मनेन्द्रगढ़-चिरिमिरी-भरतपुर
उत्कृष्ट कार्य करने पर सीएम ने सेमवती तथा सुखमती का किया सम्मान
23-Feb-2024 4:36 PM
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
मनेन्द्रगढ़, 23 फरवरी। राजधानी रायपुर के साइंस कॉलेज ग्राउंड में क्षेत्रीय सरस मेले में मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले की 2 स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को मुख्यमंत्री विष्णु देव साय द्वारा उत्कृष्ट कार्य करने हेतु सम्मानित किया गया।
इस मेले में छत्तीसगढ़ के समस्त जिलों से कुल 133 महिला स्वयं सहायता समूह एवं आसाम, उत्तराखंड, बिहार तथा मध्यप्रदेश के सहायता समूह के सदस्य शामिल हुए थे, जिनमें मुख्यमंत्री द्वारा छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन अंतर्गत उत्कृष्ट कार्य करने वाली सहायता समूह की 26 महिलाओं को सम्मानित किया गया। उत्कृष्ट सकरी महिला श्रेणी में सेमवती विकासखंड खडग़वां एवं उत्कृष्ट कृषि सखी श्रेणी में सुखमती,विकासखंड भरतपुर को सम्मानित किया गया।