकों से स्कूल के संबंध में जानकारी भी ली।

बीटी पेंच मरम्मत कार्यों का अवलोकन- कलेक्टर
कलेक्टर ने नगर में सडक़ों के बीटी पेंच मरम्मत कार्य का अवलोकन करते हुए अधिकारियों से इसके संबंध में जानकारी ली। उन्होंने डीएनके कॉलोनी में निरीक्षण के दौरान स्थानीय नागरिक शिवकुमार से चर्चा करते हुए रोड निर्माण के संबंध में पूछा। जिस पर शिव कुमार ने कहा कि, यह सडक़ पूर्व में जर्जर हो गई थी परंतु विभाग द्वारा सडक़ की मरम्मत किए जाने से अब समस्या नहीं रही है। इस सडक़ मरम्मत कार्य के पूरा होने के फलस्वरूप अब बड़ेकनेरा, करंजी एवं कोकोडी जाने वाले लोगों को इसका अच्छा लाभ मिल रहा है।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news