राजनांदगांव

सीएम ने किया इंदिरा की आदमकद प्रतिमा का अनावरण
18-Nov-2022 4:12 PM
सीएम ने किया इंदिरा की आदमकद प्रतिमा का अनावरण

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 18 नवंबर।
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने बुधवार को नगर पालिका क्षेत्र डोंगरगढ़ स्थित स्वामी आत्मानंद स्कूल परिसर में पूर्व प्रधानमंत्री स्व. इंदिरा गांधी की आदमकद प्रतिमा का अनावरण किया। इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने इंदिरा गांधी अमर रहें के नारे लगाए। मुख्यमंत्री ने परिसर में उपस्थित राजीव युवा मितान क्लब, क्रिकेट क्लब एवं अन्य संगठनों के प्रतिनिधियों से मिल कर उनका अभिवादन स्वीकार किया।

मुख्यमंत्री के स्वागत में छात्र-छात्राओं ने विभिन्न साइंस मॉडल की प्रदर्शनी लगाई थी। साथ ही गढ़बो नवा छत्तीसगढ़ की थीम पर छत्तीसगढ़ का नक्शा बनाया था। उल्लेखनीय है कि नगर पालिका डोंगरगढ़ के वार्ड नंबर 24 में स्थित स्वामी आत्मानंद स्कूल में हिंदी और इंग्लिश दोनों माध्यमों में शिक्षा की व्यवस्था है। स्वामी आत्मानंद स्कूल का शुभारंभ 2 सितंबर 2021 को हुआ है। यहां पूर्व से ही हिंदी माध्यम स्कूल संचालित था। वर्तमान में यहां कुल 1,157 छात्र-छात्राएं अध्ययनरत है। इंग्लिश माध्यम में 589 और हिंदी माध्यम में 568 छात्र-छात्राएं हैं।

मुख्यमंत्री ने की पूजा-अर्चना
मुख्यमंत्री बघेल ने डोंगरगढ़ में नीचे मंदिर में माता बम्लेश्वरी की पूजा-अर्चना की। मुख्यमंत्री ने मां बम्लेश्वरी से प्रदेशवासियों की सुख, समृद्धि एवं खुशहाली के लिए प्रार्थना की। उन्होंने माता बम्लेश्वरी मंदिर में श्रीफल, माता की चुनरी और पूजन सामग्री चढ़ाई और विधि-विधान पूर्वक मंत्रोच्चार के साथ पूजा आरती की। मुख्यमंत्री ने कहा कि माता बम्लेश्वरी मंदिर का विशेष महत्व है। सच्चे मन से जो भी भक्त माता बम्लेश्वरी के मंदिर आता है, उनकी मनोकामना पूरी होती है।

मुख्यमंत्री बघेल ने डोंगरगढ़ में सी-मार्ट का शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री के समक्ष 60 हजार रुपए की खरीददारी के साथ सी मार्ट का शुभारंभ हुआ। महिला एवं बाल विकास विभाग, शिक्षा विभाग एवं आदिम जाति कल्याण विभाग ने अपने विभाग की जरूरत के लिए खरीददारी की। इसे पूजा सामग्रियों के लिए खास तौर पर खोला गया है। पूर्व में ट्रायल के दौरान एक सप्ताह में 70 हजार रुपए की बिक्री हुई है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यहां मां बम्बलेश्वरी के दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को कई प्रकार के अच्छे सामानों की खरीदारी करने का अवसर मिलेगा।
 

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news