दन्तेवाड़ा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बचेली, 26 अक्टूबर। बुराई पर अच्छाई की जीत का पर्व लौह नगरी बचेली में 24 अक्टूबर को धूमधाम से मनाया गया। केन्द्रीय विद्यालय फुटबॉल मैदान में आयोजित दशहरा कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एनएमडीसी बचेली परियोजना के मुख्य महाप्रबंधक बी. वेकंटश्वर्लु थे।
शाम को राम एवं रावण का रथ छ.ग. सांस्कृतिक एवं क्रीड़ा समिति से पूजा-अर्चना के बाद निकाला गया। श्री गणेश स्तुति कर छत्तीसगढ़ी सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जहां नृत्य एवं गानों से दर्शकों को सराबोर किया गया। वहीं राम एवं लक्ष्मण सहित रावण के साथ संवाद होते पात्रों द्वारा दिखाया गया।
कार्यक्रम के अंतिम पड़ाव में राम एवं रावण के युद्ध को रामलीला के रूप में दिखाया गया। तत्पश्चात रावण दहन एवं जमकर आतिशबाजी किया गया। जिसे हजारों लोगों ने देखा एवं जमकर लुत्फ उठाया।
बचेली किरंदुल के अलावा भांसी, दंतेवाड़ा व अन्य आसपास के ग्रामीण क्षेत्र के लोग हजारों की संख्या में दशहरा उत्सव देखने मैदान पहुंचे थे। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पुलिस थाना के नगर निरीक्षक राकेश यादव अपने दल-बल के साथ व सीआईएसएफ जवान तैनात थे। विभिन्न व्यंजनों के लगाये हुए स्टॉल के मैदान में लगाये गये, पूरा माहौल मेले की तरह था।