कोण्डागांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कोंडागांव, 23 जनवरी। कोण्डागांव नगर के जय स्तंभ चौक के पास स्थित राम मंदिर में महिलाओं के एक समूह ने अनाज से अयोध्या राम मंदिर का रंगोली तैयार किया है।
इस रंगोली की खासियत है कि, इसे बनाने के लिए केवल धान, गेहूं, चावल व अन्य अनाज का इस्तेमाल किया गया है। इतना ही नहीं रंगों के लिए भी खाने वाले रंग का इस्तेमाल किया गया है। ताकि प्रदर्शन के बाद अनाज व्यर्थ ना हो, इसे खाया जा सके, लोगों में बाटा जा सके।
अयोध्या में श्री रामलला की प्राण प्रतिष्ठा के साथ पूरे देश ने राम उत्सव मनाया। राम उत्सव की धूम कोण्डागांव नगर में भी दिखाई दे रही है। इसी कड़ी में नगर के जयस्तंभ चौक के पास स्थित राम मंदिर में महिलाओं के द्वारा अनाज से श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र मंदिर अयोध्या का रंगोली तैयार किया गया है।
इस रंगोली को बनाने के लिए चावल, गेहूं, दाल, धान और खाने के रंग का इस्तेमाल किया गया है। रंगोली बनाने वाली महिलाओं का कहना है कि, रंगोली प्रदर्शन के बाद रंगोली वाले अनाज को किसी जरूरतमंद को दान में दिया जाएगा, ताकि अनाज का इस्तेमाल खाकर किया जा सके।