सुकमा

उद्योग मंत्री लखमा का दोरनापाल दौरा
08-Nov-2022 9:21 PM
उद्योग मंत्री लखमा का दोरनापाल दौरा

स्ट्रीट लाइट व वार्डों के विकास कार्यों का किया भूमिपूजन
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता 
 दोरनापाल, 8 नवंबर।
सोमवार को आबकारी, उद्योग व वाणिज्य कर मंत्री कवासी लखमा ने अपने एक दिवसीय प्रवास के दौरान नगर पंचायत दोरनापाल में विभिन्न  विकास कार्यों का भूमिपूजन किया। उक्त कार्यों की लागत 4 करोड़ 98 लाख रुपए है। दोरनापाल में 2 करोड़ 23 लाख की लागत से बने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का फीता काट कर उद्धघाटन किया। मंत्री कवासी लखमा के स्वागत में आए ढोल नाचा के साथ मंत्री लखमा थिरकते नजर आए।

मंत्री कवासी लखमा ने जनसभा को भी सम्बोधित किया। उपस्थित जनसमूह को सम्बोधित करते हुए मंत्री कवासी लखमा ने कहा-मेरा जीवन संघर्ष भरा रहा है सुकमा जिले में मैंने जितना संघर्ष किया है, शायद ही किसी ने किया होगा। 

उन्होंने आगे कहा कि जब से प्रदेश में भूपेश बघेल की सरकार बनी है, बंद स्कूल खुल रहे हैं। किसानों की आय बढ़ रही है, लोगों के हाथ में रुपए आ रहे हैं, ऐसा भाजपा के शासनकाल में नहीं होता था। अंदरूनी क्षेत्रों में अस्पताल, स्कूल, आंगनबाड़ी और राशन दुकाने खुल रही है, जो पंद्रह सालों से भाजपा शासन में बंद रही। 

उन्होंने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि आरक्षण के मामले में भाजपा आदिवासी समाज को गुमराह कर रही है, जबकि सच्चाई यह है कि कोर्ट के समक्ष तत्कालीन भाजपा सरकार ने जानबूझकर तथ्यों को पेश नहीं किया ताकि आदिवासी वर्ग को आरक्षण न मिले।
 
मंत्री लखमा ने कहा कि कांग्रेस की सरकार आदिवासियों को नाराज नही होनी देगी उनकी मांगों को जल्द पूरा किया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान 10 भाजपाइयों ने मंत्री कवासी लखमा के समक्ष कांग्रेस में प्रवेश किया और आंधी तूफान से घरों में नुकसान हुए लोगों को सहायता राशि के रूप में चेक प्रदाय किया गया।  इस दौरान जिला पंचायत उपाध्यक्ष बोड्डू राजा, जीव जंतु आयोग सदस्य करण सिंह देव, नगर पंचायत अध्यक्ष बबीता माड़वी ब्लाक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष सुरेश सिंह चौहान व नगर वासी उपस्थित रहे।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news