बीजापुर

कांग्रेस घोटालों की सरकार-केंद्रीय मंत्री
20-Oct-2023 9:50 PM
कांग्रेस घोटालों की सरकार-केंद्रीय मंत्री

महेश गागड़ा ने ढोल-नगाड़ों व सैकड़ों समर्थकों के साथ किया नामांकन दाखिल
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बीजापुर, 20 अक्टूबर।
शुक्रवार को बीजापुर विधानसभा से भाजपा के अधिकृत प्रत्याशी महेश गागड़ा के नामांकन कार्यक्रम में बीजापुर पहुंचे केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर ने आमसभा को संबोधित करते हुए भूपेश सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि भूपेश सरकार के मंत्री और विधायकों ने गरीबों का चावल तक खा लिया। 

शुक्रवार को भाजपा प्रत्याशी महेश गागड़ा ने शक्ति प्रदर्शन करते हुए अपना नामांकन जमा किया। गागड़ा के नामांकन कार्यक्रम में केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण व युवा मामलों  के मंत्री अनुराग ठाकुर ने भी शिरकत की। केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर तकऱीबन 11 बजे हेलीकॉप्टर से बीजापुर पहुंचे। इसके बाद भाजपा  कार्यकर्ताओं ने बाइक रैली निकाली। यह रैली भाजपा कार्यालय से कलेक्ट्रेट कार्यालय तक निकाली गई। रैली की शक्ल में अनुराग ठाकुर व महेश गागड़ा ने  कलेक्ट्रेट पहुंचकर  नामांकन दाखिल किया।

नामांकन जमा करने के बाद बाइक रैली के साथ केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर व भाजपा प्रत्याशी महेश गागड़ा नये बस स्टैंड स्थित सभा स्थल पहुंचे। यहां केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर व महेश गागड़ा ने आमसभा को सम्बोधित करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ को मोदी सरकार ने देने में कोई कमी नहीं रखी, लेकिन भूपेश सरकार ने भी खाने में कोई कमी नहीं रखी, भूपेश सरकार के मंत्री और विधायकों ने गरीबों का चावल तक खा लिया, 2018 के में चुनाव से पहले गंगाजल की कसम खाके कांग्रेस के नेताओं ने कहा था कि छत्तीसगढ़ को शराब मुक्त करेंगे, लेकिन चुनाव जीतने के बाद घर-घर में शराब पहुंचाया, फर्जी स्टिकर और होलोग्राम लगाकर छत्तीसगढ़ का पैसा प्रियंका गांधी, राहुल गांधी और सोनिया गांधी को देने का काम किया। कांग्रेस की सरकार घोटालों की सरकार साबित हो गई है। इन्होंने शराब घोटाला, कोल घोटाला और गोबर घोटाला जैसे स्केम को अंजाम दिया। 

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि भाजपा सरकार में यहां पर स्पोर्ट्स अकेडमी खोला गया। इस स्पोर्ट्स अकादमी के बच्चों ने पूरे देश भर में अपना परचम लहराया और छत्तीसगढ़ और बीजापुर जिले का नाम रोशन किया। यहां स्पोर्ट्स अकेडमी भी भाजपा शासन की देन थी। 

भाजपा प्रत्याशी महेश गागड़ा ने स्थानीय विधायक विक्रम मांडवी को घेरते हुए कहा कि मेरे 10 साल के कार्यकाल में जिले में कई विकास कार्य किये गए, लेकिन कांग्रेस के विधायक के 5 साल के कार्यकाल में जनता त्रस्त हो गई है। विधायक खुद ठेकेदार बन गए है।

विधायक ने 5 साल में सिर्फ भूमिपूजन बस किया। लेकिन भूमिपूजन करने के बाद कोई भी काम नहीं हुआ। जल - जीवन मिशन, डीएमएफ फण्ड,  आदिवासियों के आस्था देवगुडिय़ों के निर्माण में भी खुलकर भ्रष्टाचार करने की बात बीजेपी प्रत्याशी गागड़ा ने कही। इस दौरान बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news