दुर्ग

तालाबों को भरने जलाशयों से छोड़ा जाएगा पानी
31-Mar-2024 3:09 PM
तालाबों को भरने जलाशयों से छोड़ा जाएगा पानी

कई जगहों पर नहर के अंदर गंदगी का अंबार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 31 मार्च।
जिले के निस्तारी तालाबों को भरने जलाशयों से शुक्रवार को पानी छोड़ा जाएगा। पानी छोडऩे के पूर्व नहरों में जमा कचरा साफ करने स्थानीय निकायों को जल संसाधन विभाग ने  पत्र लिखा नहर के अंदर कई जगहों पर  गंदगी का अंबार है। इससे पानी का बहाव प्रभावित होगा। वहीं ये गंदगी बहकर तालाबों में जाने से तालाब का पानी भी प्रदूषित होगा।
 गौरतलब है कि गहराते पेयजल संकट के चलते लगातार जिले के विभिन्न क्षेत्रों से निस्तारी तालाबों को करने मांग उठ रही है। पाटन विकास खंड के तर्रा क्षेत्र के कई ग्रामों में निस्तारी की समस्या है। जिला पंचायत उपाध्यक्ष अशोक साहू ने सामान्य सभा में यह मुद्दा उठाते हुए पानी छोडऩे की मांग रखी थी। पाइप की लंबाई बढ़ाने के बाद भी कई हैण्डपंपों में पानी नहीं आ रहा है। तेजी से गर्मी बढऩे के कारण भूजल स्तर काफी नीचे चला गया। इसकी वजह से कई गांवों में बहुत से हैण्डपंप बंद है। 

ऐसी स्थिति में पेयजल संकट का समाधान निकालने पीएचई द्वारा हैण्डपंपों के पाइप की लंबाई बढ़ाई जा रही है। कई हैण्डपंप में 12 पाइप डालने के बाद भी कई हैण्डपंपों में पानी ही नहीं आ रहा है। ऐसे भूजल स्तर बढ़ाने एकमात्र उपाय  जलाशयों से नहरों में पानी छोडक़र निस्तारी तालाबों को भरना है। निस्तारी तालाबों में गर्मी के समय नहर के माध्यम से पानी भरने से हैण्डपंप भी रिचार्ज हो जाते है। 

निस्तारी तालाब भरने से जल्द लोगों को जल संकट से निजात की उम्मीद है। विभिन्न नगरीय निकायों एवं ग्रामीण क्षेत्र से गुजरने वाले नहरों में सिवरेज का पानी भरा है। वहीं कचरे से पट गए। उतई नगर पंचायत से गुजरने वाले खम्हरिया माइनर नहर में उतई में कई जगहों पर सिवरेज का पानी व कचरे का ढेर है। इसी प्रकार रिसाली नगर निगम क्षेत्र से गुजरने वाले नहर की भी कई जगह ऐसी ही स्थिति है।

सभी निकायों को लिखा है पत्र -ईई
तांदुला जलसंसाधन विभाग के ईई सुरेश पाण्डेय का कहना है कि सभी नगरीय निकायों एवं ग्राम पंचायतों निस्तारी तालाबों को भरने वाले अपने क्षेत्र के नहरों की सफाई कराने पत्र लिखा गया।

 

 

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news