कोण्डागांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कोण्डागांव, 24 जनवरी। जिला के मर्दापाल थाना क्षेत्र अंतर्गत सक्रिय रहे दो नक्सलियों ने कल शाम कोण्डागांव पहुंचकर पुलिस के समक्ष आत्म समर्पण कर दिया है। पुलिस के अनुसार आत्मसमर्पण करने वाले नक्सली पुलिस - नक्सली मुठभेड़ समेत कई घटनाओं में शामिल रहे हैं। आत्मसमर्पण करने पर दोनों नक्सलियों को 25-25 हजार रुपए का प्रोत्साहन राशि देते हुए मुख्यधारा से जोड़े जाने का प्रयास किया गया है।
दोनों नक्सली के बारे में नक्सली ऑप्स डीएसपी सतीश भार्गव ने बताया कि, सोनू उर्फ घसिया कश्यप पूर्व जनताना सरकार का सक्रिय सदस्य रहा है। सोनू मर्दापाल थाना क्षेत्र में हुए 2014 के पुलिस नक्सली मुठभेड़ में शामिल रहा है। पूर्व जन मिलिशिया सदस्य घिनाराम ने भी सोनू कश्यप के साथ 23 जनवरी को आत्मसमर्पण किया है। आत्मसमर्पण करने पर इन्हें तत्काल 25-25 हजार रुपए का प्रोत्साहन राशि दिया गया है। साथ ही इन्हें शासन द्वारा दिए जाने वाले समस्त सुविधाओ का भी लाभ दिया जाएगा।