बेमेतरा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बेमेतरा, 12 सितंबर। ग्राम लोहडंगिया में गत 1 सितबर को शिवनाथ नदी में मिले शव के मामले में हत्या का प्रकरण दर्ज कर लिया गया है। मृतक की पहचान होने के बाद पुलिस हत्यारे की तालाश में जुटी हुई है। मृतक की पहचान संदीप वर्मा पिता मस्तराम वर्मा सुरजपुरा थाना भाटापारा निवासी के तौर पर हुआ है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मारो चौकी क्षेत्र के ग्राम लोहडंगिया शिवनाथ नदी पर ईटा भटठा के पास 1 सितंबर को अज्ञात पुरुष का शव मिला था इसके बाद पुलिस ने खेदुदास मानिकपुरी की रिपोर्ट पर हत्या का अपराध दर्ज किया गया था। पुलिस द्वारा मृतक की पतासाजी के लिए सोशल मीडिया व अन्य सूचना व प्रसार साधन से मृतक का हुलिया अनुसार जानकारी जारी कर आम जनो से मदद लिया गया था। इसके बाद मृतक के परिजनो ने मारो चौकी पहुंचकर मृतक का पहचान किया। मृतक की पहचान ग्राम सुरजपुरा निवासी संदीप वर्मा पिता मस्तराम के तौर पर किया गया था। मृतक तिल्दा के रोल्वे स्टेशन में रहा करता था। पुलिस के अनुसार मृतक पर चोरी के कई मामलो में अपराध होने की जानकारी सामने आई है। चौकी प्रभारी डीएल सोना ने बताया कि मामले में हत्या का प्रकरण दर्ज कर लिया गया है। शव शिनाख्त होने के बाद प्रकरण की विवेचना को तेज किया गया है। मृतक से संबधित जानकारी जुटायी जा रही है। आरोपी अभी पुलिस पकड़ से बाहर है।