दन्तेवाड़ा

7 लाख के ईनामी नक्सल दंपत्ति का समर्पण
14-Aug-2024 11:13 PM
7 लाख के ईनामी नक्सल दंपत्ति का समर्पण

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

दंतेवाड़ा, 14 अगस्त। दंतेवाड़ा में नक्सली उन्मूलन अभियान में पुलिस को मंगलवार को बड़ी कामयाबी मिली। पुलिस उपमहानिरीक्षक कमलोचन कश्यप, महा निरीक्षक सीआरपीएफ विकास कठेरिया और पुलिस अधीक्षक गौरव राय के समक्ष नक्सली दंपत्ति ने आत्म समर्पण किया।

मलांगीर एरिया कमेटी सदस्य सह प्लाटून मिलिशिया इंचार्ज भीमा उर्फ पवन माड़वी ने घर वापसी की। यह नक्सली अरनपुर थाना अंतर्गत तनेली गांव का निवासी है। भीमा मलांगीर एरिया समिति अंतर्गत नक्सली संगठन में विगत 8 -10 वर्षों से सक्रिय था। यह नक्सली विभिन्न वारदातों में शामिल था। राज्य शासन द्वारा उक्त नक्सली की गिरफ्तारी पर 5 लाख रुपये का पुरस्कार घोषित किया गया था।

इसी क्रम में कांगेर वैली एरिया कमेटी अंतर्गत प्लाटून 31 की सदस्य विमला मडक़ाम पति भीमा उर्फ पवन ने भी पुलिस प्रशासन के समक्ष आत्म समर्पण किया। उक्त नक्सली लीडर कुआकोंडा थाना अंतर्गत ग्राम पंचायत धनीकरका के दुवालीकरका की निवासी है। उक्त महिला नक्सली 5 वर्षों से नक्सली संगठन में सक्रिय थी। इसके विरुद्ध विभिन्न मामलों में अपराध पंजीबद्ध किए गए हैं। राज्य शासन द्वारा उक्त कैडर के नक्सली की गिरफ्तारी पर 2 लाख रुपये का पुरस्कार घोषित किया गया है।

पुलिस अधीक्षक द्वारा आत्मसमर्पित नक्सली दंपत्ति को 25 हजार रुपए प्रत्येक के मान से प्रोत्साहन राशि प्रदान की गई। इस सफलता में जिला आरक्षी बल और बस्तर फाइटर का विशेष योगदान था।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news