कोण्डागांव

नगर की सडक़ें अंधेरे में, कांग्रेसियों का धरना-प्रदर्शन
09-Jun-2023 8:51 PM
नगर की सडक़ें अंधेरे में, कांग्रेसियों का धरना-प्रदर्शन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कोण्डागांव, 9 जून। जिला मुख्यालय कोण्डागांव से होकर गुजरने वाले नेशनल हाईवे 30 पर लगा स्ट्रीट लाइट विगत कई महीनों से बंद है। नेशनल हाईवे पर लगा स्ट्रीट लाइट बंद होने से हादसे का अंदेशा लगातार बना हुआ है। इस समस्या को लेकर नगर पालिका के जनप्रतिनिधियों ने कई बार प्रशासन को अवगत करवाया, लेकिन समस्या जस की तस बनी हुई है। इसी समस्या के समाधान को लेकर नगर पालिका अध्यक्ष वर्षा यादव, कांग्रेस प्रदेश सचिव मनीष श्रीवास्तव व कांग्रेस के कार्यकर्ता आज मसोरा टोल प्लाजा पहुंचकर सांकेतिक धरना प्रदर्शन किया। कांग्रेसियों ने चेतावनी दी कि, यदि समस्या का समाधान नहीं हुआ तो जल्दी चक्काजाम करते हुए विरोध प्रदर्शन किया जाएगा।

नेशनल हाईवे 30 जिला मुख्यालय के मध्य से होकर गुजरता है। इसका लगभग 8 किमी का दायरा जिला मुख्यालय कोण्डागांव नगर में फैला हुआ है। नगरीय क्षेत्र से होकर गुजरने वाले नेशनल हाईवे 30 की प्रकाश व्यवस्था नेशनल हाईवे अथॉरिटी की ओर से की जानी है, लेकिन विगत कई महीनों से नेशनल हाईवे अथॉरिटी के माध्यम से प्रकाश व्यवस्था की समस्या को अनदेखा किया जा रहा है। नतीजतन नेशनल हाईवे 30 का नगरीय हिस्सा पूरी तरह से अंधकार में है।

इस समस्या के समाधान के लिए जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष झुमुक लाल दीवान, प्रदेश कांग्रेस सचिव मनीष श्रीवास्तव, नगर पालिका अध्यक्ष वर्षा यादव, पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष कैलाश पोयाम, कांग्रेस के अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्ता मासोरा टोल प्लाजा में पहुंचकर सांकेतिक धरना प्रदर्शन किए। सांकेतिक धरना प्रदर्शन के दौरान नगर नेशनल हाईवे 30 पर वाहनों का आवाजाही भी प्रभावित हुआ है। कांग्रेस पदाधिकारियों ने प्रशासन को चेताया है कि, यदि जल्द से जल्द प्रकाश व्यवस्था नहीं हुई तो आंदोलन चक्काजाम का रूप ले लेगा।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news