मनेन्द्रगढ़-चिरिमिरी-भरतपुर

राष्ट्रीय सूत्र साहित्य सम्मान का आयोजन मनेंद्रगढ़ में
11-Nov-2022 7:34 PM
राष्ट्रीय सूत्र साहित्य सम्मान का आयोजन मनेंद्रगढ़ में

संबोधन साहित्य कला विकास संस्थान की पहल
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
मनेन्द्रगढ़, 11 नवम्बर।
छत्तीसगढ़ के जगदलपुर से आंचलिक साहित्य लेखन के लिए दिया जाने वाला राष्ट्रीय सूत्र सम्मान समारोह का आयोजन इस वर्ष मनेंद्रगढ़ में संबोधन साहित्य एवं कला विकास संस्थान के मंच से प्रदान किया जाएगा। यह आयोजन अंचल की सांस्कृतिक साहित्यिक एवं धरोहरों के विकास की गतिविधियों को 45 वर्षों से निरंतर आगे बढ़ाने के लिए प्रयासरत संबोधन साहित्य कला विकास संस्थान मनेंद्रगढ़ द्वारा सूत्र जगदलपुर के साथ संयुक्त रूप से किया जा रहा है। मनेंद्रगढ़ के नए जिले के गठन के साथ ही ठाकुर पूरन सिंह स्मृति सूत्र सम्मानका आयोजन अंचल का इस स्तर का पहला आयोजन होगा।

संबोधन साहित्य कला संस्थान के अध्यक्ष वीरेंद्र कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि आगामी 20 नवंबर रविवार को राजस्थान भवन मनेंद्रगढ़ में आयोजित सम्मान समारोह में देश भर के साहित्यकारों के आने की सहमति प्राप्त हो चुकी है। वरिष्ठ रचनाकारों की प्रकाशित पुस्तकों का एक स्टॉल भी इस अवसर पर लगाया जाएगा।

आगो बताया कि प्रात: 11 बजे से प्रारंभ प्रथम सत्र में सूत्र सम्मान तथा वरिष्ठ रचनाकारों एवं आंचलिक रचनाकारों की परिचर्चा तथा रचनाओं की प्रस्तुति का समागम इस अंचल को साहित्य के क्षेत्र में नई उपलब्धियां देने का एक सार्थक प्रयास होगा। वहीं सायंकालीन 4 बजे से दूसरे सत्र में देश के प्रतिष्ठित साहित्यकारों के सम्मान के साथ वरिष्ठ कवियों के गीतों और कविताओं की काव्य संध्या आयोजित है। अंचल के श्रेष्ठ रचनाकारों को भी इस मंच पर सम्मानित किया जाएगा।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news