कवर्धा

छत्तीसगढ़-मध्यप्रदेश की सीमा पर रूटीन चेकिंग के दौरान पकड़ाए
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बोड़ला/कवर्धा, 2 सितंबर। छत्तीसगढ़-मध्यप्रदेश की सीमा पर चिल्फी में आबकारी विभाग के चेकपोस्ट पर शुक्रवार शाम में निजी वाहन की तलाशी में एक करोड़ रुपए नगदी बरामद हुआ है। लग्जरी कार के माध्यम से आरोपियों द्वारा फरीदाबाद से संबलपुर एक करोड़ रुपए संदिग्ध तरीके से बिना कागजात के ले जाया जा रहा था। चिल्फी पुलिस ने 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया।
इस विषय में जिला आबकारी अधिकारी आशा सिंह से मिली जानकारी के अनुसार चिल्फी थाना क्षेत्र में लग्जरी कार में फरीदाबाद हरियाणा व दिल्ली के चार युवक फरीदाबाद से दिल्ली होते हुए संबलपुर ओडिशा एक करोड़ रुपए ले जा रहे थे। उन्होंने बताया कि चिल्फी में अंतरराज्यीय सीमा पर आबकारी बैरियर में छोटी बड़ी वाहनों की चेकिंग की जाती है, इसी दौरान कार क्रमांक डीएल 2 डीबीए 3131 वहां से गुजर रही थी। कार में चार लोग सवार थे। टीम ने चेकिंग के दौरान कार को रोकने का इशारा किया, लेकिन वह भागने लगे। आबकारी टीम ने तत्काल आरटीओ बैरियर पर कॉल कर इसकी जानकारी दी। आरटीओ बैरियर पर नाकेबंदी कर कार को रोका गया। घटना की जानकारी जिले के कलेक्टर व एसपी को भी दी गई।
पुलिस के मुताबिक चारों आरोपी दिल्ली और हरियाणा के रहने वाले हैं, जिनमें निशांत वैद (35 वर्ष) सेक्टर 22 फरीदाबाद हरियाणा, राहुल रावत (32 वर्ष) बसेल्वा कॉलोनी फरीदाबाद हरियाणा, नरेंद्र कुमार सहाय (33 वर्ष) जहांगीरपुरी नई दिल्ली और विपिन सिंह (28 वर्ष) मयूर विहार फेज वन दिल्ली को कार में कैश ले जाने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है।
घटना में प्रयुक्त कार संजीव हरि पिता सतबीर सिंह दिल्ली के नाम पर रजिस्टर्ड है। बैग में कैश बरामद होने पर रूपयों को गिनने के लिए मशीन मंगाना पड़ा। बैग में सभी 500 के नोट थे। संदिग्धों ने पूछताछ में बैग में एक करोड़ रुपए होना बताया है।