दुर्ग

लोकसभा चुनाव देश की जनता की लड़ाई-भूपेश
31-Mar-2024 3:07 PM
लोकसभा चुनाव देश की जनता की लड़ाई-भूपेश

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 31 मार्च।
भाजपा के खिलाफ बोलने की आजादी छीन ली गई है, जिसने भी खिलाफत की उस पर ईडी, आईटी व अन्य एजेंसियों ने शिकंजा कसा है। जिससे लोकतंत्र व संविधान खतरे में आ गया है। यह लोकसभा चुनाव देश की जनता की लड़ाई है। लोकतंत्र को सुरक्षित रखने के लिए यह लड़ाई हमें मिलकर लडऩी है। दुर्ग लोकसभा चुनाव के लिए राजीव भवन (कांग्रेस भवन) में केन्द्रीय चुनाव कार्यालय का उद्घाटन व कार्यकर्ता सम्मेलन में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने उक्त बातें व्यक्त की। 

इस दौरान लोकसभा प्रत्याशी राजेन्द्र साहू के अलावा कांग्रेस के पूर्व मंत्रियों, विधायक, पूर्व विधायकों, जिलाध्यक्षों व नौ विधानसभा क्षेत्रों के कार्यकर्ता मौजूद थे। श्री बघेल ने कहा कि लोकसभा का यह आम चुनाव नहीं है, बल्कि यह खास चुनाव है। इसलिए कांग्रेस कार्यकर्ताओं को मतदाताओं के पास स्थानीय, प्रादेशिक व राष्ट्रीय मुद्दों को लेकर मजबूती के साथ जाना है। इस चुनाव में भाजपा ने 400 पार का नारा दिया है, ताकि वे महापुरुष डॉ. भीमराव अंबेडकर द्वारा तैयार किए गए संविधान में परिवर्तन कर सके।

उन्होंने मोदी की गारंटी पर कटाक्ष करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव में भाजपा ने बड़े-बड़े वादे किए थे, मगर 4 माह के कार्यकाल के बाद भी मोदी की गारंटी को राज्य की भाजपा सरकार धरातल पर नहीं उतार पाई है। कहा गया था कि किसानों को वर्ष 17 और 18 के धान खरीदी का बकाया बोनस दिया जाएगा, लेकिन राज्य सरकार द्वारा वर्ष 14, 15 और 16 के आधार पर बोनस दे दिया गया है, क्योंकि इन वर्षों में छत्तीसगढ़ में अकाल की स्थिति निर्मित हुई थी। यह बोनस की राशि भी सभी किसानों के बैंक खातों में नहीं पहुंची पाई।

इस वर्ष की धान खरीदी की राशि भी किसानों को एकमुश्त  पंचायत भवन में देने का भाजपा ने वादा किया था, लेकिन यह वादा भी झूठा निकला।  बोनस राशि 12 मार्च को दी भी गई, तो किसान अपने बैंक खातों से 30 हजार से ज्यादा की रकम निकाल भी नहीं पा रहे है। महतारी वंदन योजना अंतर्गत मार्च माह में महिलाओं को 1 हजार रुपए बैंक खातों में डाला गया है, अब अगले 3 माह की राशि महिलाओं को कौन देगा? यह बड़ा सवाल बना हुआ है। इस योजना के लिए महिलाओं को बैंको का  चक्कर काटना पड़ा है। उज्जवला योजना में भी राज्य की भाजपा सरकार महिलाओं के साथ छल कर रही है। मोदी की गारंटी को पूरा करने में राज्य की भाजपा सरकार ने कोई दिलचस्पी नहीं दिखाई है, लेकिन राज्य की पूर्व कांग्रेस सरकार की योजनाओं को जरुर साय साय बंद कर दिया गया है। गोबर खरीदी, वर्मी कम्पोस्ट, राजीव युवा मितान क्लब, बेरोजगारी भत्ता, 18 लाख आवास आबंटन एवं अन्य योजनाएं बंद कर दिए गए है। 35 किलो मिलने वाला खाद्यान्न अब 5 किलों मिलेगा। राज्य के पूर्व कांग्रेस सरकार के इन योजनाओं के बंद होने से लोगों को बड़ा नुकसान उठाना पड़ेगा।

श्री बघेल ने भाजपा पर प्रहार करते कहा कि भाजपा का अब चंदा दो धंधा लो नारा बन गया है राज्य की भाजपा सरकार कांग्रेस पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाने से थक नहीं रही है, मगर अब उल्टा भाजपा का भ्रष्टाचार वाला चेहरा सामने आ गया है। कोयला घोटाला में नाम आने वाले चिंतामणि महाराज के भाजपा में प्रवेश करते ही वे मोदी के वाशिंग मशीन में धुलकर साफ हो गए है। खाद्यान्न मामले में राज्य की भाजपा सरकार भ्र्ष्टाचार में लिप्त है। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कार्यकर्ता सम्मेलन में मौजूद कांग्रेस कार्यकर्ताओं व आम लोगों को दुर्ग लोकसभा क्षेत्र के कांग्रेस प्रत्याशी राजेन्द्र साहू को जिताने का आव्हान करते हुए कहा कि राजेन्द्र साहू कांग्रेस के एक सामान्य कार्यकर्ता है। सामान्य कार्यकर्ता पर कांग्रेस ने भरोसा जताया है। इसलिए एक-एक कार्यकर्ता इस चुनाव में अपने आप को प्रत्याशी मानकर कार्य करें और लोकतंत्र व संविधान के लिए खतरा उत्पन्न करने वाले भाजपा को उखाड़ फेंके। कांग्रेस के चुनावी घोषणा पत्र का जिक्र करते हुए कहा कि कांग्रेस नारी न्याय योजना के तहत गरीब महिलाओं को साल में 1 लाख रुपए प्रोत्साहन राशि देगी। इसके अलावा घोषणा पत्र के अन्य योजनाओं को मतदाताओं के घर-घर तक पहुंचाने कार्यकर्ताओं से आव्हान किया। सम्मेलन में पूर्व मंत्री रविन्द्र चौबे, रुद्रकुमार, भिलाई विधायक व बिलासपुर प्रत्याशी देवेन्द्र यादव, वरिष्ठ कांग्रेस नेता प्रदीप चौबे, पूर्व विधायक अरुण वोरा, प्रतिमा चंद्राकर, पूर्व महापौर आरएन वर्मा, मुकेश चंद्राकर, सभापति राजेश यादव, राजकुमार नारायणी, जिला ग्रामीण युवा कांग्रेस अध्यक्ष जयंत देशमुख, सोनू साहू,  संदीप वोरा, शिवाकांत तिवारी, राहुल शर्मा, सुमीत वोरा के अलावा 9 विधानसभा क्षेत्र से बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद थे।
 

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news