बेमेतरा

दुर्ग संसदीय सीट: सबसे ज्यादा भाजपा के लोस प्रत्याशी को मिली लीड
22-Apr-2024 2:43 PM
दुर्ग संसदीय सीट: सबसे ज्यादा भाजपा  के लोस प्रत्याशी को मिली लीड

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बेमेतरा, 22 अप्रैल।
जिला गठन के बाद से जिले में हुए विधानसभा के तीन चुनाव और लोकसभा के दो चुनावों में मतदाताओं के विचार बदलते रहे हैं। तीनों विधानसभा में बेमेतरा विधानसभा में परिवर्तन की स्थिति सबसे अधिक रही है। पर साजा व नवागढ़ क्षेत्र में विधानसभा चुनाव की बढ़त की अपेक्षा लोकसभा चुनाव में दोनों दलो के मतों में भारी अंतर रहा है। इस बार जिले के साजा, बेमेतरा व नवागढ़ विधानसभा में 7 लाख 50 हजार से अधिक मतदाता हैं, जिनका रूख लोकसभा चुनाव में निर्णायक माना जा रहा है।

ज्ञात हो कि जिला गठन के बाद से जिला में 2013, 2018 और 2023 में विधासभा चुनाव हुए हैं। वहीं लोकसभा 2014 और 2019 का निर्वाचन हुआ है। विधानसभा चुनाव के दौरान साजा विधानसभा से 2013 में भाजपा, 2018 में कांग्रेस व 2023 में भाजपा की जीत हुई है। वहीं बेमेतरा विधानसभा में 2013 में भाजपा, 2018 में कांग्रेस और 2023 में भाजपा के विधायक बने हैं। इसी तरह नवागढ़ विधानसभा में 2013 में भाजपा 2018 में कांग्रेस और 2023 में भाजपा का कब्जा रहा। लोकसभा चुनाव की स्थिति देखें तो 2014 के दौरान साजा व नवागढ़ विधानसभा क्षेत्र से भाजपा को बढ़त प्राप्त हुई थी। वहीं बेमेतरा विधानसभा से कांग्रेस को बढ़त मिली थी। इसके बाद 2019 के लोकसभा चुनाव में तीनों विधानसभा से भाजपा को बढ़त मिली। जिला गठन के बाद साजा व नवागढ़ में एक ही पार्टी के सांसद व विधायक दो चुनाव में रहे हैं। जबकि बेमेतरा क्षेत्र मेें लगातार तीन चुनाव में विधायक और सांसद का एक दल के नहीं रहे हैं।

जिले के तीन दावेदार आजमा रहे हैं भाग्य 
जानकारी के अनुसार बेमेतरा जिले के तीन दावेदार लोकसभा के लिए किस्मत अजमा रहे हैं, जिसमें यशवंत सीताराम साहू, भानूप्रताप चतुर्वेदी व अशोक जैन शामिल हैं। विधानसभा निर्वाचन के दौरान भानुप्रताप चतुर्वेदी नवागढ़ व अशोक जैन साजा विधानसभा से चुनाव लड़ चुके हैं। वही यशवंत सीताराम साहू 2018 में बेमेतरा विधानसभा में किस्मत अजाम चुके है। हालांकि आने वाले 22 अप्रैल को नाम वापसी के बाद दावेदारों का नाम साफ हो सकेगा, जिसके बाद चिन्ह आवंटन के बाद प्रत्याशी मैदान में होंगे।

25 दावेदार है दुर्ग लोकसभा में, सोमवार को नाम वापसी
दुर्ग लोकसभा के लिए इस बार स्क्रूटनी के बाद 25 दावेदार मैदान में हैं। इनमें श्याम सुंदर साहू लोकतंत्र कांग्रेस पार्टी, विजय बघेल भारतीय जनता पार्टी, राजेन्द्र साहू इंडियन नेशनल कांग्रेस, डॉ. हरिशचन्द्र साहू निर्दलीय, सविता शैलेन्द्र बंजारे शक्ति सेना (भारत देश), बलदेव साहू निर्दलीय, अशोक जैन निर्दलीय, यशवंत सीताराम साहू भारतीय शक्ति चेतना पार्टी, सुखदेव टंडन राष्ट्रीय जनसभा पार्टी, शंकर ठाकुर गोंडवाना गणतंत्र पार्टी, भानुप्रताप चतुर्वेदी निर्दलीय, अरूण जोशी निर्दलीय, राकेश साहू न्याय धर्मसभा, खिलानंद जसपाल निर्दलीय, अली हुसैन सिद्दकी निर्दलीय, दिलीप रामटेके बहुजन समाज पार्टी, डॉ. अंजु केमे एकम सनातन भारत दल, अनूप कुमार पांडेय निर्दलीय, पुष्पा मैरिसा आंबेडकराइट पार्टी ऑफ इंडिया, शीतकरण महिलवार आजाद समाज पार्टी (कांशीराम), विकास शर्मा लोकशाही एकता पार्टी, संतोष कुमार मारकंडे निर्दलीय, ध्रुव कुमार सोनी उर्फ लंगूर सोनी निर्दलीय, भागबली सिवारे निर्दलीय, हरिचंद ठाकुर निर्दलीय शामिल हैं।

साजा विधानसभा
2013 - लाभचंद बाफना भाजपा 
2018 - रविन्द्र चौबे कांग्रेस 
2023 - ईश्वर साहू भाजपा
बेमेतरा विधानसभा
2013 - अवधेश चंदेल, भाजपा
2018 - आशीष छाबड़ा, कांग्रेस
2023 - दिपेश साहू, भाजपा
नवागढ़ विधानसभा
2013 - दयालदास बघेल, भजपा
2018 - गुरूदयाल बंजारे, कांग्रेस
2023 - दयालदास बघेल, भाजपा
लोकसभा चुनाव 2014
साजा विधानसभा से सरोज पांडेय भाजपा
बेमेतरा विधानसभा ताम्रध्वज साहू कांग्रेस
नवागढ़ विधानसभा से सरोज पांडेय भाजपा को बढ़त मिली।
लोकसभा चुनाव 2019
 साजा विधानसभा से विजय बघेल भाजपा
बेमेतरा विधानसभा विजय बघेल भाजपा  
नवागढ़ विधानभा विजय बघेल भाजपा को बढ़त मिली थी।

जिले में 7 लाख 72 हजार से अधिक मतदाता 
लोकसभा निर्वाचन में इस बार साजा विधानसभा में 252665 मतदाता हैं, जिसमें 126836 पुरूष व 125826 महिला मतदाता हैं। बेमेतरा विधानसभा में 249232 मतदाताओं में 124424 पुरूष व 1244808 महिला मतदाता हैं। नवागढ़ विधानसभा में सबसे अधिक 270291 मतदाता हैं, जिसमें 136925 पुरूष व 133365 महिला मतदाता व एक अन्य मतदाता हैं। जिले के तीनों विधानसभा में 772250 मतदाता हैं। मार्च में जारी सूची के अनुसार दुर्ग लोकसभा में 9 विधानसभा में 2081191 मतदाता हैं। इस लिहाज से बेमेतरा जिले में 35 फीसदी से अधिक मतदाता हैं।
 

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news