कोण्डागांव

मजदूरों की संख्या बढ़ाकर कार्यों को तेजी के साथ करने निर्देश
22-May-2023 1:36 PM
मजदूरों की संख्या बढ़ाकर कार्यों को तेजी के साथ करने निर्देश

एथेनॉल प्लांट निर्माण प्रगति का कलेक्टर ने लिया जायजा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कोण्डागांव, 21 मई। कलेक्टर दीपक सोनी ने शनिवार को कोकोड़ी में एथेनॉल प्लांट निर्माण का जायजा लेकर सभी कार्यों को तेजी के साथ संचालित किये जाने के निर्देश दिये। उन्होंने एथेनॉल प्लांट निर्माण से जुड़े एजेंसियों तथा अधिकारियों से एथेनॉल प्लांट के प्रत्येक सेक्शन की निर्माण प्रगति की जानकारी ली और कहा राज्य शासन के इस महत्वपूर्ण प्लांट के निर्माण कार्य को अनवरत रूप से तेजी के साथ संचालित किया जाये। हरेक सेक्शन के कार्यों की नियमित तौर पर मॉनिटरिंग कर तकनीकी मापदंडों तथा गुणवत्ता के मानकों का अनुपालन सुनिश्चित किया जाए।

 श्री सोनी ने सिविल वर्क में अद्यतन प्रगति लाने के लिए आवश्यक निर्माण सामग्री की समयपूर्व उपलब्धता सुनिश्चित किये जाने सहित श्रमिकों की पर्याप्त संख्या में वृद्धि कर कार्यों को तेजी के साथ संचालित करने के निर्देश दिये। इसके साथ ही एथेनॉल प्लांट में स्थापित किये जाने वाले उपकरणों, आवश्यक मशीनरी की आपूर्ति नियत समय के पहले अनिवार्य रूप से किये जाने कहा।

उन्होंने विद्युत व्यवस्था की जानकारी ली और निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित किये जाने के निर्देश दिये, जिससे उपकरणों एवं मशीनरी स्थापना कार्य को निरंतर किया जा सके। वहीं उन्होंने एथेनॉल प्लांट संचालन  के लिये आवश्यक विद्युत क्षमता का आंकलन कर विद्युत सुलभता प्लान तैयार किये जाने कहा।

कलेक्टर श्री सोनी ने प्लांट निर्माण में सुरक्षा मानकों के परिपालन करने पर जोर देते हुए श्रमिकों, इंजीनियरों सभी को  सेफ्टी प्लान के अनुसार सुरक्षा सम्बन्धी आवश्यक किट उपलब्ध कराने कहा। इसके साथ ही अग्निशामक यंत्रों की उपलब्धता सुनिश्चित किये जाने के निर्देश दिये। 

कलेक्टर श्री सोनी ने एथेनॉल प्लांट के साईट डेव्लपमेंट कार्यों आंतरिक सडक़, प्रशासनिक भवन, कन्ट्रोल रूम,प्रवेश द्वार ईत्यादि को भी जल्द शुरू करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही मक्का भंडारण के लिए अतिरिक्त वेयर हाऊस निर्मित किये जाने कहा। कलेक्टर श्री सोनी ने एथेनॉल प्लांट की आवश्यकता के अनुरूप पानी की उपलब्धता के लिए खनन किये गये 8 नलकूपों में विद्युत कनेक्शन शीघ्र पूर्ण किये जाने के निर्देश दिये।साथ ही स्टॉपडेम से जलापूर्ति सुनिश्चित किये जाने हेतु जेकवैल के कार्य को अतिशीघ्र शुरू करने कहा। कलेक्टर श्री सोनी ने मक्का उपार्जन के लिए तैयार कार्ययोजना के अनुसार 5 जून से मक्का खरीदी प्रारंभ किये जाने के निर्देश दिये। उन्होंने कोण्डागांव  नगर के मुख्य मार्ग से कोकोड़ी एथेनॉल प्लांट तक नवीन सडक़ के लिए सर्वेक्षण कर प्राक्कलन प्रस्तुत किये जाने कहा, ताकि प्लांट तक बेहतर परिवहन एवं आवागमन सुविधा उपलब्ध हो सके।

इस दौरान अवगत कराया गया कि वर्तमान में एथेनॉल प्लांट स्थल पर 3 नलकूपों के माध्यम से निर्माण कार्य किया जा रहा है। अभी हाल ही में 8 नये नलकूप खनन किये गये हैं। जलसंसाधन विभाग द्वारा बल्लारी नाला में स्थित स्टॉपडेम में जेकवैल निर्माण कार्य को शीघ्र प्रारंभ किया जायेगा, जिससे एथेनॉल प्लांट के लिए आवश्यक  जलापूर्ति हो सकेगी। इसके साथ ही आवश्यकता होने पर नेवता सिंचाई जलाशय से जलापूर्ति की जा सकेगी। ज्ञातव्य है कि 140 करोड़ रूपए की लागत से कोकोड़ी में मक्का प्रसंस्करण पर आधारित एथेनॉल प्लांट का निर्माण कार्य द्रुत गति से किया जा रहा है। इस एथेनॉल प्लांट से जिले के करीब 46 हजार मक्का उत्पादक किसान लाभान्वित होंगे। यही वजह है कि जिले के मक्का उत्पादक किसान उक्त प्लांट निर्माण का लगातार भ्रमण कर उत्साहित हो रहे हैं।

इस दौरान सीईओ जिला पंचायत श्री प्रेम प्रकाश शर्मा सहित सहकारिता, जल संसाधन,लोक निर्माण, छत्तीसगढ़ विद्युत वितरण कम्पनी ईत्यादि विभागों के अधिकारी तथा प्लांट निर्माण से जुड़े एजेंसियों के प्रतिनिधि मौजूद थे।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news