कोण्डागांव

तेंदुए की खाल संग 6 गिरफ्तार
19-Jul-2024 9:56 PM
 तेंदुए की खाल संग 6 गिरफ्तार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कोंडागांव, 19 जुलाई। कोंडागांव में 5 लाख के तेंदुए की खाल के साथ 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।

17 जुलाई को वन विभाग को मुखबिर से सूचना मिली कि कोंडागांव वनमंडल में वन्यजीव तस्करी की जा रही है। इस सूचना पर तुरंत कार्रवाई करते हुए वनमंडलाधिकारी रमेश कुमार जांगड़े ने एक टीम का गठन किया।

टीम ने ओडिशा सीमा से सटे गांवों में रेकी शुरू की और आने-जाने वाले वाहनों की जांच की। शाम 5.30 बजे, आरक्षित ग्राम मिरमिंडा के पास, मुख्य मार्ग के किनारे, टीम ने 6 संदिग्ध व्यक्तियों को 3 दोपहिया और एक बोरी के साथ देखा।

 संदेह होने पर, टीम ने संदिग्धों को घेर लिया और उनसे पूछताछ की। बोरी की जांच करने पर, टीम को तेंदुए की एक खाल मिली, जिसे तुरंत जब्त कर लिया गया।

पूछताछ पर, आरोपियों ने अपना नाम मनुराम मरकाम (35 वर्ष) ओडिशा, गणेश गोंड (41 वर्ष) ओडिशा, धनपती पोयाम (46 वर्ष) मिरमिंडा खासपारा, गंगाराम पुजारी (46 वर्ष)ओडिशा, चेरा पुजारी (45 वर्ष) ओडिशा, धनपती मरकाम (54 वर्ष) ग्राम तोरण्डी माकड़ी बताया।

बरामद खाल और अन्य सामानों को जब्त कर लिया गया और मौके पर ही पंचनामा तैयार किया गया। पूछताछ के बाद, वन्यजीव संरक्षण अधिनियम 1972 के तहत सभी 6 आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज किया गया।

18 जुलाई को सभी आरोपियों को न्यायालय मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट, कोंडागांव के समक्ष पेश किया गया, जहां उन्हें 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news