सुकमा

76वां स्थापना दिवस धूमधाम से मनाया, विविध कार्यक्रम भी
14-Feb-2023 8:16 PM
76वां स्थापना दिवस धूमधाम से मनाया, विविध कार्यक्रम भी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
सुकमा, 14 फरवरी।
बटालियन 2, के. रि. पु.बल  का इतिहास अत्यन्त गौरवमय व बहादुरी से पूर्ण रहा है। इस बटालियन की स्थापना दिनांक 13/02/48 को 04 समवाय के साथ नीमच (मध्य प्रदेश) में हुई थी। इस वाहिनी के पहले कमाण्डेन्ट एच. ओसबोर्न थे। 21 अक्टूबर 1959 को इस वाहिनी के जवानों ने चीनी पी.एल.ए. सैनिकों से लड़ते हुए अपना सर्वोच्च बलिदान दिया था, जिसके कारण यह दिन संपूर्ण पुलिस बलों द्वारा स्मृति दिवस के रूप में मनाया जाता है।

पाकिस्तानी सैनिकों को मार भगाया
9 अप्रैल 1965 को 3500 से ज्यादा नफरी की पाकिस्तानी बिग्रेड का सामना गुजरात के रन ऑफ कच्छ में सरदार पोस्ट पर द्वितीय वाहिनी की एक छोटी सी टुकड़ी ने किया व पाकिस्तानी सैनिकों को न सिर्फ मार भगाया वरन 34 सैनिकों को मारा व 4 सैनिकों को जिंदा पकड़ा। इस संघर्ष में इस वाहिनी के 6 बहादुर जवानों ने अपनी शहादत दी। संपूर्ण संसार के पुलिस बल के इतिहास में यह युद्ध एक स्वर्णिम इतिहास है, जिसमें एक पूर्ण सुसज्जित बिग्रेड की सेना को एक अर्धसैनिक बल की छोटी सी टुकड़ी ने विफल किया व दुश्मनों को मारा व जिंदा पकड़ा।इस अद्वितीय शौर्य प्रदर्शन के कारण सम्पूर्ण पूलिस बल में 9 अप्रैल को शौर्य दिवस के रूप में मनाया जाता है।

पूरे भारत में तैनात रहा बल 
1948 से 2023 तक द्वितीय वाहिनी के.रि.पु.बल सम्पूर्ण भारत में तैनात रहा, जिसमें पंजाब मेंआतंकवाद, पूर्वोत्तर का विद्रोहियों, जम्मू कश्मीर में आतंकवादियों व भारत के प्रमुख संस्थानों की सुरक्षा, भारत-तिब्बत सीमा सुरक्षा, हवाई अड्डों की सुरक्षा जैसे महत्वपूर्ण कार्य इस वाहिनी ने बड़े दक्षता व कौशलता से पूर्ण किया है।

वर्तमान में सुकमा में सेवारत 
यह वाहिनी 2008 से सुकमा के अतिसंवेदनशील क्षेत्रों में नक्सलियों से लड़ रही है। इस वाहिनी के जवानों ने सुकमा के अतिसंवेदनशील क्षेत्रों यथा गोरखा, भेजी, इंजीराम, करिगुंडम, मिनपा, एलमागुण्डा, पिडमेल, बेदरे, टोण्डामार्का जैसे एफ.ओ. बी. खोलने में अपनी महत्वपूर्ण भुमिका निभाई है।

सुकमा से दोरणापाल तक एन.एच-30 के निर्माण में इस वाहिनी ने अपनी महत्वपूर्ण भुमिका निभाई है।

वीरता के लिए कई पदक इनके नाम
अबतक इस वाहिनी के 8 कार्मिकों को वीरता के लिए राष्ट्रपति अग्निसेवा पदक, 7 कार्मिकों को वीरता के लिए राष्ट्रपति पुलिस पदक एवं 21 कार्मिकों को वीरता के लिए पुलिस पदक से नवाजा जा चुका है। इस दौरान 68 कार्मिकों ने कर्तव्य के पथ पर अपने प्राणों की आहुति दी। स्थापना दिवस के संध्या पर बटालियन मुख्यालय सुकमा में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। जिसमें मलखम्भ, यू.ए.सी, रॉफेल ड्रा, सांस्कृतिक कार्यक्रम, बड़ा खाना इत्यादी कार्यक्रम शामिल है।

कार्यक्रम में शामिल हुए 
कार्यक्रम में रेंज सुकमा से अरविन्द राय, पुलिस उप महानिरीक्षक, 2 बटालियन कांत बेहेरा, कमाण्डेन्ट, पवन कुमार, द्वितीय कमान अधिकारी,  अनामी शरण, द्वि.क.अ., सैमसन राजू भास्कर भट्टाचार्य, उप कमाण्डेन्ट, डॉ आर. अनिल कुमार, वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी, डॉ. कुना श्रीकर, चिकित्सा अधिकारी, सभी कम्पनी कमाण्डर, अधिनस्थ अधिकारी, एवं जवान इत्यादि मौजूद रहे। 

उक्त कार्यक्रमों के सफल आयोजन में बटालियन के जवानों ने बढ़-चढक़र भाग लिया। रति कांत बेहेरा, कमाण्डेन्ट ने सभी जवानों एवं उनके स्वजनों को बटालियन स्थापना दिवस की हार्दिक शुभकामनाएँ दी एवं साथ ही बटालियन में ऐसे ही उच्च दर्जे के प्रदर्शन के लिए प्रोत्साहित किया साथ ही यह आशा व्यक्त की कि हम नित प्रतिदिन नई ऊचाईयों को प्राप्त करेंगे।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news