कवर्धा

छेड़छाड़ का आरोप, दौड़ा-दौड़ा कर मारा, मौत, महिला समेत 10 बंदी
19-Apr-2024 9:12 PM
छेड़छाड़ का आरोप, दौड़ा-दौड़ा कर मारा, मौत, महिला समेत 10 बंदी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कवर्धा, 19 अप्रैल। कवर्धा में छेड़छाड़ के आरोप में कुछ लोगों ने एक युवक को दौड़ा दौड़ा कर पीटा, फिर उसके हाथ-पैर को रस्सी से बांधकर बंधक बना लिया और छोडऩे के एवज में परिजन से रुपये की मांग की। पैसे नहीं देने के बाद युवक को फिर से पीटा और फंसने के डर से छोडक़र भाग गए। बाद में युवक ने तड़प-तड़प कर दम तोड़ दिया। घटना सामने आने के कुछ दिनों बाद पुलिस ने छानबीन के बाद 10 लोगों पर हत्या का मामला दर्ज करते हुए गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

पुलिस के अनुसार, मामला कवर्धा के दमगढ़ का है जहां सोमवार की दरमियानी रात राली गांव का धरम सिंह धुर्वे किसी काम से दमगढ़ गया हुआ था। जहां एक परिवार में शादी हो रही थी। यहीं से रात को धरम सिंह गुजर रहा था। तभी विवाह घर की एक महिला शौच के लिए बाहर निकली थी, जिनसे धरम सिंह छेड़छाड़ करने लगा, जिसका महिला ने विरोध किया और लोगों को चिल्ला कर आवाज दी। तब बड़ी संख्या में विवाह घर के लोग और मेहमान दौड़े और युवक को दौड़ाने लगे। इसके बाद सभी ने युवक को पकडक़र खूब पीटा। बाद में युवक के मोबाइल से उनके साढू़ को फोन किया और छोडऩे के बदले 50 हजार रुपये की मांग की। साढ़ू ने रात में आने से मना कर दिया। इसके बाद फोन कट गया।

घटना की अगली सुबह जब साढ़ू उनके दूसरे साढ़ू के साथ गांव पहुंचे तो देखा कि धरम सिंह धुर्वे अचेत हालत में हुआ था। इनके पहुंचते ही उसने दम तोड़ दिया। इसके बाद घटना की शिकायत थाना में दर्ज कराई गई।

खबर मिलते ही पुलिस जांच में जुटी और संदेहियों को हिरासत में लेकर पूछताछ किया। पुलिस ने जब नामजद शिवचरण धुर्वे (20), ओमप्रकाश (19), अर्जुन मरावी (19), साजन धुर्वे (20), शिवराज धुर्वे (18), रामकुमार धुर्वे (24), रमेश धुर्वे (23), महेन्द्र धुर्वे (18), दशरथ मरावी (20) व सुखिया बाई बैगा (32) आरोपियों से पूछताछ की तो उन्होंने अपना जुर्म कबूल किया और छेड़छाड़ के आरोप में आक्रोशित होकर युवक को लाठी डंडे से मारपीट करने की बात कबूली। इसके बाद पुलिस ने सभी के खिलाफ मामला दर्ज करते हुए उन्हें अदालत में पेश किया जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news