राजनांदगांव

जिपं सीईओ ने किया निर्माण कार्यों का निरीक्षण
23-Feb-2024 1:56 PM
जिपं सीईओ ने किया निर्माण कार्यों का निरीक्षण

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 23 फरवरी।
जिला पंचायत सीईओ  सुरूचि सिंह जनपद पंचायत डोंगरगांव के ग्राम चिद्दों, जंतर, बड़भूम तथा जनपद पंचायत छुरिया के ग्राम कलडबरी में चल रहे विभिन्न विकास कार्यों का औचक निरीक्षण किया। 

सीईओ सिंह ने ग्राम चिद्दों के निरीक्षण के दौरान भूमि संरक्षण विभाग के माध्यम से स्वीकृति हेतु प्रस्तुत किए गए कार्यों के लिए प्रस्तावित स्थल का निरीक्षण किया और अधिकारियों से कार्य की आवश्यकता, जल संरक्षण से होने वाले लाभ तथा आसपास के किसानों से चर्चा कर कार्य के होने से प्रत्यक्ष व अप्रत्यक्ष प्रभाव के संबंध में जानकारी ली। ग्रामीणों ने बताया कि कार्य के स्वीकृत हो जाने से लगभग 70- 80 एकड़ की भूमि तथा 40 से अधिक किसानों को लाभ मिलेगा। सीईओ ने अधिकारियों को कार्यों की स्वीकृति के संबंध में आवश्यक प्रशिक्षण करने की कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने ग्राम जंतर में भूमि संरक्षण एवं जल संवर्धन संबंधित कार्यों का खेतों से होकर प्रस्तावित स्थल तक पहुंचकर निरीक्षण किया। 

उन्होंने स्थल में आंशिक संशोधन किए जाने योग्य स्थिति को देखकर अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने निर्देशित किया। इसके पश्चात सीईओ  ने ग्राम पंचायत बड़भूम के तालाब गहरीकरण के कार्यों का निरीक्षण किया । इस दौरान तालाब गहरीकरण कार्य में 140 से अधिक श्रमिक कार्यरत पाए गए। उन्होंने कार्यस्थल पर तत्काल सूचना पटल निर्माण करने कहा तथा श्रमिकों से चर्चा कर कार्य एवं मजदूरी भुगतान के संबंध में जानकारी ली। 

सीईओ सिंह ने जनपद पंचायत छुरिया के ग्राम कलडबरी में किए जा रहे परकुलेशन टैंक एवं भूजल संचय के कार्यों जायजा लिया। इस दौरान कार्य स्थल पर मस्टर रोल का वाचन किया गया। जिसमें 40 में से 38 लोगों की उपस्थिति पाई गई। सीईओ ने दो लोगों की अनुपस्थिति के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने अधिक से अधिक लोगों को रोजगार देने के लक्ष्य को मूल लक्ष्य बताते हुए संख्या में बढ़ोतरी करने के निर्देश दिए। सुरूचि सिंह ने खुज्जी में निर्मित अमृत सरोवर के कार्यों का निरीक्षण किया और किए गए कार्यों की प्रशंसा की। उन्होंने इस तर्ज पर अधिक से अधिक संख्या में अमृत सरोवर के निर्माण हेतु स्थल चयन करने के दिशा-निर्देश उपस्थित अधिकारियों को दिए।  निरीक्षण के दौरान साथ  नवीन कुमार, नारायण बंजारे एवं जिला पंचायत से सहायक परियोजना अधिकारी उपस्थित रहे।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news