दन्तेवाड़ा
पांच गिरफ्तार
दंतेवाड़ा, 13 जुलाई। दंतेवाड़ा की कुआकोंडा थाना अंतर्गत सूरनार गांव में एक युवक ने सोमवार को फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली थी। कुआकोंडा पुलिस ने इस मामले में गुरुवार को 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया।
ज्ञात हो कि बादल मंडावी (17 वर्ष) सूरनार का निवासी था। उसे गांव की ही युवती से प्रेम हो गया था। युवक और युवती विवाह करना चाहते थे। विवाह के मुद्दे पर दोनों पक्ष बैठे। कन्या पक्ष के परिजनों ने युवती के नाबालिग होने का और उसका भविष्य खराब होने का हवाला देते हुए पैसे की मांग की। मांग अधिक होने की वजह से दूसरे पक्ष ने मांग पूर्ण करने में असमर्थता जताई। इसके उपरांत दोनों पक्षों में विवाद शुरू हो गया। विवाद इतना बढ़ा कि कन्या पक्ष वालों ने दूसरे पक्ष वालों की पिटाई कर दी। इस घटना में युवक की भी पिटाई की गई। जिससे क्षुब्ध होकरबादल ने पेड़ में फांसी का फंदा डाला और उसमें झूल गया।
इस मामले में सूरनार गांव निवासी सोनू मंडावी उम्र 29 वर्ष भीमा मंडावी 30 वर्ष जोगा मंडावी उम्र 40 वर्ष, अशोक मरकाम उम्र 21 वर्ष और देवा मरकाम उम्र 25 वर्ष शामिल है। सभी आरोपियों को न्यायालय में प्रस्तुत कर दिया गया।